पूरी दुनिया में जल संसाधनों पर बढ़ रहा संकट, भविष्य में भूख और कुपोषण की चपेट में होंगें अरबों लोग

इस समय दुनिया की कुल आबादी में से लगभग 3.6 अरब आबादी पूरे वर्ष में कम से कम एक महीने पानी की कमी का सामना करती है, और अनुमान है कि वर्ष 2050 तक ऐसी आबादी 5 अरब तक पहुंच जायेगी।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

महेन्द्र पांडे

तापमान वृद्धि और जलवायु परिवर्तन का प्रभाव पृथ्वी पर हरेक जगह पड़ रहा है, और इससे सबसे अधिक प्रभावित जल संसाधन हो रहे हैं। तापमान बढ़ने के कारण वर्षा असमान हो रही है, पृथ्वी के सतह पर जल संसाधनों का वाष्पीकरण अधिक हो रहा है, पूरी दुनिया के ग्लेशियर पहले से अधिक तेजी से पिघल रहे हैं, सूखे का क्षेत्र और अवधि बढ़ती जा रही है, नदियों में पानी के बहाव में तेजी से अंतर आ रहा है और इन सबके कारण भूजल की उपलब्द्धता प्रभावित हो रही है। इन सबके बाद भी तापमान वृद्धि और जलवायु परिवर्तन पर सालों भर चर्चाएं और सम्मेलन करने वाली दुनिया पानी पर कोई गंभीर चर्चा नहीं करती। इस कमी को पूरा करने के लिए और दुनिया को पानी की समस्याओं से अवगत कराने के लिए संयुक्त राष्ट्र के वर्ल्ड मेट्रोलॉजिकल आर्गेनाईजेशन ने हाल में जल संसाधनों की स्थिति पर पहली वार्षिक रिपोर्ट प्रकाशित की है। इसमें जल संसाधनों पर जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण विनाश और बढ़ती आबादी के प्रभाव का आकलन किया गया है।

इस रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2021 में दुनिया के सभी क्षेत्रों ने पानी से सम्बंधित चरम आपदाओं– बाढ़ और सूखे का सामना किया है और दुनिया की एक बड़ी आबादी मृदु पानी की कमी से जूझ रही है। हालांकि दुनिया के अनेक क्षेत्र बाढ़ से जूझते रहे, फिर भी एक बड़ा हिस्सा सूखे की मार झेल रहा है। इस समय दुनिया की कुल आबादी में से लगभग 3.6 अरब आबादी पूरे वर्ष में कम से कम एक महीने पानी की कमी का सामना करती है, और अनुमान है कि वर्ष 2050 तक ऐसी आबादी 5 अरब तक पहुंच जायेगी।

तापमान वृद्धि और जलवायु परिवर्तन के कारण चरम प्राकृतिक आपदाओं की संख्या तेजी से बढ़ रही है। वर्ष 2001 से 2018 के बीच दुनिया में जितनी भी चरम प्राकृतिक आपदाएं आईं, उनमें से 74 प्रतिशत से अधिक पानी से सम्बंधित थीं। पश्चिमी यूरोप, अमेज़न क्षेत्र और एशिया के अनेक क्षेत्र एक ओर रिकॉर्ड-तोड़ बाढ़ से डूबते रहे, तो दूसरी तरफ अनेक दक्षिण अमेरिकी नदियों के जल स्तर में अभूतपूर्व गिरावट देखी गयी है। पिछले तीस वर्षों के दौरान जितनी नदियों में पानी का बहाव बढ़ा है, उससे दुगुनी से अधिक नदियों में बहाव सामान्य से कम हो गया है। इस रिपोर्ट के अनुसार पेटागोनिया, गंगा और सिन्धु नदी के ऊपरी क्षेत्रों में पिछले 20 वर्षों के दौरान पानी के बहाव में कमी आंकी गयी है। गंगा के क्षेत्र में पानी की समस्या केवल नदी के बहाव में कमी के कारण ही नही है, बल्कि पूरे गंगा के बेसिन क्षेत्र में भूजल भी संकट में है।


संयुक्त राष्ट्र के फूड एंड एग्रीकल्चर आर्गेनाईजेशन द्वारा प्रकाशित वार्षिक रिपोर्ट “स्टेट ऑफ फूड एंड एग्रीकल्चर 2020” के अनुसार दुनिया की तीन अरब आबादी पानी की समस्या से जूझ रही है। दो दशक पहले दुनिया में प्रतिव्यक्ति जितना पानी उपलब्ध था, उसकी तुलना में वर्तमान में इसकी उपलब्धता 20 प्रतिशत रह गई है। इस दौर में लगभग डेढ़ अरब आबादी पानी की भीषण कमी और सूखे की चपेट में है, जिसका कारण जलवायु परिवर्तन, पानी की लगातार बढ़ती मांग और जल-स्त्रोतों का कुप्रबंधन है। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार जिस तरह की लापरवाही दुनियाभर में पानी के सन्दर्भ में की जा रही है, उससे अरबों लोग भविष्य में भूख और कुपोषण की चपेट में होंगें।

