जब 18 घंटों से ट्रैक पर फंसी महालक्ष्मी एक्सप्रेस में गर्भवती महिलाओं को हुआ दर्द, जानें कौन बना ‘संकट मोचक’

भारी बारिश के चलते बदलापुर और वांगनी के बीच महालक्ष्मी एक्सप्रेस ट्रैक पर पानी भरने की वजह से फंस गई। ट्रेन में 700 यात्री मौजूद थे, जिन्हें एनडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया है। लेकिन इस दौरन ट्रेन में मौजूद 9 गर्भवती महिलाओं को दर्द झेलना पड़ा।

फोटो: सोशल मीडिया
i

मुंबई के वांगनी में शनिवार के दिन बाढ़ के पानी में करीब 18 घंटे तक फंसी महालक्ष्मी एक्सप्रेस ट्रेन में 9 महीने की एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा हुई। महिला के घबराए परिजनों ने डी-1 बोगी से तत्काल अपील भेजकर उसे तुंरत अस्पताल में पहुंचाने की मदद मांगी। गभर्वती महिला की पहचान रेशमा कांबले के रूप में की गई है, यह महिला प्रसव के लिए मुंबई से कोल्हापुर जा रही थी, लेकिन शुक्रवार की शाम से यह ट्रेन थाने में बाढ़ के पानी में फंसी हुई थी।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रेन में ऐसी ही 9 और महिलाएं भी हैं जो गर्भावस्था के विभिन्न चरणों से गुजर रही हैं। ऐसे में ये महिलाएं भी काफी परेशान हैं और मदद का इंतजार कर रही हैं।

थलसेना, वायुसेना, नौसेना और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) ने चारों ओर से 3-5 फीट पानी में फंसे ट्रेन से लगभग 1,500 यात्रियों को बचाने के लिए सबसे बड़े बचाव अभियानों में से एक की शुरुआत की। ठाणे के संरक्षक मंत्री एकनाथ गायकवाड़ इन बचाव अभियानों का जायजा लेने के लिए बदलापुर पहुंचे और उन्होंने कहा कि रक्षा और एनडीआरएफ के अलावा आसपास के सभी शहरों, गांवों में भी यात्रियों की मदद करने के लिए अपने बचाव दल भेजे हैं।


गौरतलब है कि ट्रैक पर पानी भरने के कारण बदलापुर के करीब वंगानी में पिछले 18 घंटों से फंसी महालक्ष्मी एक्सप्रेस में से 700 यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।

दूसरी ओर मुंबई में शनिवार को भी लगातार भारी बारिश हो रही है, जिसके चलते पूरे शहर में ट्रैफिक की स्थिति चरमरा गई है। मुंबई में कई इलाके जलमग्न हो गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमानों के मुताबिक दिन भर बारिश की संभावना है और अगले 48 घंटे तक पानी होने की संभावना जताई है।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए


Published: 27 Jul 2019, 4:59 PM