ओडिशा के राउरकेला में दुनिया का सबसे बड़ा हॉकी स्टेडियम तैयार, 5 जनवरी को उद्घाटन, झारखंड बनेगा गौरव का सहभागी

वर्ल्ड कप हॉकी का पहला मैच इस स्टेडियम में 13 जनवरी भारत और स्पेन के बीच होगा। विश्व कप के सभी मैच भुवनेश्वर और राउरकेला में होंगे। इसमें 16 देशों के बीच कुल 44 मैच खेले जाएंगे। इनमें से 20 मैच राउरकेला के इस नए हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे।

फोटोः IANS
फोटोः IANS
user

नवजीवन डेस्क

ओडिशा के राउरकेला में बना विश्व का सबसे विशाल हॉकी स्टेडियम आगामी 13 जनवरी से वर्ल्ड कप हॉकी के मुकाबलों के लिए तैयार है। इसके पहले 5 जनवरी को जब इस स्टेडियम का उद्घाटन होगा, तो यह तारीख ओडिशा और झारखंड के खेल इतिहास में यादगार क्षण के रूप में दर्ज हो जाएगा, क्योंकि स्टेडियम के उद्घाटन के मौके पर यहां हॉकी का पहला मैच झारखंड और ओडिशा की जूनियर पुरुष टीम के बीच खेला जाएगा।

इस स्टेडियम का नामकरण देश के महान जनजातीय नायक और स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर किया गया है। बिरसा मुंडा की जन्मभूमि और कर्मक्षेत्र झारखंड है, लेकिन अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ उनके उलगुलान (क्रांति) की चेतना देश के कई हिस्सों में फैली थी। जनजातीय समाज में उन्हें भगवान का दर्जा दिया जाता है। राउरकेला में निर्मित दुनिया का सबसे बड़ा हॉकी स्टेडियम उन्हीं की पावन स्मृतियों को समर्पित है।


15 एकड़ में फैला यह स्टेडियम दुनिया का पहला इको फ्रेंडली हॉकी स्टेडियम है। स्टेडियम में दर्शकों की क्षमता 27 हजार है। खासियत यह है कि यहां हर सीट की बनावट ऐसी है कि दर्शक दुनिया के किसी भी स्टेडियम के मुकाबले मैदान के ज्यादा करीब होंगे। स्टेडियम में प्रैक्टिस पिच और चेंजिंग रूम को जोड़ने के लिए टनल बनाई गई है। फिटनेस सेंटर, रिकवरी केंद्र और पिच के पास हाइड्रोथेरेपी पूल बनाया गया है।

इस स्टेडियम से जुड़े दो होटल हैं, जहां वर्ल्ड कप हॉकी में भाग लेने पहुंचने वाले देश-विदेश के खिलाड़ी ठहरेंगे। स्टेडियम पूरी तरह से भूकंप रोधी है। स्टेडियम को मौसम के अनुकूल रखने के लिए 250 एचपी डक्टबल एसी यूनिट लगाई गई है। करीब 300 करोड़ की लागत से बने इस स्टेडियम का डिजाइन बीजू पटनायक यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी के इंजीनियरों ने तैयार किया है।


वर्ल्ड कप हॉकी मुकाबले का पहला मैच इस स्टेडियम में 13 जनवरी भारत और स्पेन के साथ शाम में होगा। विश्व कप के सभी मैच ओडिशा के भुवनेश्वर और राउरकेला में आयोजित होने हैं। इस प्रतियोगिता में 16 देशों के बीच कुल 44 मैच खेले जाएंगे। इनमें से 20 मैच बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम राउरकेला में खेले जाएंगे।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia