कृषि कानूनः कांग्रेस के राजभवन मार्च से घबराई योगी सरकार, घेराव से पहले अजय लल्लू समेत कई नेता गिरफ्तार

विवादित कृषि कानूनों के खिलाफ कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के आह्वान पर आज उत्तर प्रदेश में भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने किसान अधिकार दिवस मनाया। इस दौरान राजभवन का घेराव करने जा रहे प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू समेत कई नेताओं को यूपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

फोटोः @INCUttarPradesh
i

मोदी सरकार के विवादित कृषि कानूनों के खिलाफ कांग्रेस ने आज पूरे देश में सड़कों पर उतरते हुए किसान अधिकार दिवस मनाया। इस प्रदर्शन के दौरान कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध जताने के लिए देश भर में राजभवनों तक मार्च कर घेराव की कोशिश की गई। इस दौरान उत्तर प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के तेवर को देखते हुए योगी सरकार ने मार्च से पहले ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष समेत पार्टी के कई नेताओं को गिरफ्तार करवा लिया।

शुक्रवार की सुबह यूपी राजभवन का घेराव करने जा रहे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और उनके समर्थकों को यूपी पुलिस ने उनके घर के पास से ही हिरासत में ले लिया। वहीं एमएलसी दीपक सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार नेताओं को यूपी पुलिस इको गार्डन ले गई। इनके अलावा विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा मोना को पुलिस ने उनके घर में ही नज़रबंद कर दिया।

योगी सरकार की इस कार्रवाई के बावजूद बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजभवन पहुंचने का प्रयास किया, जिस कारण कई जगहों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर झड़प भी हुई। यूपी पुलिस की इस कार्रवाई पर अजय लल्लू ने कहा कि योगी आदित्यनाथ सरकार शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने के लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस तरह के उत्पीड़न के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगी।

बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मोदी सरकार के विवादित कृषि कानूनों के खिलाफ पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से 15 जनवरी को किसान अधिकार दिवस मनाने का आह्वान किया था। इसी के तहत आज देश के कई राज्यों के साथ केंद्र शासित प्रदेशों में कांग्रेस ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। राजधानी दिल्ली में प्रदर्शन की कमान खुद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने संभाली और एलजी आवास के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन किया। इससे पहले राहुल गांधी चंदगी राम अखाड़े से राज्यपाल आवास तक मार्च किया। इस दौरान उनके साथ सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए


Published: 15 Jan 2021, 4:08 PM