यशवंत सिन्हा ने कहा, मोहम्मद बिन तुगलक की तरह बर्ताव करते हैं पीएम मोदी, देश के संस्थानों को किया बर्बाद

यशवंत सिन्हा ने कहा कि मोदी सरकार ने मंत्रिमंडल समेत देश के विभिन्न संस्थानों को बर्बाद कर दिया है। उन्होंने कहा कि इसकी सबसे बड़ी मार मंत्रिमंडल पर पड़ी है। उन्होंने कहा कि मैं ऐसा इसलिए कह रहा हूं, क्योंकि कैबिनेट को बिना बताए फैसले लिए जा रहे हैं।

फोटो: सोशसल मीडिया
i

पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बड़ा हमला बोला है। तृणमूल कांग्रेस की ओर से आयोजित एक टॉक शो ‘आइडिया ऑफ बंगाल' में उन्होंने कहा कि पीएम मोदी मोहम्मद बिन तुगलक की तरह बर्ताव करते हैं।

सिन्हा ने कहा, “जिस तरह से मोहम्मद बिन तुगलक कभी अपनी राजधानी दिल्ली से दौलताबाद ले जाता है, और कभी चमड़े का सिक्का चलवाता है। उसकी हरकतों की वजह से उसे इतिहास में पागल बादशाह का खिताब दिया गया है। ठीक उसी तरह का आचरण हमारे प्रधानमंत्री कर रहे हैं।”

यशवंत सिन्हा यहीं नहीं रुके। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने केन्द्रीय मंत्रिमंडल समेत देश के विभिन्न संस्थानों को बर्बाद कर दिया है। उन्होंने कहा कि इसकी सबसे बड़ी मार केन्द्रीय मंत्रिमंडल पर पड़ी है। पूर्व बीजेपी नेता ने कहा, “मैं ऐसा इसलिए कह रहा हूं, क्योंकि मंत्रिमंडल को बताए बगैर अहम फैसले लिए जा रहे हैं।”

अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में वित्त और विदेश मंत्रालयों का कामकाज संभाल चुके सन्हा ने कहा कि मोदी के बर्बर फैसले की दूसरी सबसे बड़ी मार संसद पर पड़ी है। मोदी सरकार पर आरोप लगाते हुए सिन्हा ने कहा कि सरकार ने कई अहम विधेयकों को पारित कराने के दौरान राज्यसभा को कमजोर करने की कोशिश की।

सिन्हा ने कहा कि मोदी सरकार के इस तरह के आचरण और नीतियों को देखते हुए उन्होंने तय किया है कि अगर कोई व्यक्ति या संगठन पीएम मोदी के खिलाफ बोलने के लिए बुलाएगा तो मैं उस मंच पर जरूर जाऊंगा।

इससे पहले बीजेपी में रहते हुए भी यशवंत सिन्हा ने मोदी सरकार और उसके फैसलों की कड़ी आलोचना थी। कुछ महीनों पहले यशवंत सिन्हा ने बीजेपी से खुद को अलग कर लिया था।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए


Published: 10 Dec 2018, 9:44 AM