फूड एंड एग्रीकल्चर आर्गेनाईजेशन के अनुसार हमें पानी की समस्या के प्रति गंभीर होना पड़ेगा क्योंकि अब यह काल्पनिक नहीं बल्कि हकीकत है, जिससे हमें जूझना पड़ रहा है। पानी खेती का मुख्य आधार है, और पानी में कमी का मतलब है हमें भूखा रहना पड़ेगा। संयुक्त राष्ट्र के सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स में दुनिया से भूख को मिटाना और सबके लिए साफ पानी उपलब्ध कराना, दोनों ही सम्मिलित किये गए हैं। यह लक्ष्य अभी भी पहुंच से बाहर नहीं है बशर्ते दुनिया गंभीरता से ऐसा करने के लिए तत्पर हो। इसके लिए खेती के तरीकों में बदलाव भी बहुत जरूरी है जिससे पानी की बचत हो सके।

संयुक्त राष्ट्र द्वारा प्रकाशित रिपोर्ट, स्टेट ऑफ वाटर डेवलपमेंट के अनुसार वर्ष 2050 तक दुनिया की आबादी 9.4 से 10.2 अरब के बीच होगी और तब लगभग 5 अरब लोग पानी की किल्लत से जूझ रहे होंगे। इसका कारण जलवायु परिवर्तन, मांग में बढ़ोत्तरी और जल-स्त्रोतों का प्रदूषित होना है। अनुमान है कि पूरी दुनिया प्रतिवर्ष 4600 घन किलोमीटर पानी का उपयोग करती है, जिसमें से 70 प्रतिशत का उपयोग कृषि में 20 प्रतिशत का उपयोग उद्योगों में और शेष 10 प्रतिशत का उपयोग घरेलू कार्यों में किया जाता है। पिछले 100 वर्षों के दौरान पानी की मांग में 6 गुना वृद्धि आंकी गई है और अब यह वृद्धि प्रतिवर्ष एक प्रतिशत है।

लगभग दो दशक पहले से यह आशंका जताई जा रही है कि अगला विश्वयुद्ध पानी की कमी के कारण होगा। विश्वयुद्ध तो अबतक नहीं हुआ पर एक रिपोर्ट के अनुसार पानी के कारण हिंसा पिछले दशक (2010 से 2019) में इसके पीछे के दशक की तुलना में दुगुने से अधिक हो चुकी हैं। इस रिपोर्ट को अमेरिका के कैलिफ़ोर्निया में स्थित पैसिफिक इंस्टिट्यूट ने प्रकाशित किया है, जो दुनियाभर में पानी से सम्बंधित प्रकाशित विवादों का लेखा जोखा रखता है। इस रिपोर्ट में भारत में साल दर साल बढ़ते पानी से सम्बंधित विवादों और हिंसा का विशेष तौर पर जिक्र है।


मृदु पानी की घटती उपलब्धता, बेतहाशा बढ़ती जनसंख्या, जल संसाधनों का अवैज्ञानिक उपयोग और बदलते जलवायु और तापमान वृद्धि से जल संसाधनों पर प्रभाव के कारण पानी के प्रबंधन पर असर पड़ रहा है। पैसिफिक इंस्टिट्यूट के अध्यक्ष पीटर ग्लिक के अनुसार, पानी सबके लिए जरूरी है पर धीरे-धीरे इसकी उपलब्धता कम होती जा रही है इसलिए लोग अपनी मौलिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं।

अफ्रीका के सहारा क्षेत्र की लगभग 5 करोड़ आबादी हरेक तीसरे वर्ष भयानक सूखे की चपेट में आ जाती है। दुनिया में कुल कृषि भूमि में से 80 प्रतिशत भूमि पर जो कृषि की जाती है वह वर्षा पर आधारित है और दुनिया की कुल उपज में इस वर्षा-आश्रित भूमि का योगदान 60 प्रतिशत है। वर्षा-आश्रित कृषि भूमि में से 10 प्रतिशत भूमि लगातार सूखे की चपेट में रहती है। दुनिया के कुल चारागाहों में से 14 प्रतिशत से अधिक भयानक सूखे का सामना करते है। कुल कृषि भूमि में से महज 20 प्रतिशत पर सिंचाई की सुविधा है, पर इनकी अपनी समस्याएं हैं। दुनिया में सिंचाई की सुविधा वाली कुल कृषि भूमि में से 60 प्रतिशत पानी की कमी की चपेट में है।

प्रतिष्ठित वैज्ञानिक जर्नल, नेचर, में प्रकाशित एक शोधपत्र के अनुसार दुनिया में जितनी भी बड़ी नदियां हैं, उनमें से लगभग दो-तिहाई अब स्वच्छंद तौर पर नहीं बहती। इसके प्रभाव से नदियों में सेडीमेंट का परिवहन, मछलियों और दूसरे जीवों का जीवन और पारिस्थितिकी तंत्र में नदियों का महत्व कम होता जा रहा है। वर्ल्ड वाइल्डलाइफ फण्ड और मोंट्रियल स्थित मैकगिल यूनिवर्सिटी के विशेषज्ञों ने दुनिया की नदियों पर विस्तृत अध्ययन का यह बताया है कि दुनिया में 1000 किलोमीटर से लम्बी 246 नदियों में से महज 90 ही स्वच्छंद तौर पर बहती हैं और ये सभी आर्कटिक, अमेज़न, और कांगो के क्षेत्र में स्थित हैं। ये सभी क्षेत्र ऐसे हैं, जहां अभी तक हमारे विकास का दौर बड़े पैमाने पर शुरू नहीं हुआ है। इस दल ने दुनियाभर में फैली नदियों के 1.2 करोड़ किलोमीटर लम्बे मार्ग का बारीकी से अध्ययन किया है और इसके लिए नदियों के उपग्रह से खींचे गए या फिर वायुयानों से खींचे गए चित्रों का सहारा लिया। दुनिया में बड़ी नदियों पर 60000 से अधिक बांध हैं और 3700 से अधिक बांधों का निर्माण कार्य चल रहा है। इसका मतलब है कि और अधिक नदियां अब बांधी जा रही हैं।

कोलंबिया यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने हिमालय के 2000 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में स्थित 650 ग्लेशियर का बारीकी से अध्ययन किया है। इनके अनुसार, सभी ग्लेशियर तापमान वृद्धि के कारण खतरे में हैं और पिछले 15 वर्षों के दौरान इनके पिघलने और सिकुड़ने की दर पहले से दुगुनी हो गयी है। वर्ष 1975 से 2000 के बीच ग्लेशियर की औसत ऊंचाई लगभग 25 सेंटीमीटर प्रतिवर्ष की दर से कम हो रही थी जबकि 2000 के बाद यह दर औसतन 46 सेंटीमीटर तक पहुंच गयी है। इस बढ़ी दर के कारण हिमालय के ग्लेशियर से प्रतिवर्ष 8 अरब टन पानी नदियों में बहने लगा है। इन वैज्ञानिकों के अनुसार इसका कारण तापमान वृद्धि है।

हिन्दूकुश हिमालय लगभग 3500 किलोमीटर के दायरे में फैला है, और इसके अंतर्गत भारत समेत चीन, अफगानिस्तान, भूटान, पाकिस्तान, नेपाल और मयन्मार का क्षेत्र आता है। इससे गंगा, ब्रह्मपुत्र और सिन्धु समेत अनेक बड़ी नदियां उत्पन्न होती हैं, इसके क्षेत्र में लगभग 25 करोड़ लोग बसते हैं और 1.65 अरब लोग इन नदियों के पानी पर सीधे आश्रित हैं। अनेक भू-विज्ञानी इस क्षेत्र को दुनिया का तीसरा ध्रुव भी कहते हैं क्यों कि दक्षिणी ध्रुव और उत्तरी ध्रुव के बाद सबसे अधिक बर्फीला क्षेत्र यही है। पर, तापमान वृद्धि के प्रभावों के आकलन की दृष्टि से यह क्षेत्र उपेक्षित रहा है। हिन्दूकुश हिमालय क्षेत्र में 5000 से अधिक ग्लेशियर हैं और इनके पिघलने पर दुनियाभर में सागर तल में 2 मीटर की बृद्धि हो सकती है।

वैज्ञानिकों के अनुसार परम्परागत खेती और सिंचाई के तरीके पर्यावरण और पानी की दृष्टि से बेहतर थे, पर अब दुनिया की कृषिभूमि पर मालिकाना हक चन्द लोगों का हो गया है। दुनिया की 70 प्रतिशत से अधिक कृषि भूमि का स्वामित्व केवल एक प्रतिशत किसानों के पास है। खेती अब जीवन यापन नहीं बल्कि उद्योग हो चला है। सिंचाई की बड़ी परियोजनाओं से पानी की बर्बादी अधिक होती है, खेतो का गन्दा पानी जल संसाधनों को प्रदूषित करता है और भूजल का विनाशकारी दोहन करता है। जाहिर है, पानी के उपयोग के बारे में दुनिया को नए सिरे से सोचना पड़ेगा, तभी भविष्य में पानी बचेगा।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia