बिहारः नीतीश के बेटे निशांत बनेंगे मंत्री या डिप्टी सीएम, सम्राट मंत्रिमंडल में शामिल होने को लेकर चर्चा गर्म
निशांत के मंत्री बनने को लेकर पार्टी के भीतर इच्छा जरूर जताई जा रही है और उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल होने को लेकर समझाने की कोशिश भी की जा रही है। लेकिन निशांत कुमार के साथ ही नीतीश कुमार की अपनी रणनीति और सोच है। इसलिए अभी कुछ कहा नहीं जा सकता है।

बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल का विस्तार 7 मई को होने जा रहा है। राज्य में पहली बार भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेतृत्व में बनी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने को लेकर पार्टी कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाह रही है। इस बीच सम्राट मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले मंत्रियों के नाम को लेकर भी अटकलों का दौर चरम पर है।
इधर सीएम सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल में पूर्व मुख्यमंत्री और जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के भी शामिल होने को लेकर प्रदेश की सियासत में चर्चा तेज हो गई है। उनके मंत्री बनाए जाने की चर्चाओं को लेकर जेडीयू कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। निशांत कुमार फिलहाल प्रदेश के सभी जिलों के दौरे पर अपनी सद्भाव यात्रा पर हैं।
इस बीच, जेडीयू एमएलसी संजय गांधी ने बुधवार को कहा कि पार्टी के कई नेता चाहते हैं कि निशांत कुमार मंत्री बनें, लेकिन अंतिम फैसला खुद निशांत कुमार को लेना है। फिलहाल उनकी प्राथमिकता पहले बिहार में अपनी राजनीतिक और सामाजिक समझ को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि सभी लोग चाहते हैं कि निशांत मंत्री बनें।
हालांकि निशांत कुमार के मंत्री बनने को लेकर फिलहाल तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं है। बताया जा रहा है कि निशांत को मंत्रिमंडल में शामिल होने को लेकर उन्हें समझाने की कोशिश भी की जा रही है। उनके मंत्री बनने को लेकर पार्टी के भीतर इच्छा जरूर जताई जा रही है, लेकिन निशांत कुमार के साथ ही नीतीश कुमार की अपनी रणनीति और सोच है। इसलिए अभी कुछ कहा नहीं जा सकता है।
बता दें कि बिहार में 7 मई यानी गुरुवार को कैबिनेट विस्तार होना है। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में भव्य शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार के साक्षी बनेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत अनेक नेता कार्यक्रम में आएंगे। इस दौरान, एनडीए के नेता भी शामिल होंगे, जिनमें नीतीश कुमार और जीतन राम मांझी भी शामिल हैं। बिहार एनडीए के सभी सांसद और राज्य से आने वाले केंद्रीय मंत्री भी हिस्सा लेंगे। पटना में शपथ ग्रहण समारोह के लिए जगह-जगह पोस्टर भी लगाए गए हैं, जिनमें पीएम नरेंद्र मोदी, अमित शाह और नितिन नवीन के फोटो लगे हैं।
