पश्चिम बंगाल में बीजेपी तीन चुनाव हारी, अब चौथी हार की बारी: अभिषेक बनर्जी

अभिषेक बनर्जी ने सदन में केंद्रीय बजट पर चर्चा में भाग लेते हुए यह आरोप भी लगाया कि इस सरकार में जन्म से लेकर अंतिम संस्कार तक, हर चीज पर कर लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बजट में पश्चिम बंगाल का नाम भी नहीं लिया गया।

पश्चिम बंगाल में बीजेपी तीन चुनाव हारी, अब चौथी हार की बारी: अभिषेक बनर्जी
i
user

नवजीवन डेस्क

तृणमूल कांग्रेस महासचिव अभिषेक बनर्जी ने सोमवार को लोकसभा में बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि उसे पश्चिम बंगाल में लगातार तीन चुनावों में हार का मुंह देखना पड़ा और अब उसकी चौथी हार भी करीब है। उन्होंने सदन में केंद्रीय बजट पर चर्चा में भाग लेते हुए यह आरोप भी लगाया कि इस सरकार में जन्म से लेकर अंतिम संस्कार तक, हर चीज पर कर लगाया जा रहा है।

पश्चिम बंगाल के डायमंड हार्बर से लोकसभा सदस्य अभिषेक बनर्जी ने कहा कि बजट में पश्चिम बंगाल का नाम भी नहीं लिया गया। उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव, 2021 के बंगाल विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव का हवाला देते हुए कहा, ‘‘बीजेपी को तीन चुनावों में निर्णायक हार का सामना करना पड़ा और अब चौथी हार भी करीब है।’’


तृणमूल नेता ने बीजेपी पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘हम एक ऐसे भारत में रह रहे हैं जहां किसी को बांग्ला बोलने से बांग्लादेशी और मछली खाने से मुगल घोषित किया जाता है।’’ उन्होंने कहा कि यह संघवाद की सरकार नहीं है, बल्कि यह संदेश दिया जा रहा है कि ‘‘हमारे हिसाब से चलो, अन्यथा ठीक कर दिए जाओगे।’’

अभिषेक बनर्जी ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का उल्लेख करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में इस कवायद के दौरान 150 लोगों की मौत हो चुकी है और एक करोड़ लोगों को चुनावी रूप से संदेह के दायरे में खड़ा कर दिया गया है। उन्होंने दावा किया कि समाज में नफरत फैलाने के मामलों में सरकार के स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री कहते हैं कि न खाऊंगा न खाने दूंगा। लेकिन बीजेपी में शामिल हुए विपक्ष के नेताओं को वाशिंग मशीन में पाक-साफ कर दिया गया।’’

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia