कांग्रेस ने तीन राज्यों में नए प्रभारियों की तैनाती की, राजेंद्र पाल गौतम उत्तर प्रदेश के प्रभारी बनाए गए
अपनी नियुक्ति पर राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि मेरा मकसद यही है कि खड़गे जी और राहुल जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को फिर से मजबूत किया जाए और बीजेपी की बहुजन विरोधी सरकार को सत्ता से बाहर किया जाए।

कांग्रेस ने शुक्रवार को अपने संगठन में महत्वपूर्ण फेरबदल करते हुए तीन राज्य में नए प्रभारियों की तैनाती की है। इस फेरबदल में राजेंद्र पाल गौतम को उत्तर प्रदेश, संजय दत्त को हरियाणा और लालजी देसाई को ओडिशा का प्रभारी नियुक्त किया गया है। साथ ही, भारतीय युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. को कांग्रेस के अग्रिम संगठन सेवा दल का मुख्य संगठक नियुक्त किया गया है। अगले साल के शुरू में होने वाले चुनाव को देखते हुए यूपी में गौतम की नियुक्ति बेहद अहम मानी जा रही है।
पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इन नियुक्तियों को स्वीकृति प्रदान की। दलित समुदाय से आने वाले राजेंद्र पाल गौतम को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से कुछ महीने मिले राज्य का प्रभार सौंपा गया है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी सरकार में मंत्री रहे गौतम सितंबर, 2024 में कांग्रेस में शामिल हुए थे और इसके कुछ महीने बाद ही उन्हें पार्टी के अनुसूचित जाति विभाग का अध्यक्ष बनाया गया था।
गौतम को अविनाश पांडे के स्थान पर उत्तर प्रदेश के प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पांडे इससे पहले राजस्थान और झारखंड प्रभारी की भूमिका निभा चुके थे। गौतम ने अपनी नियुक्ति पर कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का आभार जताया और कहा कि वह नेतृत्व के विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा, "मेरा मकसद यही है कि खड़गे जी और राहुल जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को फिर से मजबूत किया जाए और बीजेपी की बहुजन विरोधी सरकार को सत्ता से बाहर किया जाए।" उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के बहुजन राहुल गांधी को अपने नेता के रूप में देख रहे हैं। उत्तर प्रदेश में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होना है।
हाल ही में कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नियुक्त हुए बीके हरिप्रसाद को हरियाणा प्रभारी की जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है। हरिप्रसाद के स्थान पर हरियाणा के प्रभारी बनाए गए संजय दत्त अब तक पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और मध्य प्रदेश के लिए सह प्रभारी की भूमिका निभा रहे थे। इसके अलावा अजय कुमार लल्लू को ओडिशा प्रभारी की जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है।
वहीं श्रीनिवास को लालजी देसाई के स्थान पर सेवा दल का प्रमुख बनाया गया है। श्रीनिवास कोविड महामारी के समय बहुत सारे लोगों को ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराने के कारण "ऑक्सीजन मैन" के नाम से मशहूर हुए थे। वह फिलहाल कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और गुजरात के लिए सह प्रभारी की भूमिका निभा रहे थे।
