उपचुनावः बांकीपुर और मंजलपुर सीट पर 35 प्रतिशत से भी कम मतदान, MP के दतिया में करीब 72 फीसदी वोटिंग
बांकीपुर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की परंपरागत सीट रही है, जिसे उन्होंने राज्यसभा सांसद बनने के कारण छोड़ा था। इस सीट पर जनसुराज के प्रशांत किशोर के उतरने से यह सीट हाईप्रोफाइल हो गई थी। इसके बावजूद यहां कम मतदान होना कई सवाल खड़े करता है।

देश के तीन राज्यों की तीन विधानसभा सीट पर गुरुवार शाम को मतदान संपन्न हो गया है। इसमें मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर करीब 72 प्रतिशत मतदान हुआ है। वहीं गुजरात की मंजलपुर और बिहार की बांकीपुर सीट पर शाम 5 बजे तक 35 प्रतिशत से भी कम मतदान दर्ज किया गया। खास बात ये है कि बांकीपुर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की परंपरागत सीट रही है, जिसे उन्होंने राज्यसभा सांसद बनने के कारण छोड़ा था। इस सीट पर जनसुराज के प्रशांत किशोर के उतरने से यह सीट हाईप्रोफाइल हो गई थी। इसके बावजूद यहां कम मतदान होना कई सवाल खड़े करता है।
दतिया में 6 बजे तक करीब 72 प्रतिशत वोटिंग
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव के तहत आज मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया और शाम छह बजे तक करीब 72 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ, जो शाम छह बजे समाप्त हुआ। यहां शाम 6 बजे तक करीब 71.40 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। साल 2023 के विधानसभा चुनाव में यहां अब तक का सर्वाधिक 80.20 प्रतिशत मतदान हुआ था।
जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखड़े ने कहा कि मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं का पहुंचना शुरू हो गया था और लोगों ने उत्साह के साथ अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।उन्होंने कहा, ‘‘मतदान पूर्णतः शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। 71.40 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। यह संख्या अभी बढ़ सकती है।’’ उन्होंने कहा कि कहीं से न तो कोई शिकायत मिली है और न ही कोई अप्रिय घटना हुई है। वानखड़े ने कहा कि सभी मतदान केन्द्रों से आंकड़े आ जाने के बाद आधिकारिक रूप से मतदान प्रतिशत की घोषणा की जाएगी।
इस बीच, कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मतदान के दौरान सत्ता का खुलकर दुरुपयोग किया गया। पार्टी ने 'एक्स' पर एक वीडियो साझा करते हुए लिखा कि रामसागर के पोलिंग क्रमांक 51 से कांग्रेस के पोलिंग एजेंट को बिना कारण बताए पुलिस अपने साथ ले गई ताकि निष्पक्ष मतदान प्रक्रिया प्रभावित हो और ‘बूथ कैप्चरिंग’ हो सके।
बीजेपी और कांग्रेस में कांटे की टक्कर
बीजेपी ने दतिया सीट पर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है जबकि कांग्रेस ने घनश्याम सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है। आजाद समाज पार्टी के दामोदर सिंह यादव भी चुनाव मैदान में हैं और वह मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने का प्रयास कर रहे हैं। इन तीनों के अलावा 18 अन्य उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में हैं, जो प्रमुख राजनीतिक दलों के चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकते हैं।
वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने बीजेपी के नरोत्तम मिश्रा को 7,500 से अधिक मतों से हराया था। हालांकि, दिल्ली की एक अदालत ने अप्रैल में धोखाधड़ी के एक मामले में भारती को तीन वर्ष के कारावास की सजा सुनाई थी जिसके बाद आनन-फानन में उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त कर दी गई, जिससे दतिया सीट पर उपचुनाव कराना आवश्यक हो गया।
बांकीपुर उपचुनाव में 34.30 प्रतिशत मतदान
बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में गुरुवार को 35 प्रतिशत से भी कम मतदान दर्ज किया गया। इस सीट पर बीजेपी के दशकों पुराने वर्चस्व को चुनौती देने वाले प्रशांत किशोर का मैदान में उतरना भी मतदाताओं को बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों तक लाने में सफल नहीं रहा।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, उपचुनाव में कुल 34.30 प्रतिशत मतदान हुआ, जो पिछले वर्ष नवंबर में हुए विधानसभा चुनाव के 41.45 प्रतिशत मतदान की तुलना में सात प्रतिशत से अधिक कम है। यह वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव से भी कम है, जबकि उस समय कोविड-19 महामारी का असर था।
प्रशांत किशोर ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
मतदान के दिन राजनीतिक माहौल काफी गर्म रहा। चुनावी मैदान में पहली बार उतरे जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि पुलिस ने सत्तारूढ़ दल के इशारे पर उनके समर्थकों को हिरासत में लिया। पटना के गोलघर के निकट एक मतदान केंद्र के बाहर प्रशांत किशोर की नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य) ममता कल्याणी से बहस भी हुई। किशोर ने आरोप लगाया कि पुलिस जन सुराज के मतदान अभिकर्ताओं को हिरासत में ले रही है। आरजेडी की रेखा गुप्ता ने भी पुलिस और बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए।
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के कारण खाली हुई इस सीट पर हो रहे उपचुनाव में बीजेपी, जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर और कांग्रेस समर्थित राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) की रेखा गुप्ता के बीच मुकाबला है। बीजेपी के लिए 1995 से अजेय रही इस सीट पर, जिसे पहले पटना पश्चिम के नाम से जाना जाता था, प्रशांत किशोर बीजेपी के सामने प्रमुख चुनौती बनकर उभरे हैं। हालांकि, इस उपचुनाव में राजद की रेखा गुप्ता भी मैदान में हैं। रेखा गुप्ता पिछले वर्ष विधानसभा चुनाव में नितिन नवीन से 50 हजार से अधिक मतों से पराजित हुई थीं।
मंजलपुर में शाम 5 बजे तक 34.35 प्रतिशत वोटिंग
गुजरात के मंजलपुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न हो गया और शाम 5 बजे तक 34.35 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यह उपचुनाव बीजेपी के वरिष्ठ विधायक और गुजरात के पूर्व मंत्री योगेश पटेल के निधन के बाद हो रहा है, जिन्होंने कई बार इस निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था। यहां बीजेपी और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है। बीजेपी ने वडोदरा नगर निगम के पूर्व पार्षद और बीजेपी वडोदरा जिला अध्यक्ष रहे सतीश पटेल को मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस ने पार्टी के गुजरात उपाध्यक्ष और पूर्व राज्य मंत्री भीखाभाई रबारी को उम्मीदवार बनाया है।
दिन भर वोटिंग ज्यादातर शांतिपूर्ण रही, हालांकि पंचशील विद्यालय के पोलिंग स्टेशन के बाहर थोड़ी झड़प की खबर मिली, जहां बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर चुनाव नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया। पुलिस ने दखल देकर स्थिति को काबू में किया और पुष्टि की कि वोटिंग बिना किसी रुकावट के जारी रही। उपचुनाव के वोटों की गिनती 3 अगस्त को होगी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
