बाराबंकी से BJP उम्मीदवार उपेंद्र रावत ने चुनाव लड़ने से किया इनकार, अश्लील वीडियो वायरल होने पर लिया फैसला

लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी की तरफ से जारी 195 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट में उपेंद्र रावत का भी बाराबंकी से नाम था। लेकिन, नाम की घोषणा होने के एक दिन बाद सोशल मीडिया पर उनका एक कथित अश्लील वीडियो वायरल हो गया, जिसके बाद वह विवादों में घिर गए।

अश्लील वीडियो वायरल होने पर बाराबंकी से BJP उम्मीदवार उपेंद्र रावत ने चुनाव लड़ने से किया इनकार
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी संसदीय क्षेत्र से बीजेपी के घोषित उम्मीदवार उपेंद्र सिंह रावत अश्लील वीडियो वायरल होने पर विवादों में घिर गए हैं। विवाद बढ़ने पर रावत ने आगामी लोकसभा चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी घोषणा की। इसके साथ ही उपेंद्र रावत ने निर्दोष साबित होने तक सार्वजनिक जीवन में कोई भी चुनाव नहीं लड़ने का भी ऐलान किया है।

उपेंद्र सिंह रावत अभी बाराबंकी सीट से बीजेपी के सांसद हैं और उन्हें पार्टी की तरफ से फिर से यहीं से उम्मीदवार बनाया गया था। उपेंद्र सिंह रावत ने सोमवार को अपने पोस्ट में लिखा, ''मेरा एक एडिटेड वीडियो वायरल किया जा रहा है, जो डीपफेक एआई तकनीक द्वारा जनरेटेड है, जिसकी एफआईआर मैंने दर्ज करा दी है। इसके संदर्भ में मैंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से निवेदन किया है कि इसकी जांच करवाई जाए। जब तक मैं निर्दोष साबित नहीं होता सार्वजनिक जीवन में कोई चुनाव नहीं लड़ूंगा।''


आगामी लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी की तरफ से जारी 195 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट में उपेंद्र रावत का भी नाम शामिल है। उन्हें बाराबंकी से पार्टी ने उम्मीदवार बनाने की घोषणा की। लेकिन, नाम की घोषणा होने के एक दिन बाद सोशल मीडिया पर उनका एक कथित अश्लील वीडियो वायरल हो गया, जिसके बाद वह विवादों में घिर गए। सांसद प्रतिनिधि दिनेश चंद्र रावत ने इस कथित अश्लील वीडियो को लेकर पुलिस में शिकायत भी दर्ज करवाई है। फिलहाल, पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।

इससे पहले भोजपुरी के पावर स्टार पवन सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए बीजेपी को झटका देते हुए आगामी लोकसभा चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया था। बीजेपी ने उन्हें पश्चिम बंगाल की आसनसोल सीट से टिकट दिया था। लेकिन, पवन सिंह ने टिकट के ऐलान के 24 घंटे के अंदर ही चुनाव नहीं लड़ने का मन बना लिया।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia