किस अंतर्द्वंद से जूझ रही थीं सोनिया गांधी प्रधानमंत्री पद को लेकर, और फिर फैसला किया- 'छोड़ो, जाने दो...'
प्यार, दिल टूटने का दर्द और इन सबके बीच अपनापन! सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा 'बिलॉंगिंग: ए जर्नी ऑफ लव' में दिया है इन सवालों का जवाब। इस किताब के एक अंश का अनुवाद:

चुनाव से कुछ महीने पहले, मैंने और मेरे बच्चों ने इस बात पर चर्चा की थी कि मेरे प्रधानमंत्री बनने की क्या संभावना है। दोनों में से एक ने मुझसे सीधे पूछा कि अगर हमारी पार्टी जीत जाती है, तो क्या मैं यह पद स्वीकार करूँगी? “बिल्कुल नहीं!” मैंने लगभग नाराज़गी भरे लहजे में कहा। उन्होंने फिर पूछा, "क्या एकदम पक्का?" मैंने ज़ोर देकर कहा, "बिल्कुल..मैं एकदम निश्चित हूं।" राहुल और प्रियंका, दोनों में से किसी को भी यह नहीं लगता था कि मुझे प्रधानमंत्री बनना चाहिए। वे अपनी दादी के कत्ल और अपने पिता की बेरहमी से की गई हत्या का गहरा सदमा झेला चुके थे। उनके मन में यह बात थी कि, इस पद पर रहने का मतलब सीधे तौर पर गंभीर ख़तरा होना है। (मेरे जवाब से) उन्हें राहत मिली और मेरा मन भी हल्का हुआ, क्योंकि पहली बार मैंने इस मुद्दे पर खुलकर अपनी राय रखी थी। और बात वहीं खत्म हो गई। मैंने इसके बारे में किसी और से कभी कोई बात नहीं की। पूरे चुनाव के दौरान, जब भी मुझसे सार्वजनिक रूप से यह सवाल पूछा गया, तो मैंने कोई साफ जवाब नहीं दिया। हम अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे थे और मुझे अपनी पार्टी को एकजुट रखना था, ताकि हम एक मज़बूत टीम के रूप में अपने विरोधियों का डटकर सामना कर सकें। पार्टी के भीतर दावेदारों के बीच नेतृत्व को लेकर कोई खींचतान होने देने का विकल्प ही नहीं था। मैंने अपनी राय अपने तक ही सीमित रखी, यहां तक कि अपने सबसे करीबी सहयोगियों को भी नहीं बताया। मैं बस इतना जानती थी कि पिछली कांग्रेस सरकारों की विरासत को आगे बढ़ाने वाला शख्स ऐसा होना चाहिए, जिसे सरकार चलाने का लंबा तजुर्बा हो और जिसकी ईमानदारी का रिकॉर्ड बेदाग़ हो।
हम राष्ट्रपति भवन से मेरे घर 10 जनपथ लौट आए। मैंने डॉ. सिंह को उनकी कार तक छोड़ा। रास्ते में हमारे बीच प्रधानमंत्री पद को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई, और न ही उससे पहले कभी हुई थी। इस बार भी मैंने उनसे कुछ नहीं कहा। उन्होंने, बाकी सभी लोगों की तरह, स्वाभाविक रूप से यही मान लिया था कि यह पद मैं ही लेने वाली हूं। दक्षिणपंथी पार्टियां फिर से पूरे जोर के साथ सक्रिय हो चुकी थीं।
[…]
राष्ट्रपति जाने से मुझे हालात की गंभीर स्थिति का एहसास हो गया था। महीनों तक हमारी पार्टी और मेरे नाम पर रैलियां करने वाले, नारे लगाने वाले अपने साथियों, सहयोगियों और उन कार्यकर्ताओं और यहां तक कि देश को कैसे समझाऊंगी कि मैं मैं इस पूरे प्रचार के दौरान मन में तय कर चुकी थी कि मैं यह पद नहीं स्वीकार कर सकती। मेरे मन में एक अजीब सा खालीपन महसूस हो रहा था। मुझे समझ नहीं आ रहा था कि क्या मैं अब ऐसा कर पाऊंगी या नहीं, या उन सबका सामने कैसे करूंगी। आज पूरे दिन कई बैठकें होनी थीं। मुझे लगा जैसे मेरी सांसें ही रुक रही हों।
[…]
बरसों पहले, आज इस मुकाम तक पहुंचने वाले उस सफर की जब पहली शुरुआत की थी, तो मैं अपने दिल में अच्छी तरह जानती थी कि मेरे पति और मेरी सास मुझसे क्या उम्मीदें रखते होंगे। मैंने उनके प्रति, और उन सभी आदर्शों के प्रति अपने कर्तव्य को महसूस किया, जिनके लिए उन्होंने जीवन भर संघर्ष किया था। लेकिन अब मैं पूरी तरह उलझन में थी; मुझे अपने भीतर ही इस सवाल का जवाब खोजना था। मेरे मन का एक हिस्सा इस विचार को पूरी तरह खारिज कर रहा था, जबकि दूसरा हिस्सा मुझे उन पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति मेरी जिम्मेदारी की याद दिला रहा था—जिन्हें मेरे इनकार से ठेस पहुँचती और निराशा होती—और साथ ही उन लोगों के प्रति भी, जिन्होंने हमें अपना वोट दिया था। मेरी भावनाएं पल-पल बदल रही थीं। एक पल मुझे सब कुछ साफ लग रहा था, तो अगले ही पल मैं भारी उलझन में थी।
गठबंधन के नेताओं के साथ एक बैठक तय हुई थी। वे अगली दोपहर मेरे घर आने वाले थे। “हम उन्हें मना लेंगे...” उन्होंने मेरे साथियों को यह भरोसा दिलाया था। जब मैं उन पलों को याद करती हूँ, तो वे अपनी ही रफ्तार से, वक्त के साथ धीरे-धीरे सामने आते चले जाते हैं।
[…]
मेरे घर के दूसरे छोर पर, राजीव के कॉन्फ्रेंस रूम में गठबंधन के कुछ नेताओं के साथ एक बैठक चल रही है। वे एक घंटे से ज़्यादा समय से बारी-बारी से बात कर रहे हैं और मुझे अपने प्रस्ताव को मानने का आग्रह कर रहे हैं, जबकि मैं चुपचाप सुन रही हूं। बातचीथ खत्म होती है, और वे जवाब के लिए मेरी तरफ देखते हैं। मैं जितनी हो सकी उतनी हिम्मत जुटाती हूं और अपनी बात रखती हूं।
उनके बीच हंगामा मच जाता है, वे उठ खड़े होते हैं और मेरी ओर बढ़ने लगते हैं। मैं भी खड़ी हो जाती हूं। वे मुझे चारों तरफ से घेर लेते हैं। उनमें से एक कहता है, "हम इसे स्वीकार नहीं करेंगे।" दूसरा कहता है, "मैडम, आप यह फैसला नहीं ले सकतीं।" उनके लहजे में सख्ती है, लगभग आक्रामकता है। "हम 'नहीं' में कोई जवाब नहीं सुनेंगे।" मैं अंदर तक हिल जाती हूँ। मुझे लगता है कि मुझ पर दबाव डाला जा रहा है। मैं बहुत धीमी आवाज़ में, शायद किसी को सुनाई भी न दिया हो, हल्के से कहती हूं, "ठीक है।" वहां मौजूद नेता मेरी बात पूरी होने का इंतज़ार भी नहीं करते और एक-एक करके मुझे बधाई देने लगते हैं। कोई कहता है, "वह मान गई हैं, वह मान गई हैं!" मैं बस वहीं सुन्न खड़ी रह जाती हूं, कुछ और कह पाने की स्थिति में नहीं। नेता चले जाते हैं, चैन की सांस लेकर।
[…]
मैं अपने बेडरूम में चली गई और एपी को एक और कॉल किया। मैंने उनसे कहा कि गठबंधन के नेताओं के साथ अभी जो कुछ भी हुआ है, उसके बावजूद मैं अभी भी किसी नतीजे पर नहीं पहुंची हूं। मैं चाहती थी कि वह इस सबके बाद होने वाले हालात को संभालें, क्योंकि नेताओं ने सबके सामने यह कह दिया था कि मैं सहमत हो गई हूं।
[…]
मेरा मन अंदर से मुझे लगातार चेतावनी दे रहा था कि मेरे कदमों के दूरगामी परिणाम होंगे—न केवल मेरी पार्टी के लिए, बल्कि पूरे भारत के लिए।
[...]
राजनीति में आने के पीछे मेरा यह पक्का विश्वास था कि आरएसएस और उसके कई कट्टरपंथी संगठनों के दम पर आगे बढ़ने वाली बीजेपी अगर सत्ता में आती है, तो वह समुदायों के बीच टकराव को बढ़ावा देगी और संविधान को कमजोर करेगी।
मैं अच्छी तरह जानती थी कि वे लोग अभी जो शोर मचा रहे हैं, और चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने जो प्रचार-प्रसार किया है, वह मेरे मान लेने पर भी कम नहीं होगा। बीजेपी और उसके सहयोगी दल पक्के तौर पर मेरे 'विदेशी मूल' के मुद्दे का इस्तेमाल करेंगे; वे लोगों की भावनाओं को भड़काएंगे और ऐसा हंगामा खड़ा कर देंगे कि अतीत और आने वाले वर्षों के सारे अच्छे काम उसी में दबकर रह जाएंगे। ऐसे में, यह जानते हुए भी कि इससे मेरे देश को—उस देश को जिससे मैं प्यार करती हूं—चोट पहुंच सकती है, मैं प्रधानमंत्री का पद संभालने के लिए कैसे तैयार हो सकती थी? नहीं, हरगिज नहीं!
रात ढलने लगी थी। यह एक लंबी रात थी […] मैं अपने बेडरूम में गई और हमेशा की तरह बिस्तर पर उस तरफ लेट गई जहां मेरे पति सोया करते थे। मेरे अंदर से एक आवाज़ आई, “सोनिया, यह कितना बेतुका प्रस्ताव है। तुम इटली में पैदा हुई और पली-बढ़ी हो, और अब तुम्हें दुनिया के दूसरे छोर पर बसे एक अरब से ज़्यादा लोगों वाले देश का नेतृत्व करने के लिए चुना जा रहा है।” दूसरी आवाज़ ने जवाब दिया, “यह तुम्हारा देश है; तुम्हारी पूरी वयस्क ज़िंदगी और तुम्हारी निष्ठा इसी के प्रति है। जब तुमने अपने प्रिय जीवनसाथी को खो दिया, तो इसी देश ने तुम्हें अपने गले से लगा लिया, जैसे तुम इन्हीं की अपनी कोई हो। यहां के लोगों ने तुम्हें ढाढस बंधाया और बड़े-बड़े दुखों के समय तुम्हारा सहारा बने। जिन लोगों ने तुम पर और तुम्हारी पार्टी पर भरोसा जताया है, तुम उनके प्रति अपनी ज़िम्मेदारी कैसे छोड़ सकती हो?” भावनाओं का एक सैलाब उमड़ पड़ा, और मुझे राजीव की बहुत याद आई। घोर थकान के कारण जब मैं नींद की आगोश में जा रही थी, तो अचानक मेरे मन से शक का आखिरी तिनका भी दूर हो गया था। “सोनिया, अपने प्रति ईमानदार रहो,” मैंने खुद से कहा। “तुम तो यह जानती ही हो। बस, इसे छोड़ दो!”
कुछ घंटों बाद मेरी नींद खुली, तो मैं सीधे अपने बेटे के कमरे में गई और दरवाज़ा खटखटाया। मैंने उससे कहा, "मैंने फ़ैसला कर लिया है। मैं अपने स्टैंड पर कायम रहूंगी।" वह मेरे पास आया, मुझे गले लगा लिया और बोला, "यह बिल्कुल सही फ़ैसला है।" चुनाव के नतीजे आने के बाद पहली बार मुझे सुकून महसूस हुआ। अब कोई भी मुझे मेरे मकसद से डिगा नहीं पाएगा।
पुस्तक शीर्षक : बिलॉंगिंग: ए जर्नी ऑफ लव
लेखक : सोनिया गांधी
प्रकाशक : हार्पर कॉलिंस पब्लिशर इंडिया
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
