आखिर क्यों नहीं है अमेरिका के ज़मीनी हमले से स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ के खुलने की संभावना?

जैसे-जैसे अमेरिका ईरान पर 'अंतिम प्रहार' करने और ज़मीनी सैनिकों की मदद से होर्मुज़ पर स्थित कुछ द्वीपों पर कब्ज़ा करने की योजना बना रहा है, सैन्य विशेषज्ञों का मानना है कि इसे बंदूक की नोक पर न तो दोबारा खोला जा सकता है और न ही खुला रखा जा सकता है।

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद से दूसरे देशों के समुद्री इलाकों में खड़े जहाज़ (Getty Images)
i
user

ए जे प्रबल

होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजरानी मार्ग (शिपिंग रूट) मात्र दो समुद्री मील चौड़े हैं और जहाजों को ईरानी द्वीपों और पहाड़ी तटरेखा के विपरीत दिशा में मुड़ना पड़ता है। शिपिंग ब्रोकर एसएसवाई ग्लोबल के अनुसार अलग किस्म के इस रास्ते के कारण ही ईरानी सेनाओं को पनाह मिल जाती है। जलमार्ग के दोनों किनारों पर हज़ार फीट ऊंची चट्टानों के कारण जमीनी सैनिकों के लिए जलमार्ग पर उतरना और उसे नियंत्रित करना लगभग असंभव है। हालांकि ईरान की पारंपरिक नौसेना कथित तौर पर नष्ट हो चुकी है, फिर भी त्वरित आक्रमण नौकाओं (क्विक अटैक बोट्स), मिनी पनडुब्बियों, बारूदी सुरंगों और आत्मघाती ड्रोन और स्पीड बोटों द्वारा किए जाने वाले हमलों आदि के कई विकल्प मौजूद हैं।

होरमुज़ से गुजरने के लिए शिपिंग के दो रास्ते हैं, जिनमें से हर एक दो मील चौड़ा है। इनके उत्तरी तरफ़ ईरान का ऊबड़-खाबड़ समुद्री किनारा और क़िलों से घिरे द्वीपों की एक कतार है—जिनमें क़ेश्म, लारक, होरमुज़ और विवादित अबू मूसा के अलावा ग्रेटर और लेसर तुंब शामिल हैं। इस स्ट्रेट (जलडमरूमध्य) के आठ मुख्य द्वीपों में से सात द्वीप ईरान के हैं। सैन्य विशेषज्ञों का अनुमान है कि केशम से जल-सतह के करीब उड़ने वाली क्रूज़ मिसाइल को स्ट्रेट (जलडमरूमध्य) से गुज़र रहे एक भरे हुए सुपर टैंकर तक पहुंचने में दो मिनट से भी कम समय लगेगा। ईरान पिछले 30 वर्षों से इन द्वीपों को हथियारों से लैस कर रहा है, और रिपोर्टों से पता चलता है कि पिछले 27 दिनों में अमेरिका और इज़राइल द्वारा किए गए हमलों से इन द्वीपों पर ईरान के किसी भी बुनियादी सैन्य ढांचे को कोई खास नुकसान नहीं पहुंचा है।

एआई निर्मित तस्वीर
एआई निर्मित तस्वीर

भले ही अमेरिका में सैन्य विशेषज्ञ इस बात पर सार्वजनिक रूप से बहस कर रहे हैं कि अमेरिका को किस द्वीप पर कब्ज़ा करना चाहिए। उनकी राय खर्ग और केशम के बीच बंटी हुई है, लेकिन भूगोल की जानकारी रखने वाले अन्य लोगों का मानना ​​है कि ज़मीनी हमला एक आत्मघाती कल्पना मात्र है। अमेरिका को न केवल खर्ग द्वीप पर, बल्कि केशम, लारक और अबू मूसा द्वीपों पर भी कब्ज़ा करना होगा; उसे तटों पर मौजूद प्रतिरोध, सुरंगों के जाल, बारूदी सुरंगों के ज़खीरों और 1,000 किलोमीटर लंबी ऊबड़-खाबड़ उत्तरी तटरेखा से निपटना होगा। यह एक ऐसी तटरेखा है जिस पर कब्ज़ा करने की कोशिश किसी भी सेना ने आज तक नहीं की है।

विडंबना यह है कि होर्मुज़ स्ट्रेट 28 फरवरी 2026 तक खुला था, जब इज़रायल और अमेरिका ने ईरान पर हमला किया। इस सैन्य अभियान (ट्रम्प को सलाह दी गई है कि वे इसे युद्ध न कहें, क्योंकि ऐसा करने पर उन्हें अमेरिकी कांग्रेस की मंज़ूरी लेनी पड़ती) के कारण तेल ले जाने वाले टैंकरों पर हमले की धमकियां मिलने लगीं और बीमा कंपनियों ने जोखिम का बीमा करने से इनकार कर दिया, जिससे यह जलमार्ग अवरुद्ध हो गया। चूंकि जहाज़ फ़ारस की खाड़ी में फंस गए थे, इसलिए अमेरिका अब इस युद्ध को और तेज़ करने की योजना बना रहा है, ताकि उस मार्ग को फिर से खोला जा सके जो उसके द्वारा शुरू किए गए इस 'चुनावी युद्ध' से पहले खुला हुआ ही था।


