दिल्ली में अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही यमुना, जलस्तर घटा, लेकिन परेशानी बरकरार, कई इलाकों में जलजमाव

पहाड़ों में लगातार भारी बारिश हो रही है। ऐसे में यमुना नदी में बाढ़ का खतरा अभी भी बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदियों में नहाने, तैरने या सेल्फी लेने की कोशिश ना करें।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर लगातार घट रहा है। दिल्ली में सुबह 7 बजे यमुना का जलस्तर 205.71 मीटर दर्ज किया गया। हालांकि अभी भी यमुना खतरे के निशान के ऊपर बह रही है। ऐसे में निचले इलाकों में पानी भरा हुआ है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। दिल्ली सरकार ने बाढ़ प्रभावितों से अपील की है कि वे अभी राहत शिविरों में ही रहें और वापस अपने घर न जाएं।

पहाड़ों में लगातार भारी बारिश हो रही है। ऐसे में यमुना नदी में बाढ़ का खतरा अभी भी बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदियों में नहाने, तैरने या सेल्फी लेने की कोशिश ना करें। दिल्ली से सटे हरियाणा के फरीदाबाद में पिछले दो दिनों में अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि तीन शव रविवार शाम को बरामद किए गए, जबकि एक शव सोमवार को बाढ़ग्रस्त यमुना से निकाला गया।


दिल्ली के जिन इलाकों में पानी भरा हुआ है, वहां अभी भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राजघाट में अब भी जलजमाव की स्थिति है। निकासी का काम जारी है। बुराड़ी विधानसभा के कई इलाकों में नाले ओवरफ्लो होने के चलते कई जगह जलजमाव है। जलजमाव का असर बुराड़ी थाने इलाके में भी देखने को मिला। कई सरकारी दफ्तरों में पानी भर गया है।

वहीं, मौसम विभान ने दिल्ली- एनसीआर में आज भी बारिश की संभावना जताई है। इसी के साथ आज दिल्ली में आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे और मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है, जिसकी वजह से अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia