प्रियंका गांधी के आगे झुकी योगी सरकार, चार लोगों के साथ आगरा के लिए रवाना, लखनऊ पुलिस ने हिरासत में लिया था

मंगलवार को आगरा के जगदीशपुरा थाने से 25 लाख रुपये की चोरी के आरोपी अरुण वाल्मीकि की कथित तौर पर पुलिस हिरासत में मौत हो गई थी। अरुण थाने के मालखाना में सफाईकर्मी था। पुलिस ने फिलहाल मामला दर्ज कर पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।

फोटोः सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

उत्तर प्रदेश के आगरा में पुलिस हिरासत में मारे गए एक दलित व्यक्ति के परिवार से मिलने जा रहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को आज लखनऊ एक्सप्रेस वे पर हिरासत में लेने के बाद आखिरकार योगी सरकार ने चार लोगों के साथ आगरा जाने की इजाजत दे दी है। प्रिंयंका गांधी यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, आचार्य प्रमोद कृष्णम और एमएलसी दीपक सिंह के साथ आगरा के लिए रवाना हो गई हैं।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को बुधवार को लखनऊ पुलिस ने लखनऊ एक्सप्रेसवे पर उस समय हिरासत में ले लिया, जब वह पुलिस हिरासत में मारे गए एक सफाईकर्मी के परिवार के सदस्यों से मिलने के लिए आगरा जा रही थीं। उत्तर प्रदेश में प्रियंका गांधी को पिछले 17 दिनों में आज दूसरी बार पुलिस हिरासत में लिया गया। इससे पहले लखीमपुर खीरी जाने के दौरान उन्हें सीतापुर में हिरासत में लिया गया था।


हिरासत में लेने के बाद लखनऊ पुलिस ने कहा कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को हिरासत में लिया गया है, क्योंकि सीआरपीसी की धारा 144 लागू थी। इससे पहले प्रियंका गांधी को पुलिस ने लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर रोक लिया था। पुलिस ने इसका कारण बताते हुए कहा कि आगरा के जिलाधिकारी ने एक शख्स की मौत के बाद किसी भी राजनीतिक व्यक्ति को वहां नहीं जाने देने का निर्देश दिया है। प्रियंका को हिरासत में लिए जाने पर लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर भारी हंगामा भी हुआ।

हालांकि कुछ समय तक हिरासत में रखे जाने के बाद प्रियंका गांधी को यूपी पुलिस ने चार लोगों के साथ आगरा जाने की अनुमति दे दी। इजाजत के बाद वह आगरा के लिए रवाना हो गई हैं। रवाना होने से पहले प्रियंका गांधी ने कहा कि मुझे 4 लोगों के साथ आगरा जाने की अनुमति मिल गई है। मैं पीड़ित के परिजनों से मिलूंगी।


मंगलवार को आगरा के जगदीशपुरा थाने से 25 लाख रुपये की चोरी के आरोपी अरुण वाल्मीकि की कथित तौर पर पुलिस हिरासत में मौत हो गई थी। अरुण थाने के मालखाना में सफाईकर्मी था। पुलिस के अनुसार उसने शनिवार की रात कथित तौर पर पैसे चुराए थे। आगरा के एसएसपी मुनिराज ने कहा कि मंगलवार की रात अरुण अचानक उस समय बीमार पड़ गया, जब चोरी के पैसे की बरामदगी के लिए उसके घर छापेमारी हो रही थी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia