राम पुनियानी का लेखः वी. डी. सावरकर का सच, निर्भीक क्रांतिकारी नहीं, अंग्रेजों के वफादार सेवक

सावरकर की दया याचिकाओं, जो उनकी कई जीवनियों का हिस्सा हैं, से उनका अंग्रेजों के सामने पूर्ण आत्मसमर्पण स्पष्ट होता है। इन याचिकाओं में अंग्रेजों की कई नीतियों को लागू करने में सहायता करने और वफादारी से उनकी सेवा करने का वायदा किया गया है।

सावरकर के चित्र का माल्यार्पण करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
i

सोनिया गांधी की आत्मकथा इन दिनों चर्चा में है। उसके विभिन्न पहलुओं पर बात हो रही है और सोशल मीडिया में उस पर बहुत सी टिप्पणियां की जा रही हैं। इस पुस्तक से जुड़ा एक घटनाक्रम मुंबई में हुआ। शिवसेना (एकनाथ शिंदे) के कई नेताओं ने एक संयुक्त पत्रकार वार्ता आयोजित की और इस पुस्तक के कई पृष्ठों को फाड़ा। उनके मुताबिक सोनिया गांधी की आत्मकथा में सावरकर को अंग्रेजों के मददगार के रूप में चित्रित किया गया है जबकि वे कितने निर्भीक क्रांतिकारी थे, इसका अंदाजा इस तथ्य से लगाया जा सकता है कि उन्हें दो आजीवन कारावासों का दंड दिया गया था और अंडमान जेल भेजा गया था, जिसे सामान्य बोलचाल में कालापानी कहा जाता था। इस संबंध में सावरकर के पड़पोते सात्यकी सावरकर ने सोनिया गांधी को कानूनी नोटिस भेजा है।

सोनिया गांधी की पुस्तक में पृष्ठ 201 पर इलाहबाद उच्च न्यायालय के फैसले और उनकी सास की सरकार के खिलाफ चल रहे राष्ट्रव्यापी विरोध को लेकर इंदिरा गांधी की व्यथा का वर्णन किया गया है। उन पर इस्तीफा देने का दबाव था। उन्होंने कहा, "यदि मैं इस्तीफा दे दूंगी तो पार्टी टूटकर बिखर जाएगी और आरएसएस को अपनी मनमानी करने का मौका मिल जाएगा। हम ऐसा कैसे होने दे सकते हैं? हम पिछले कई सालों से उनसे लड़ रहे हैं। वे देश को बर्बाद कर देंगे"। और ‘‘मैं इन लोगों को खूब जानती हूं। मुझे इनका इतिहास मालूम है। मुझे पता है कि इनका लक्ष्य क्या है..."।

आरएसएस के प्रति इंदिरा गांधी की नफरत वास्तविक और गहरी थी। सोनिया गांधी लिखती हैं, "जहां कांग्रेसी स्वतंत्रता सेनानी अंग्रेज शासकों के अत्याचार और कैद झेल रहे थे, वहीं विनायक दामोदर सावरकर (यहां लेखिका ने एक भूल कर दी है, सावरकर यद्यपि हिन्दुत्व विचारधारा के प्रणेता थे लेकिन वे आरएसएस का हिस्सा नहीं थे। तथ्य यह है कि आरएसएस और सावरकर दोनों हिन्दू राष्ट्र के पक्षधर थे, लेकिन उनमें मतभेद भी थे) अपने औपनिवेशिक मालिकों को दया याचिकाएं लिख रहे थे और उनके सदस्य ब्रिटिश अधिकारियों से मिलीभगत करते हुए उनकी मुखबिरी कर रहे थे‘‘।

सावरकर की दया याचिकाओं और आरएसएस द्वारा अंग्रेजों की युद्ध की तैयारियों में मदद करने वाली जो बातें सोनिया गांधी ने लिखी हैं, वो एकदम सटीक हैं। जैसा कि ऊपर बताया गया है, आरएसएस और सावरकर दोनों हिन्दू राष्ट्रवाद के समर्थक थे लेकिन उनके बीच कुछ मतभेद भी थे। एक दिलचस्प बात यह है कि सोनिया गांधी की पुस्तक के पृष्ठों को फाड़ने वालों को यह पता नहीं है कि आरएसएस के द्वितीय सरसंघचालक एम एस गोलवलकर ने भी अपनी पुस्तक ‘बंच ऑफ़ थाट्स‘ में सावरकर के बारे मेंअपमानजनक बातें लिखी हैं (इंडियन एक्सप्रेस, मुंबई, 20 नवंबर 2026)। लेकिन यह तो हिन्दुत्व की दो धाराओं की 'आंतरिक तकरार‘ है।


वैसे समाज के विभिन्न वर्गों में, खासतौर से महाराष्ट्र में, सावरकर के प्रशंसकों की अच्छी-खासी संख्या है। उनके जीवन का घटनाक्रम काफी जटिल था। वे अपने जीवन के प्रारंभिक दौर में ब्रिटिश-विरोधी क्रांतिकारी थे। इंग्लैंड में कानून की पढ़ाई करने के दौरान वे राजनैतिक गतिविधियों से जुड़े और उन्हें राज्य के विरूद्ध युद्ध छेड़ने और नासिक के जिला मजिस्ट्रेट एएमटी की हत्या के लिए उकसाने के दो मामलों में सजाएं सुनाई गईं थीं। चूंकि वे जेल का कष्टदायी जीवन झेल नहीं पा रहे थे इसलिए उन्होंने अंग्रेजों को दया याचिकाएं लिखना शुरू किया। नतीजतन उन्हें जेल से हटाकर रत्नागिरी में नजरबंदी में रख दिया गया। यहां उन्होंने जातिवाद विरोधी गतिविधियां प्रारंभ कीं और अंतरजातीय भोज करवाए। उन्होंने दलितों के लिए 'पतित-पवन मंदिरों" की स्थापना भी की।

इन गतिविधियों के कारण ही उन्हें, विशेषकर महाराष्ट्र में, नायक का दर्जा हासिल हुआ। वे कवि और लेखक भी थे। उनकी कई रचनाएं अत्यंत लोकप्रिय हुईं। उन्हें इस बात का श्रेय भी है कि उन्होंने 1857 की क्रांति के बारे में लिखा और उसे ‘आजादी की पहली लड़ाई‘ की संज्ञा दी। इसने भविष्य के कई स्वतंत्रता सेनानियों को प्रेरणा दी। उनके सम्मान में डाक टिकट जारी किया गया। इन सब कार्यों के लिए उनके प्रति पर्याप्त कृतज्ञता ज्ञापित की जा चुकी है। संसद भवन में उनका चित्र भी लगाया गया है।

सावरकर की कहानी का दूसरा पक्ष भी है। उनकी दया याचिकाओं, जो उनकी कई जीवनियों का हिस्सा हैं, से उनका अंग्रेजों के सामने पूर्ण आत्मसमर्पण स्पष्ट होता है। इन याचिकाओं में अंग्रेजों की मोंटेग्यू-चेम्सफोर्ड सुधारों और अन्य नीतियों को लागू करने में सहायता करने और वफादारी से उनकी सेवा करने का वायदा किया गया है। जेल में में सजा काटने के दौरान ही उन्होंने "एसेंशियल्स ऑफ़ हिन्दुत्व' पुस्तक लिखी। इसी पुस्तक ने द्विराष्ट्र सिद्धांत की नींव रखी क्योंकि इसमें तर्क दिया गया कि भारत में दो राष्ट्र हैं- हिन्दू और मुस्लिम। और यह भी कि हमें हिन्दुओं के बोलबाले वाला राष्ट्र बनाने का प्रयास करना चाहिए। वे ‘मिश्रित भारतीय राष्ट्रवाद‘ के पूर्णतः खिलाफ थे, जिसकी परिकल्पना महात्मा गांधी के नेतृत्व में चल रहे राष्ट्रीय आंदोलन ने की थी।

सावरकर 1937 में हिन्दू महासभा के अध्यक्ष बने और उनके अध्यक्ष रहते ही हिन्दू महासभा और मुस्लिम लीग के बीच सहयोग का दौर प्रारंभ हुआ। हिन्दू महासभा मुस्लिम लीग के नेतृत्व वाली बंगाल, सिंध और एनडब्लूएफपी की सरकारों का हिस्सा थी। जब देश के विभाजन का प्रस्ताव इन मंत्रिपरिषदों के समक्ष पेश किया गया, तब हिन्दू महासभा भी इन मंत्रिपरिषदों का हिस्सा थी।


नाथूराम गोडसे सावरकर का जुनूनी अनुयायी था और उनके बीच नियमित रूप से चर्चा होती रहती थी। सावरकर को साठ रूपये की भारी-भरकम राशि की पेंशन मिलती थी। उन्होंने गोडसे की उसके समाचार पत्र 'अग्रणी' के प्रकाशन में भी मदद की। अखबार में प्रकाशित एक कार्टून में रावण दहन का दृश्य चित्रित किया गया था जिसमें श्यामा प्रसाद मुखर्जी को सावरकर के मार्गदर्शन में रावण का वध करते हुए दिखाया गया था। रावण के दस सिर थे जिनमें से बीच वाला सिर महात्मा गांधी का था और उसके अन्य सिर नेहरू, पटेल, बोस और मौलाना आजाद समेत अन्य लोगों के थे।

सावरकर गांधीजी की हत्या के आरोपियों में से एक थे। उन्हें ठोस सुबूतों के अभाव में बरी कर दिया गया। बाद में कपूर आयोग (जिसका आधिकारिक नाम महात्मा गांधी हत्या षड़यंत्र आयोग था), जिसके अध्यक्ष सर्वोच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश जीवन लाल कपूर थे, 1966 से 1969 के बीच की गई जांच के बाद इस निष्कर्ष पर पहुंचा कि समग्र तौर पर ‘‘सावरकर और उनके गिरोह द्वारा हत्या की साजिश रचे जाने‘‘ के अलावा किसी अन्य संभावना को खारिज किया जा सकता है।

सावरकर का इस तरह का महिमामंडन बार-बार किया जाता है। महत्वपूर्ण यह नहीं है कि उन्हें अंडमान में कैद में रखा गया था और 50-50 साल की दो सजाएं सुनाई गईं थीं। महत्वपूर्ण यह है कि सावरकर के जीवन के दो चरण थे। पहले चरण में वे ब्रिटिश विरोधी थे और दूसरे चरण में उन्होंने ब्रिटिश सरकार के वफादार सेवक (दया याचिका में उन्होंने स्वयं को ऐसा ही बताया) की तरह कार्य किया। दिलचस्प बात यह है कि आरएसएस के नेता आर्य नस्ल पर आधारित हिन्दू राष्ट्रवाद, जो सिंधु से समुद्र तक फैला हुआ है, और ब्राम्हणवादी संस्कृति की सैद्वांतिक नींव रखने के कारण सावरकर के प्रति अत्यंत सम्मान प्रदर्शित करते हैं। बीजेपी के राजनाथ सिंह ने तो एक कदम और आगे बढ़ते हुए दावा किया कि सावरकर ने दया याचिकाएं महात्मा गांधी की सलाह पर लिखी थीं। सावरकर ने पहली दया याचिका 1911 में लिखी थी। उस समय गांधी दक्षिण अफ्रीका में थे।

कई पुस्तकों में हद से आगे बढ़ते हुए उनका देशप्रेम इस तरह दर्शाया गया है कि जब वे अंडमान में थे तब हर रात वे बुलबुलों पर सवार होकर मातृभूमि की यात्रा करते थे। सावरकर और आरएसएस के मतभेदों के बावजूद वे हिन्दुत्व राजनीति के सबसे प्रमुख विचारक बने हुए हैं। उनके जीवन के दोनों पहलुओं को समझना आवश्यक है।

(लेख का अंग्रेजी से रूपांतरण अमरीश हरदेनिया द्वारा)