25 लाख फ्री टैबलेट पर कांग्रेस का योगी सरकार पर हमला, सुरेंद्र राजपूत बोले- चुनाव आते ही रेवड़ी शुरू
यूपी में 25 लाख छात्रों को फ्री टैबलेट देने के योगी सरकार के फैसले पर कांग्रेस ने हमला बोला है। सुरेंद्र राजपूत ने इसे चुनावी स्टंट बताया है।

उत्तर प्रदेश सरकार के युवाओं को 25 लाख टैबलेट देने के कैबिनेट फैसले पर कांग्रेस ने तीखा हमला बोला है। कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने इसे चुनावी स्टंट करार देते हुए कहा कि चुनाव नजदीक आते ही योगी सरकार ने ‘रेवड़ी बांटना’ शुरू कर दिया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब 2022 में टैबलेट देने का वादा किया गया था तो इसे पहले ही क्यों नहीं पूरा किया गया।
‘पांच साल से कहां थे, चुनाव पास आते ही रेवड़ी शुरू’
लखनऊ में आईएएनएस से बातचीत में सुरेंद्र राजपूत ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “अब चुनाव पास हैं तो रेवड़ी बांटना शुरू कर दिया है। पिछले पांच साल से वे कहां थे? वादा 2022 में किया था, क्या कहा था कि 2027 में पूरा करेंगे?”
उन्होंने सरकार पर झूठ, धोखे और छल-कपट से काम करने का आरोप लगाया और कहा कि युवाओं को बेवकूफ बनाया जा रहा है। राजपूत ने कहा कि जब टैबलेट देने का वादा किया गया था, तभी उन्हें दे देना चाहिए था। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में इन टैबलेट को अपग्रेड कर इंडिया ब्लॉक की सरकार कंप्यूटर देगी।
फ्री बस यात्रा पर भी कांग्रेस ने साधा निशाना
बुजुर्ग महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा को कैबिनेट की मंजूरी दिए जाने के फैसले पर भी कांग्रेस प्रवक्ता ने योगी सरकार को घेरा। राजपूत ने इसे “जुमलेबाजों की सरकार” बताते हुए कहा कि कांग्रेस शासित राज्यों में ऐसी व्यवस्था पहले से लागू है।
उन्होंने कहा कि अगर सरकार को वास्तव में कुछ करना है तो बुजुर्ग महिलाओं के बच्चों को नौकरी देनी चाहिए। राजपूत ने दावा किया कि 13 लाख पद खाली हैं, लेकिन नौकरियां नहीं दी जा रही हैं। उन्होंने बेटियों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया और कहा कि राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के आंकड़ों के मुताबिक उत्तर प्रदेश में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं।
राजपूत ने दलितों के साथ दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए राम मंदिर में चढ़ाए गए पैसे की कथित चोरी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार को इन मुद्दों पर काम करना चाहिए।
मायावती पर भी सुरेंद्र राजपूत का हमला
बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती के पंजाब विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने के ऐलान पर भी सुरेंद्र राजपूत ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मायावती को कांग्रेस या इंडिया ब्लॉक की ओर से गठबंधन में शामिल होने का कोई निमंत्रण दिया ही नहीं गया है।
राजपूत ने कहा, “मायावती को किसने निमंत्रण दिया है कि वह हमारे साथ चुनाव लड़ें? ये अकेले लड़ें। भारतीय जनता पार्टी का समर्थन करें।” उन्होंने मायावती पर भारतीय जनता पार्टी के समर्थन में बयान देने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस समय वह इसी वजह से जानी जा रही हैं।
उन्होंने मायावती के भतीजे आकाश आनंद का भी जिक्र किया। राजपूत ने कहा कि आकाश आनंद राहुल गांधी और अखिलेश यादव को ‘अंकल’ कहते हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘दादा’ नहीं कहते। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मायावती हर तीसरे दिन एक्स पर ऐसी पोस्ट करती हैं, जिनमें भारतीय जनता पार्टी का समर्थन और इंडिया ब्लॉक का विरोध होता है।
‘इंडिया ब्लॉक पूरी तरह एकजुट, पानी की तरह है’
इंडिया ब्लॉक के नेतृत्व को लेकर पूछे गए सवाल पर कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि विपक्षी गठबंधन सामूहिक नेतृत्व में काम करता है। उनके मुताबिक, जहां कोई सहयोगी दल मजबूत होता है, वहां वही नेतृत्व करता है।
राजपूत ने कहा कि पूरे देश में राहुल गांधी नेतृत्व कर रहे हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव सरकार-विरोधी गठबंधन का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब राष्ट्रीय नैरेटिव की बात आती है तो सभी सहयोगी राहुल गांधी के साथ मजबूती से खड़े होते हैं।
उन्होंने राहुल गांधी की हिरासत का जिक्र करते हुए कहा कि जब पुलिस राहुल गांधी को हिरासत में ले रही थी, तब अखिलेश यादव और सुप्रिया सुले आगे आए और अपनी सुरक्षा की परवाह किए बिना उनके समर्थन में आवाज उठाई। राजपूत ने इंडिया ब्लॉक की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा, “इंडिया ब्लॉक पूरी तरह से एकजुट है, पानी की तरह, उस पर डंडे से वार करने से उसकी एकता पर कोई असर नहीं पड़ेगा।”
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
