यूथ कांग्रेस ने मोदी के बर्थडे पर शुरू किया ‘मेरी डिग्री का क्या’ अभियान, रिक्त सरकारी पदों को भरने की मांग

यूथ कांग्रेस ने प्रत्येक रिक्त पद के लिए समयबद्ध भर्ती कैलेंडर और नियुक्ति प्रक्रिया के लिए समयसीमा तय करने की मांग की। यूथ कांग्रेस अगले एक वर्ष तक देश भर में अभियान चलाएगी, जिसमें ‘नौकरी मार्च’ और ‘डिग्री मार्च’ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

यूथ कांग्रेस ने मोदी के बर्थडे पर शुरू किया ‘मेरी डिग्री का क्या’ अभियान, रिक्त सरकारी पदों को भरने की मांग
i

पीएम मोदी के जन्मदिन पर बेरोजगारी का मुद्दा उठाया

देश भर में खाली पड़े सरकारी पदों को भरने की मांग

योग्य युवा होने के बावजूद सरकारी पद खाली

यूथ कांग्रेस एक वर्ष तक देश भर में अभियान चलाएगी

भारतीय युवा कांग्रेस ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर बेरोजगारी का विषय उठाते हुए ‘मेरी डिग्री का क्या’ अभियान की शुरुआत की और देशभर में खाली पड़े स्वीकृत सरकारी पदों को भरने की मांग की। युवा कांग्रेस के नेताओं ने इस अभियान के लिए एक वेबसाइट की भी शुरुआत की।

देश भर में सरकारी क्षेत्र में 50 लाख से अधिक पद खाली

दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा ने दावा किया कि देश भर में सरकारी क्षेत्र में 50 लाख से अधिक स्वीकृत पद खाली हैं और इन पदों को भरे जाने से युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने के साथ स्कूलों और अस्पतालों जैसी सार्वजनिक सेवाओं में भी सुधार हो सकता है। लाकड़ा ने कहा कि बेरोजगारी और रोजगार के सीमित अवसरों के कारण युवा निराश हैं।


सरकार की रोजगार संबंधी नीतियों पर सवाल

लाकड़ा ने कहा, ‘‘सामान्य परिवार अपने बच्चों की शिक्षा पर वर्षों तक खर्च करता है और उम्मीद करता है कि उनकी डिग्री उन्हें रोजगार और आर्थिक सुरक्षा का अवसर देगी।’’ उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के मौके पर अभियान शुरू किए जाने का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार की रोजगार संबंधी नीतियों पर सवाल उठाए। लाकड़ा ने कहा, ‘‘बड़ी संख्या में योग्य युवा होने के बावजूद सरकारी पद खाली पड़े हैं और सरकार को इस बारे में जवाब देना चाहिए।’’

सरकार के समक्ष 5 प्रमुख मांगें

युवा कांग्रेस ने सरकार के समक्ष पांच प्रमुख मांगें रखीं। इनमें प्रत्येक रिक्त पद के लिए समयबद्ध भर्ती कैलेंडर जारी करना और भर्ती परीक्षा से नियुक्ति तक पूरी प्रक्रिया के लिए समयसीमा निर्धारित करना, पारदर्शी एवं निष्पक्ष भर्ती के लिए प्रभावी कानून, हर भर्ती फॉर्म की फीस ₹1 करना और सरकारी नौकरियों में कॉन्ट्रैक्ट व्यवस्था समाप्त करना शामिल है। लाकड़ा ने कहा कि संगठन अगले एक वर्ष तक देश भर में अभियान चलाएगा। इसके तहत ‘नौकरी मार्च’ और ‘डिग्री मार्च’ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए