हाथरस पर राहुल-प्रियंका के आगे झुकी योगी सरकार, 5 लोगों को पीड़ित परिवार से मिलने की दी मंजूरी

हाथरस गैंगरेप पीड़िता के परिवार से मिलने निकले राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के तेवर को देखते हुए आखिरकार योगी सरकार झुक गई है। कांग्रेस सांसदों के साथ डीएनडी पहुंचे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को सरकार ने कुल 5 लोगों के साथ हाथरस जाने की अनुमति दे दी है।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

हाथरस गैंगरेप कांड में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के आंदोलनकारी तेवरों के आगे आखिरकार उत्तर प्रदेश की योगी सरकार शनिवार को झुक ही गई। उत्तर प्रदेश सरकार ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत पांच लोगों को हाथरस जाने की इजाजत दे दी है। हालांकि, राहुल और प्रियंका आज करीब 35 सांसदों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ डीएनडी पहुंचे थे, मगर बाकियों को हाथरस जाने की इजाजात नहीं दी गई है। केवल राहुल और प्रियंका समेत पांच लोग ही हाथरस जा सकते हैं।

इससे पहले शनिवार दोपहर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी हाथरस जाने के ऐलान के साथ पार्टी के करीब 35 सांसदों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ दिल्ली से निकले। कांग्रेस दफ्तर से राहुल और प्रियंका का काफिला डीएनडी होते हुए हाथरस जाने के लिए निकला था। राहुल-प्रियंका एक ही गाड़ी में बैठे थे और गाड़ी खुद प्रियंका चला रही थीं। वहीं यूपी पुलिस ने डीएनडी पर धारा-144 लगाते हुए पहले से ही भारी सुरक्षा बंदोबस्त कर रखा था। वहां भारी पुलिस बल तैनात कर किसी को भी आगे नहीं जाने की पूरी तैयारी थी।

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का काफिला पार्टी सांसदों हजारों कार्यकर्ताओं के साथ डीएनडी पहुंचा तो पुलिस ने उसे वहां रोक दिया। पुलिस का कहना था कि वह उन्हें आगे नहीं जाने देगी। इसके बाद कांग्रेस नेता भी अड़ गए। इसके बाद नोएडा के जॉइंट सीपी लव कुमार और डिप्टी कमिश्नर रणवीर सिंह ने राहुल गांधी से बात की और उसके बाद 5 लोगों को हाथरस जाने की अनुमति दे दी। कांग्रेस नेताओं को हाथरस जाने की अनुमति कुछ शर्तों पर दी गई है, जिसमें मास्क लगाना और कोरोना से जुड़े अन्य प्रोटोकॉल का पालन करना शामिल है।

फोटोः बिपिन
फोटोः बिपिन

इसके बाद वहां जारी गहमागहमी के बीच प्रशासन ने राहुल और प्रियंका गांधी को हाथरस जाने की इजाजत दे दी, लेकिन केवल पांच लोगों को ही जाने की इजाजात दी गई। इसके बाद राहुल और प्रियंका हाथरस के लिए निकल गए। मगर उनके साथ भारी संख्या में आए कांग्रेस कार्यकर्ता अभी भी डीएनडी पर ही मौजूद हैं। इस बीच खबरें आ रही हैं कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डीएनडी से हटाने के लिए पुलिस उन पर लाठीचार्ज कर रही है।

फोटोः बिपिन
फोटोः बिपिन

गौरतलब है कि हाथरस पीड़िता की मौत के बाद गुरुवार को ग्रेटर नोएडा में उस वक्त काफी बवाल हुआ था जब राहुल गांधी और प्रियंका गांधी एक्सप्रेसवे होते हुए हाथरस जाने के लिए निकले थे। यूपी पुलिस ने उन्हें वहां जाने की इजाजत नहीं दी। और इस दौरान पुलिस ने कांग्रेस नेताओं पर लाठीचार्ज कर दिया। यहां तक कि इस दौरान यूपी पुलिस ने राहुल गांधी के साथ भी धक्कामुक्की कर उन्हें गिरा दिया था। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने राहुल और प्रियंका गांधी को हिरासत में लिया था और बाद में उन्हें छोड़ दिया था।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 03 Oct 2020, 4:49 PM