किसान आंदोलन क्यों नहीं हो रहा खत्म? इस पर नितिन गडकरी का बड़ा बयान, अन्नदाता से की ये खास अपील

केंद्रीय मंत्री गडकरी ने आगे कहा कि कुछ तत्व ऐसे हैं जो इस आंदोलन का फायदा लेकर किसानों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। हमारी सरकार गांव, गरीब, मजदूर, किसान के हितों के लिए समर्पित है, जो भी नए सुझाव किसान देंगे उसे स्वीकारने के लिए तैयार है।

फोटो: सोशल मीडिया
i

तीनों कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग को लेकर दिल्ली की सीमाओं पर किसान डटे हुए हैं। किसान पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। किसानों के आंदोलन को खत्म कराने के लिए तरह तरह के हथकंडे अपना रही है। इस बीच किसानों के आंदोलन को लेकर बीजेपी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का बयान आया है। नितिन गडकरी ने कहा, “किसानों को तीनों कानूनों पर चर्चा करनी चाहिए। हमारे कृषि मंत्री इसके लिए तैयार हैं।”

गडकरी ने आगे कहा, “कुछ तत्व ऐसे हैं जो इस आंदोलन का फायदा लेकर किसानों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। हमारी सरकार गांव, गरीब, मजदूर, किसान के हितों के लिए समर्पित है, जो भी नए सुझाव वो (किसान) देंगे उसे स्वीकारने के लिए तैयार है। हमारी सरकार में किसानों के साथ कोई अन्याय नहीं होगा।”


केंद्रीय मंत्री ने कहा, “राजनीतिक नेताओं का राजनीति करने का अधिकार है। सही बात राजनीतिक पार्टियां बताएं, किसान संगठन या किसान बताएं हम वो बदलाव करने के लिए तैयार हैं। इस विषय को सब राजनीति से दूर रखेंगे तो किसानों की भलाई होगी।”

निती गडकरी ने कहा, “हमारे देश में क्रूड ऑयल का 8 लाख करोड़ का आयात इसके बजाय हम दो लाख करोड़ की इथेनॉल की अर्थव्यवस्था बनाना चाहते हैं। अभी वो केवल 20,000 करोड़ की है। अगर यह दो लाख करोड़ की अर्थव्यवस्था बनेगी तो एक लाख करोड़ किसानों की जेब में जाएंगे।

गडकरी ने सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजार द्वारा दी गई आंदोलन की चेतावनी पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि अन्ना हजारे जुडेंगे (किसान आंदोलन से), क्योंकि हमने किसानों का कोई अहित नहीं किया। अन्ना हजारे ने केंद्र सरकार को चेतावनी भरे लहजे में कल कहा था कि अगर सरकार किसानों की मांगों का हल नहीं निकालेगी तो वो इस मुद्दे पर आंदोलन करेंगे। इसी पर गडरी ने प्रतिक्रिया दी है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए


Published: 15 Dec 2020, 8:31 AM