'जवाबदेही कब तय होगी?', प्रियंका गांधी का NEET पेपर लीक के बाद छात्र की कथित आत्महत्या पर सरकार से सवाल
ऋतिक मिश्रा ने कथित तौर पर गुरुवार को लखीमपुर खीरी स्थित अपने आवास पर आत्महत्या कर ली। परिवार के अनुसार, ऋतिक ने 3 मई को कानपुर में नीट-यूजी परीक्षा दी थी। परीक्षा रद्द होने के बाद से वह काफी परेशान और मानसिक तनाव का शिकार हो गया।

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में नीट परीक्षा के उम्मीदवार की कथित आत्महत्या पर दुख जताया और कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार होने वाली अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के कारण परीक्षाएं रद्द हो रही हैं, जिससे हर साल लाखों छात्रों का भविष्य बर्बाद हो रहा है।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गाधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''यूपी के लखीमपुर खीरी में छात्र ऋतिक मिश्रा के खुदकुशी का समाचार अत्यंत दुखद है। ऋतिक के शोक संतप्त माता-पिता एवं परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।''
उन्होंने आगे लिखा, ''पीड़ित परिवार के मुताबिक, नीट परीक्षा रद्द होने की वजह से ऋतिक मानसिक तनाव में थे। परीक्षाओं में चल रहा भयानक भ्रष्टाचार युवाओं की जान ले रहा है। हर साल लाखों छात्रों का भविष्य बर्बाद हो रहा है।''
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने आगे सरकार से सवाल पूछते हुए कहा कि यह सिलसिला कब रुकेगा? जवाबदेही कब तय होगी?
ऋतिक मिश्रा ने कथित तौर पर गुरुवार को लखीमपुर खीरी स्थित अपने आवास पर आत्महत्या कर ली। परिवार के अनुसार, ऋतिक ने 3 मई को कानपुर में नीट-यूजी परीक्षा दी थी। परीक्षा रद्द होने के बाद से वह काफी परेशान और मानसिक तनाव का शिकार हो गया। फिलहाल पुलिस इस पूरे घटना की जांच कर रही हैं।
कई परीक्षा केंद्रों से पेपर लीक होने के आरोपों के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने 3 मई को आयोजित हुई नीट-यूजी 2026 परीक्षा रद्द कर दी। अब यह परीक्षा 21 जून को दोबारा आयोजित की जाएगी।
प्रश्नपत्र लीक मामले की जांच फिलहाल केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) कर रही है, जो कथित रैकेट की जांच कर रही है, जिसमें प्रश्नपत्र के लीक होने और प्रसारित होने के तरीके भी शामिल हैं।
अब तक, एजेंसी ने विभिन्न राज्यों में कई छापे मारे हैं और इस मामले के संबंध में सात लोगों को गिरफ्तार किया है।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
