बकरीद से पहले योगी की धमकी! कहा- शिफ्ट में पढ़ें नमाज, लेकिन सड़क पर नहीं, माने तो ठीक, वर्ना बरेली...

योगी ने कहा कि हम अराजकता सड़कों पर नहीं पलने देंगे। प्यार से मानेंगे तो ठीक, नहीं मानेंगे तो दूसरा तरीका अपनाएंगे। हमारा काम है संवाद बनाना, संवाद से मानेंगे तो संवाद से नहीं तो संघर्ष से भी देख लो। बरेली में लोगों ने ताकत आजमाने का काम किया, देख ली ताकत।

बकरीद से पहले योगी की धमकी! कहा- शिफ्ट में पढ़ें नमाज, लेकिन सड़क पर नहीं, माने तो ठीक, वर्ना बरेली...
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने सोमवार को अप्रत्यक्ष रूप से बकरीद से पहले मुसलमानों को चेतावनी देते हुए कहा कि नमाज पढ़नी आवश्यक है तो शिफ्ट में पढि़ए, हम उसको नहीं रोकेंगे, लेकिन सड़क पर नमाज नहीं पढ़ने देंगे। प्यार से माने तो ठीक वर्ना बरेली का उदाहरण सामने है। योगी ने कहा, ''हम सड़कों पर अराजकता नहीं पलने देंगे। प्यार से मानेंगे तो ठीक बात है, नहीं मानेंगे तो दूसरा तरीका अपनाएंगे।'' मुस्लिम समुदाय का प्रमुख पर्व बकरीद इस महीने की 28 तारीख को मनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी एक प्रमुख समाचार पत्र के स्थापना दिवस पर सोमवार को लखनऊ में आयोजित ''संवाद उत्तर प्रदेश: स्वर्ण शताब्दी की ओर' कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्‍होंने कहा कि ''बाहर लोग पूछते हैं कि क्या यूपी में सड़कों पर नमाज नहीं होती, मैं कहता हूं कि कतई नहीं होती। जाकर देख लीजिए, नहीं होती है।''


उन्होंने जोर देकर कहा कि ''सड़कें चलने के लिए हैं, या कोई भी व्यक्ति आकर चौराहे पर तमाशा बना देगा। क्‍या अधिकार है उसको सड़क रोकने का और आवागमन बाधित करने का उसको कौन सा अधिकार है।'' योगी ने कहा, ''जहां उसका स्‍थल होगा वहां जाकर पढ़े। उन लोगों ने कहा कि कैसे होगा, हमारी संख्या ज्यादा है, क्या करें, तो हमने कहा कि शिफ्ट में पढ़ लो। नमाज पढ़नी आवश्यक है तो आप शिफ्ट में पढि़ये। हम उसको रोकेंगे नहीं, लेकिन सड़क पर नहीं पढ़ने देंगे।''

सीएम योगी ने फिर दोहराया, ''सड़क चलने के लिए है, आम नागरिक के लिए है, बीमार व्यक्ति के लिए है, एक कर्मचारी के लिए, एक सामान्य नागरिक के लिए, एक व्यापारी के लिए, हम सड़क को बाधित नहीं करने देंगे। सरकार का नियम सार्वभौम है जो सबके लिए समान रूप से लागू होता है।''

सीएम योगी ने आगे कहा कि ''हम अराजकता सड़कों पर नहीं पलने देंगे। प्यार से मानेंगे तो ठीक बात है, नहीं मानेंगे तो दूसरा तरीका अपनाएंगे। हमारा काम है संवाद बनाना, संवाद से मानेंगे तो संवाद से नहीं तो संघर्ष से भी देख लो। बरेली में लोगों ने ताकत आजमाने का काम किया, देख ली ताकत।''


मुख्यमंत्री योगी यहीं नहीं रुके और आगे कहा, ''अगर तुम्हारे घर में रहने की जगह नहीं है तो संख्या नियंत्रित कर लो और सामर्थ्य नहीं है तो बेकार क्‍यों संख्या बढ़ाई जा रही है। और यदि चाहिए आपको कि आपको सिस्टम के साथ रहना है तो नियमों और कानून को मानना शुरू करें। कानून का राज होगा और कानून के राज को सब पर समान रूप से लागू करेंगे।''

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia