'भले इंसान को एक तानाशाह मारने पर तुला', सत्येंद्र जैन की सेहत पर केजरीवाल का मोदी सरकार पर हमला

जेल में बंद पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को तिहाड़ जेल के वॉशरूम में फिसल जाने के बाद दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को सत्येंद्र जैन के स्वास्थ्य को लेकर चिंता व्यक्त की और आप नेताओं को निशाना बनाने के लिए केंद्र सरकार पर हमला बोला। जेल में बंद पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को तिहाड़ जेल के वॉशरूम में फिसल जाने के बाद दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया।

केजरीवाल ने ट्वीट में कहा, जो इंसान जनता को अच्छा इलाज और अच्छी सेहत देने के लिए दिन-रात काम कर रहा था, आज उस भले इंसान को एक तानाशाह मारने पर तुला है। उस तानाशाह की एक ही सोच है - सबको खत्म कर देने की, वो सिर्फ मैं में ही जीता है। वो सिर्फ खुद को ही देखना चाहता है। भगवान सब देख रहे हैं, वो सबके साथ न्याय करेंगे। ईश्वर से सत्येंद्र जी के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। भगवान उन्हें इन विपरीत परिस्थितियों से लड़ने की शक्ति दें।


आपको बता दें, दिल्ली सरकार में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को तिहाड़ जेल से पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि सत्येंद्र जैन तिहाड़ जेल के बाथरूम में चक्कर आने से गिर गए थे। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया है।


बीते एक हफ्ते में यह दूसरी बार जब सत्येंद्र जैन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खबरों के मुताबिक, जैन को पहले भी रीढ़ की हड्डी में चोटें आई थीं। सत्येंद्र जैन मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में करीब एक साल से तिहाड़ जेल में बंद हैं। हाल ही में उन्होंने अपने स्वास्थ्य का हवाला देते हुए सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल किया था। उन्होंने हलफनामे में बताया था कि जेल में रहने के दौरान उनका वजन 30 किलो घट गया है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia