'ज्ञानेश कुमार को कहां छिपा रखा है', तेजस्वी यादव ने बीजेपी की पदयात्रा पर उठाए सवाल
आरजेडी नेता ने कहा कि ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए यह सब हो रहा है और वे सामने क्यों नहीं आते हैं? सवाल उनसे पूछे जा रहे हैं, लेकिन जवाब देने के लिए बीजेपी सामने आ जाती है। तेजस्वी ने कहा कि अब यह बात तो किसी से छिपी नहीं है कि वोटों की चोरी हो रही है।

बीजेपी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को कहां छिपा रखा है
उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए यह सब हो रहा है
अब यह बात तो किसी से छिपी नहीं है कि वोटों की चोरी हो रही है
बीजेपी खुद अराजकता फैलाने वाली पार्टी है
वोट चोरी के खिलाफ राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी इंडिया गठबंधन के आंदोलन का मुकाबला करने के लिए बीजेपी देशभर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान चला रही है। इस अभियान पर तंज कसते हुए आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने बीजेपी से पूछा है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को कहां छिपा रखा है?
बीजेपी खुद अराजकता फैलाने वाली पार्टी
दरभंगा में मीडिया से बातचीत के दौरान आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने मजाकिया अंदाज में तंज कसा। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए यह सब हो रहा है और वे सामने क्यों नहीं आते हैं? सवाल उनसे पूछे जा रहे हैं, लेकिन जवाब देने के लिए बीजेपी सामने आ जाती है। तेजस्वी ने कहा कि अब यह बात तो किसी से छिपी नहीं है कि वोटों की चोरी हो रही है, दो चुनाव आयुक्तों ने शिकायत की। लेकिन, सवालों के जवाब नहीं दिए जा रहे हैं। बीजेपी खुद अराजकता फैलाने वाली पार्टी है।
इसे भी पढ़ेंः बिहार: तेजस्वी यादव ने कानून-व्यवस्था को लेकर सम्राट सरकार पर साधा निशाना, पुलिस को बताया ‘शिकारी’
सम्राट चौधरी के क्राइम वाले बयान पर साधा निशाना
सीएम सम्राट चौधरी के हाल ही में क्राइम और अपराध को अलग-अलग बताने वाले बयान पर तंज कसते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि यह बिहार के लोगों के लिए विडंबना है कि 14 करोड़ लोगों की जिम्मेदारी एक ऐसे व्यक्ति को दी गई है, जो क्राइम और अपराध को अलग-अलग मानते हैं।
अब तो पुलिस से जिंदगी बचानी पड़ रही है
मधुबनी में हुई घटना का जिक्र करते हुए नेता विपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को जनहित में हर गांव, टोला-टोला, गली-गली बड़े-बड़े वैधानिक चेतावनी बोर्ड लगवा देने चाहिए, जिस पर बड़े-बड़े अक्षरों में लिखा हो कि बिहार पुलिस अपराधी प्रकृति की हो गई है और अपनी सुरक्षा खुद करें। पहले लोग अपनी जिंदगी अपराधियों से बचाते थे। अब तो पुलिस से जिंदगी बचानी पड़ रही है और रक्षक ही भक्षक बन चुके हैं।
पूरे राज्य में अपराधियों का बोलबाला
तेजस्वी ने कहा कि मधुबनी में जो घटनाएं हुई हैं, वैसी पहले कभी नहीं देखी गईं। यह बेहद चिंताजनक है कि बिहार में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। पूरे राज्य में अपराधियों का बोलबाला हो गया है। हत्या और बलात्कार की घटनाओं के बिना एक भी दिन नहीं बीतता है। दुर्भाग्य की बात है कि अपराध पर लगाम नहीं लगाया जा रहा है। मधुबनी और दरभंगा जिलों में तो इस तरह की घटनाएं लगातार देखने को मिल रही हैं। लोग पुलिस से तंग आ चुके हैं, क्योंकि जिनके कंधों पर जनता की सुरक्षा का भार है, उनसे जनता का विश्वास उठ गया है और कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