युद्ध से पहले, जहाजों को होर्मुज़ स्ट्रेट (जलडमरूमध्य) से गुज़रने से पहले पश्चिमी बैंकों से बीमा खरीदना पड़ता था। अब ईरान जहाजों से सुरक्षित मार्ग के लिए शुल्क की मांग करके, शिपिंग पर ट्रांज़िट शुल्क लगाने की कोशिश कर रहा है। फ़ार्स न्यूज़ एजेंसी के अनुसार, ईरानी संसद के नागरिक आयोग के प्रमुख ने कहा है कि ईरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ पर अपनी संप्रभुता, नियंत्रण और निगरानी को औपचारिक रूप देने के लिए एक कानून लाने की तैयारी कर रहा है। इस कानून के तहत, होर्मुज़ से गुज़रने वाले जहाज़ों पर टोल लगाया जाएगा, जिससे देश के लिए राजस्व का एक नया स्रोत तैयार होगा। इस योजना के तहत, जहाज़ों को सुरक्षा के बदले वहां से गुज़रने का शुल्क देना होगा; अधिकारी का तर्क है कि इस स्ट्रेट के साथ भी अन्य अंतरराष्ट्रीय गलियारों जैसा ही बर्ताव किया जाना चाहिए, जहां आमतौर पर टोल चुकाया जाता है।

दिक्कत यह है कि खाड़ी के दूसरे देश—खास तौर पर यूएई और ओमान, जिनका खाड़ी के दूसरी तरफ के समुद्री तट पर नियंत्रण है— स्ट्रेट ऑफ हॉरमुज़ पर अपनी संप्रभुता छोड़ने को शायद ही तैयार होंगे। हालांकि, सैद्धांतिक रूप से ईरान, यूएई और ओमान के लिए ट्रांजिट फीस साझा करने पर किसी समझौते तक पहुंचना संभव है, लेकिन व्यवहार में उनके बीच अविश्वास इतना गहरा है कि ऐसा समझौता हो पाना असंभव सा लगता है।

'ईरानी धमकियों' और ट्रांज़िट के लिए लगने वाले टोल को खारिज करते हुए, अमेरिका में यूएई के राजदूत, यूसुफ़ अल ओतैबा ने वॉल स्ट्रीट जर्नल में लिखते हुए, असल में यह घोषणा की है कि यूएई "स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोलने और उसे खुला रखने" के अंतरराष्ट्रीय प्रयासों में शामिल होगा। यूएई स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ के उत्तरी तट पर नियंत्रण रखता है और अपने अधिकारों को छोड़ने का इच्छुक नहीं है। दूसरी ओर, ईरान ने संकेत दिया है कि यदि यूएई अमेरिका को ईरान पर ज़मीनी हमले शुरू करने में मदद करता है, तो वह यूएई के तट पर कब्ज़ा कर लेगा।

इस बीच, 'साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट' ने बताया कि चीन के मालिकाना हक वाला दूसरा लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) कैरियर इस हफ़्ते मंगलवार को होर्मुज़ से गुज़रा। चीन के मालिकाना हक वाला 'लकी गैस' मंगलवार को इस होर्मुज़ से गुज़र कर ईरानी जलक्षेत्र में लारक द्वीप के पास से होते हुए बुधवार सुबह ओमान के सोहर बंदरगाह पर पहुंचा। सूत्रों के अनुसार, इससे पहले 6 मार्च को होर्मुज से पहला एलपीजी जहाज़ 'दानुता’ गुज़रा था। इस बीच, चीन की समुद्री क्षेत्र की दिग्गज कंपनी 'कोस्को शिपिंग' की कंटेनर शाखा 'कोस्को शिपिंग लाइन्स' ने बुधवार को मध्य-पूर्वी बंदरगाहों के लिए बुकिंग फिर से शुरू कर दी, जिनमें संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, बहरीन, कतर, कुवैत और इराक शामिल हैं।स खबर का स्वागत कर रहे हैं कि आखिरकार चीनी जहाज़ होर्मुज से गुज़रने लगे हैं।


इसे उम्मीद की एक निशानी के तौर पर देखा जा रहा है; कि कोई समाधान बस आने ही वाला है। जैसा कि ट्रंप ने बार-बार ज़ोर देकर कहा है, अमेरिका का होर्मुज़ में खाड़ी देशों के हितों की रक्षा करने के अलावा कोई और स्वार्थ नहीं है; इन देशों को होर्मुज़ के रास्ते ही तेल बेचना होता है और भोजन व ज़रूरी सामान मंगाना होता है। जापान, चीन, दक्षिण कोरिया, फिलीपींस, भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, श्रीलंका और नेपाल जैसे एशियाई देशों को सबसे ज़्यादा नुकसान उठाना पड़ेगा, अगर यह स्ट्रेट ज़्यादा समय तक बंद रहता है। ये सभी देश उम्मीद लगाए बैठे हैं और चुपचाप इस खबर का स्वागत कर रहे हैं कि आखिरकार चीनी जहाज़ होर्मुज से गुज़रने लगे हैं।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia