राहुल गांधी की न्याय यात्रा में शामिल होंगे अखिलेश यादव, 25 फरवरी को आगरा में दोनों नेता दिखेंगे साथ

कार्यक्रम के अनुसार अखिलेश यादव 25 फरवरी को आगरा में टेढ़ी बगिया स्थित आंबेडकर प्रतिमा के पास भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होंगे। न्याय यात्रा आगरा के शाहदरा चौराहे से फतेहपुर सीकरी तक जाएगी।

अखिलेश 25 फरवरी को आगरा में राहुल गांधी की न्याय यात्रा में शामिल होंगे
अखिलेश 25 फरवरी को आगरा में राहुल गांधी की न्याय यात्रा में शामिल होंगे
user

नवजीवन डेस्क

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव कांग्रेस नेता राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' में 25 फरवरी को आगरा में शामिल होंगे। उन्होंने खुद इसकी जानकारी देते हुए कहा कि हम यात्रा में शामिल होंगे। जल्द ही कांग्रेस का कार्यक्रम आगरा में होगा और मैं उसमें शामिल होऊंगा।

अखिलेश यादव को भारत जोड़ो न्याय यात्रा के लिए न्योता देने यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय खुद गुरुवार को लखनऊ में सपा दफ्तर पहुंचे। कांग्रेस प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने बताया कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय और भारत जोड़ो न्याय यात्रा के उत्तर प्रदेश के संयोजक पीएल पुनिया और अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ सपा कार्यालय पहुंचे।


अंशू अवस्थी ने बताया कि उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की तरफ से सपा अध्यक्ष को भेजे गए आमंत्रण पत्र को सपा के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी को सौंपा। अवस्थी ने बताया कि राजेंद्र चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आगरा में राहुल गांधी के साथ यात्रा में शामिल होंगे।

कार्यक्रम के अनुसार सपा मुखिया 25 फरवरी को आगरा में टेढ़ी बगिया स्थित आंबेडकर प्रतिमा के पास यात्रा में शामिल होंगे। न्याय यात्रा आगरा के शाहदरा चौराहे से फतेहपुर सीकरी तक जाएगी। अखिलेश यादव का यह ऐलान समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन होने के बाद आया है, जिससे साफ है कि दोनों दल गठबंधन को मजबूत करने में जुट गए हैं।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia