बांकीपुर उपचुनावः नितिन नवीन के करीबी अभिषेक ने छोड़ा मैदान, नामांकन के बाद बीजेपी ने बदला उम्मीदवार
बांकीपुर सीट बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी, जिसके चलते यहां उपचुनाव हो रहा है। यहां से बीजेपी ने नितिन नवीन का काम देखने वाले अभिषेक बंटी को उम्मीदवार घोषित किया था। लेकिन अब उनकी जगह नीरज को उम्मीदवार बनाया गया है।

बिहार की राजधानी पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल होने के बाद बीजेपी ने अपने उम्मीदवार अभिषेक कुमार ‘बंटी’ को बदल दिया है। पार्टी ने अब यहां से नीरज कुमार सिन्हा को नया उम्मीदवार घोषित किया है। बंटी बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन के करीबी हैं, ऐसे में उनके नामांकन के बाद मैदान से हटने को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो गए हैं।
आज दोपहर बाद अचानक बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की हलचल के बीच बीजेपी ने अपने घोषित उम्मीदवार अभिषेक कुमार सिन्हा को बदलते हुए नीरज कुमार सिन्हा को पार्टी का आधिकारिक उम्मीदवार घोषित कर दिया। वर्ष 1994 में जन्मे नीरज वर्तमान में मीठापुर के निवासी हैं। वह अविवाहित हैं और उन्होंने बी.ए. तक की शिक्षा प्राप्त की है। नीरज लंबे समय से बीजेपी संगठन से जुड़े हैं।
बीजेपी के अनुसार, उन्होंने वर्ष 2006 में बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की थी। इसके बाद उन्होंने संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं। वह नरेंद्र भारती मंडल के बूथ अध्यक्ष, मंडल महामंत्री, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष और दो बार मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं। वर्तमान में भी वह नरेंद्र भारती मंडल के मंडल अध्यक्ष हैं। उनके चाचा स्वर्गीय नरेंद्र भारती जनसंघ काल के कार्यकर्ता थे। उनका निधन वर्ष 1984 में हुआ था। उनके निधन के बाद ही संबंधित मंडल का नाम 'नरेंद्र भारती मंडल' रखा गया।
इससे पहले आज पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया। उन्होंने बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को पत्र सौंपकर अपनी उम्मीदवारी वापस लेने की जानकारी दी। इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभिषेक कुमार सिन्हा ने कहा कि वह निजी और पारिवारिक कारणों से बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव नहीं लड़ पाएंगे।
मंगलवार को बीजेपी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के करीबी अभिषेक कुमार सिन्हा को इस सीट से अपना उम्मीदवार घोषित किया था। गुरुवार को अभिषेक ने बांकीपुर उपचुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र भी दाखिल कर दिया था। नामांकन के दौरान बीजेपी और एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे थे। इनमें बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की सांसद शांभवी चौधरी शामिल थे।
बांकीपुर विधानसभा सीट बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी, जिसके चलते यहां उपचुनाव कराया जा रहा है। यहां से बीजेपी ने नितिन नवीन का काम देखने वाले अभिषेक बंटी को उम्मीदवार घोषित किया था। लेकिन नामांकन के बाद अभिषेक सिन्हा के चुनाव मैदान से हटने के फैसले ने राजनीतिक हलकों में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। बीजेपी के उम्मीदवार बदलने के इस फैसले के बाद बांकीपुर उपचुनाव का राजनीतिक समीकरण और दिलचस्प हो गया है।
यह उपचुनाव इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि जन सुराज अभियान के संस्थापक और चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर भी इस सीट से चुनाव मैदान में हैं। प्रशांत किशोर लगातार क्षेत्र में जनसंपर्क कर रहे हैं और घर-घर जाकर मतदाताओं से समर्थन मांग रहे हैं। वहीं आरजेडी की ओर से रेखा गुप्ता मैदान में हैं, जिन्होंने 2025 में नितिन नवीन के खिलाफ चुनाव लड़ा था। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई निर्धारित है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
