कोरोना संकट में सबकुछ थमने के बावजूद ग्रीनहाउस गैसों में रिकॉर्ड वृद्धि, सरकार के खोखले दावों की खुली पोल

पेन स्टेट यूनिवर्सिटी के जलवायु विशेषज्ञ माइकल मान के अनुसार यदि तापमान में बढ़ोत्तरी को 1.5 डिग्री सेल्सियस से नीचे रखना है, तब दुनिया में ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन को आधा से भी कम करना पड़ेगा, पर इसकी सम्भावना नजर नहीं आती।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

महेन्द्र पांडे

कुछ दिनों पहले जी-20 समूह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने बताया था कि हमारा देश जलावयु परिवर्तन और तापमान वृद्धि को रोकने के लिए प्रतिबद्ध है और हमने जितना वादा किया था, उससे भी अधिक काम कर रहे हैं। लेकिन इन सबके बीच पर्यावरण और वन मंत्रालय हरेक प्रदूषणकारी और उत्सर्जन बढाने वाली योजना को स्थापित करने की अनुमति दे रहा है, जंगलों को बर्बाद करने की स्वीकृति दे रहा है और हिमालय क्षेत्र की बर्बादी पर आंखें मूदें बैठा है।

जलवायु परिवर्तन के लिए सबसे अधिक जिम्मेदार कोयला खनन के लिए सरकार नए क्षेत्रों में जंगल बर्बाद करने की इजाजत दे रही है, पर प्रधानमंत्री जी दुनिया के सामने कहते हैं कि जलवायु परिवर्तन रोकने के लिए प्रतिबद्ध हैं। लगभग ऐसी ही स्थिति में दुनिया के हरेक देश हैं। हर जगह ग्रीनहाउस गैसों का उत्सर्जन बढ़ रहा है, पर हरेक देश दुनिया को इसे नियंत्रित करने की प्रतिबद्धता बता रहा है।

संयुक्त राष्ट्र के वर्ल्ड मेटेरिओलॉजिकल आर्गेनाईजेशन की ग्रीनहाउस गैसों से संबंधित नवीनतम बुलेटिन में बताया गया है कि कोविड 19 के कारण दुनिया भर में सभी गतिविधियों के रुकने के बाद भी इस वर्ष ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन में रिकॉर्ड बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। इस वर्ष सितंबर के दौरान वायुमंडल में कार्बन डाइऑक्साइड की औसत सांद्रता लगभग 411 पीपीएम रही, जबकि सितंबर 2019 में इसकी सांद्रता 408 पीपीएम थी।

किसी भी एक वर्ष के दौरान यह सबसे बड़ी वृद्धि है और यह वृद्धि तब है, जबकि इस वर्ष दुनिया भर में लॉकडाउन के कारण उत्सर्जन में 4.2 से 7.4 प्रतिशत के बीच कमी आंकी गई है। ग्रीन्हाउस गैसों के उत्सर्जन में इस बेतहाशा बढ़ोतरी के बीच वैज्ञानिकों का आकलन है कि यदि तापमान वृद्धि को 1.5 डिग्री सेल्सियस तक रोकना है तो अगले दस वर्षों के भीतर इन गैसों के उत्सर्जन को आधा करना होगा।

पहली बार वायुमंडल में कार्बन डाईऑक्साइड की सांद्रता 410 पीपीएम के पार वर्ष 2015 में पहुंची थी। इससे पहले ऐसी स्थिति 30 से 50 लाख वर्ष पहले आई थी, तब औसत तापमान 2 से 3 डिग्री अधिक था और सागर तल 10 से 20 मीटर अधिक था। पर, इस दौर में जो हो रहा है, वह पहले से अधिक विनाशकारी होगा, क्योंकि 30 से 50 लाख वर्ष पहले पृथ्वी पर लगभग 8 अरब लोग नहीं थे। औद्योगिक युग के पहले यानि 1750 की तुलना में इस दौर में कार्बन डाइऑक्साइड की वायुमंडल में सांद्रता 50 प्रतिशत कम थी।

वर्ष 1750 की तुलना में मीथेन की सांद्रता वायुमंडल में लगभग ढाई गुना बढ़ चुकी है और यह गैस कुल तापमान बढ़ोत्तरी में से 17 प्रतिशत के लिए जिम्मेदार है। नाइट्रस ऑक्साइड भी एक प्रमुख ग्रीनहाउस गैस है और इसकी सांद्रता वायुमंडल में 23 प्रतिशत बढ़ चुकी है। जाहिर है कि सभी ग्रीनहाउस गैसों की सांद्रता वायुमंडल में निर्बाध गति से बढ़ती जा रही है और इसके परिणाम भी सामने आ रहे हैं।

अमेरिका के मेटेरियोलॉजी सोसाइटी के बुलेटिन में प्रकाशित एक शोध पत्र के अनुसार दुनिया में तापमान का जब से रिकॉर्ड रखा जा रहा है, उसके बाद से पिछला दशक (2010-2019) सबसे गर्म रहा है। नासा के अनुसार वर्ष 2019 इतिहास का दूसरा सबसे गर्म वर्ष और यूनाइटेड किंगडम के मौसम विभाग के अनुसार तीसरा सबसे गर्म वर्ष रहा है। वर्ष 1980 के बाद से आने वाला हरेक दशक पिछले दशक से अधिक गर्म रहा है।

वर्ष 1880 के बाद से हरेक अगला दशक पिछले दशक की तुलना में 0.07 डिग्री सेल्सियस अधिक गर्म रहा है, पर पिछले दशक में यह वृद्धि 0.39 डिग्री रही है। इसका सीधा सा मतलब है कि समय के साथ-साथ तापमान बढ़ने की दर भी बढ़ती जा रही है। इस शोधपत्र को दुनिया के 60 देशों के 520 वैज्ञानिकों ने तैयार किया है।

वर्ष 2014 से वर्ष 2019 तक के वर्ष के बीच पृथ्वी का औसत तापमान हमारे इतिहास का सबसे गर्म दौर घोषित किया जा चुका है। इस दौरान अमेरिका, यूरोप और भारत में तापमान के सभी पिछले रिकॉर्ड ध्वस्त हो गए। उत्तरी ध्रुव और दक्षिणी ध्रुव पर सदियों से जमी बर्फ तेजी से पिघलती रही, बड़ी बाढ़ों और चक्रवातों की घटनाएं बढ़ गईं, प्रजातियों के विलुप्तीकरण की दर किसी भी दौर से अधिक हो गई। इस दौर में जंगलों और झाड़ियों में आग लगने की दर ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका, ग्रीस और फिलीपींस में अत्यधिक रहीं।

वर्ष 2019 तक पृथ्वी का औसत तापमान औद्योगिक काल से पहले के वर्षों की तुलना में 1 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ चुका है। पेन स्टेट यूनिवर्सिटी के जलवायु विशेषज्ञ माइकल मान के अनुसार यदि तापमान में बढ़ोत्तरी को 1.5 डिग्री सेल्सियस से नीचे रखना है, तब दुनिया में ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन को आधा से भी कम करना पड़ेगा, पर इसकी सम्भावना नजर नहीं आती।

ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन में कमी की संभावना भले ही नहीं नजर आ रही हो, पर जलवायु परिवर्तन और तापमान वृद्धि के सारे प्रभाव स्पष्ट हैं। महासागरों का तापमान भी बढ़ रहा है और वर्ष 2019 में यह तापमान वर्ष 2016 के बाद सबसे अधिक रहा। पिछले 30 वर्षों के दौरान सागर तल में औसतन 8.64 सेंटीमीटर की बढ़ोत्तरी हो गई है। वर्ष 2019 में ग्रीनहाउस गैसों का उत्सर्जन पिछले 8 लाख वर्षों में सर्वाधिक रहा है। यह आकलन दोनों ध्रुवों पर जमी बर्फ के बीच उपलब्ध हवा के विश्लेषण से किया गया है।

पूर्व-औद्योगिक काल की तुलना में तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस बढ़ चुका है और ऐसी ही स्थितियां बनी रहीं, तो वर्ष 2050 तक तापमान में बढ़ोत्तरी 1.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगी और पेरिस समझौते के तहत जिस 1.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी का लक्ष्य रखा गया था, वह कहीं से पूरा नहीं होगा। इस बीच वैज्ञानिकों के अनुसार इस साल ‘ला नीना’ के प्रभाव के बाद भी, यह सबसे गर्म वर्ष रहने की संभावना है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia