अमेरिका से भारत तक ठप हुआ YouTube, लाखों यूजर्स प्रभावित, जानिए अब कैसी है प्लेटफॉर्म की स्थिति?
अमेरिका में 2.40 लाख से ज्यादा लोगों ने YouTube में दिक्कत की शिकायत की और इसका असर भारत समेत कई देशों में भी दिखा। हालांकि की कंपनी ने दावा किया कि करीब एक घंटे बाद सेवाएं सामान्य कर दी गईं।

दुनिया के सबसे बड़े वीडियो प्लेटफॉर्म YouTube की सेवाएं मंगलवार को अचानक प्रभावित हो गईं। शुरुआत अमेरिका से हुई, लेकिन देखते ही देखते भारत समेत कई देशों के यूजर्स ने भी वीडियो न चल पाने और ऐप/वेबसाइट एक्सेस न होने की शिकायतें दर्ज करानी शुरू कर दीं। कंपनी के मुताबिक, यह बाधा करीब एक घंटे तक रही और अब अधिकांश सेवाएं सामान्य हो चुकी हैं।
अमेरिका में सबसे पहले आईं शिकायतें
वेबसाइट्स और सर्वर की स्थिति पर नजर रखने वाली ट्रैकिंग साइट DownDetector के आंकड़ों के अनुसार, अमेरिकी समयानुसार मंगलवार शाम करीब 8 बजे से बड़ी संख्या में यूजर्स ने दिक्कत की रिपोर्ट की।
मीडिया रिपोर्ट्स और रॉयटर्स की जानकारी के मुताबिक, रात करीब 8 बजे तक अमेरिका में 2.40 लाख से अधिक शिकायतें दर्ज की जा चुकी थीं। हजारों यूजर्स ने कहा कि वे वीडियो स्ट्रीम नहीं कर पा रहे हैं या प्लेटफॉर्म ठीक से लोड नहीं हो रहा।
भारत में भी दिखा असर
अमेरिका में शुरू हुई तकनीकी गड़बड़ी का असर भारत में भी देखने को मिला। भारतीय समयानुसार बुधवार सुबह करीब 9 बजे तक कई यूजर्स ने सोशल मीडिया पर स्क्रीनशॉट साझा कर बताया कि वे वीडियो नहीं देख पा रहे थे।
हालांकि कंपनी की ओर से बाद में कहा गया कि अधिकांश समस्याएं दूर कर ली गई हैं और सेवाएं सामान्य हो चुकी हैं।
जांच जारी
गड़बड़ी की खबरें सामने आने के बाद गूगल ने एक संक्षिप्त बयान जारी किया। कंपनी ने कहा, “कुछ यूजर्स को YouTube एक्सेस करने में दिक्कतें हो रही हैं। हमारी टीम समस्या को दूर करने में जुटी है। जैसे ही कोई अपडेट होगा, साझा किया जाएगा।”
फिलहाल इस व्यापक तकनीकी गड़बड़ी के पीछे के सटीक कारणों को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत जानकारी जारी नहीं की गई है। कंपनी का कहना है कि कारणों की जांच की जा रही है।
किन-किन देशों में आई दिक्कत?
रिपोर्ट्स के अनुसार अमेरिका के अलावा ब्रिटेन, कनाडा और अन्य कई देशों में भी यूजर्स ने सर्वर डाउन जैसी शिकायतें दर्ज कीं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर बड़ी संख्या में लोगों ने वीडियो न चलने, ऐप के फ्रीज होने और एरर मैसेज आने की जानकारी दी।
कुछ यूजर्स ने यह भी दावा किया कि इस तकनीकी परेशानी का असर गूगल की अन्य सेवाओं और अमेजन वेब सर्विसेज (AWS) पर भी पड़ा, हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कितना व्यापक था असर?
जानकारों के मुताबिक, दुनिया भर में करोड़ों यूजर्स इस रुकावट से प्रभावित हो सकते हैं। केवल अमेरिका में 2.40 लाख से ज्यादा शिकायतें दर्ज होना इस बात का संकेत है कि समस्या व्यापक स्तर पर थी।
हालांकि राहत की बात यह रही कि सेवाएं करीब एक घंटे के भीतर बहाल कर दी गईं और लंबे समय तक ठप रहने जैसी स्थिति नहीं बनी।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia