पंजाब चुनाव को लेकर कांग्रेस ने कसी कमर, वड़िंग बने रहेंगे अध्यक्ष, चन्नी कैंपेन कमेटी के प्रमुख नियुक्त

इसके साथ ही, पार्टी ने लोकसभा सांसद और वरिष्ठ नेता सुखजिंदर रंधावा को चुनाव कोर कमेटी का अध्यक्ष बनाया है। इसके अलावा पूर्व मंत्री विजय इंदर सिंघला को चुनाव प्रबंधन एवं समन्वय समिति का अध्यक्ष और सांसद अमर सिंह को घोषणापत्र समिति का अध्यक्ष बनाया गया है।

पंजाब चुनाव को लेकर कांग्रेस ने कसी कमर, वड़िंग बने रहेंगे अध्यक्ष, चन्नी कैंपेन कमेटी के प्रमुख नियुक्त
i

पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने संगठन को लेकर बड़ा ऐलान किया है। पार्टी ने चुनाव से पहले बुधवार को ऐलान किया कि प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और विधायक दल के नेता प्रताप सिंह बाजवा अपने पदों पर बने रहेंगे। वहीं पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए चुनाव अभियान समिति का प्रमुख नियुक्त किया है।

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इन नियुक्तियों को स्वीकृति प्रदान की। इसके साथ ही, पार्टी ने लोकसभा सदस्य और वरिष्ठ नेता सुखजिंदर रंधावा को चुनाव की कोर कमेटी का अध्यक्ष बनाया है।

इसके अलावा पूर्व मंत्री विजय इंदर सिंघला को चुनाव प्रबंधन एवं समन्वय समिति का अध्यक्ष और सांसद अमर सिंह को घोषणापत्र समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। इनके अलावा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं सुखविंदर सिंह डैनी, राजकुमार वर्का और संगत सिंह गिजलियान को राज्य इकाई का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है।


कांग्रेस ने चुनाव अभियान समिति के सह-अध्यक्ष के रूप में वरिष्ठ नेता सुखपाल सिंह खैरा, राणा गुरजीत सिंह और धर्मवीर गांधी को नियुक्त किया है। वहीं, चुनाव प्रबंधन एवं समन्वय समिति के सह-अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी ओ. पी. सोनी, रजिया सुल्ताना, कुलजीत सिंह नागरा, अंगद सिंह सैनी और भारत भूषण आशु को सौंपी गई है। इसके अलावा, पार्टी ने घोषणा पत्र समिति के सह-अध्यक्ष के रूप में गुरजीत सिंह औजला, परगट सिंह, हरदयाल सिंह कंबोज और सुखविंदर सिंह सरकारिया को नियुक्त किया है।

राज्य में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले कांग्रेस ने चुनाव के लिए कमर कसते हुए अपनी चुनाव से जुड़ी सभी टीमों का ऐलान कर दिया है, जिसे बेहद अहम माना जा रहा है। इसमें अमरिंदर सिंह राजा वडिंग को प्रदेश अध्यक्ष बनाए रखने का फैसला मास्टरस्ट्रोक माना जा रहा है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए