Delhi Elections: कांग्रेस की पहली लिस्ट जारी, 54 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान

कांग्रेस ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के 54 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। लिस्ट के अनुसार वरिष्ठ कांग्रेस नेता एके वालिया कृष्णा नगर, अरविंदर सिंह लवली गांधी नगर, अलका लांबा चांदनी चौक, मतीन अहमद सीलमपुर से चुनाव लड़ेंगे।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने आज उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करते हुए 54 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया। लिस्ट के अनुसार पूर्व मंत्री एके वालिया को लक्ष्मीनगर की जगह कृष्णा नगर से उतारा गया है। जबकि बल्लीमारान से हारून यूसुफ, गांधी नगर से अरविंदर सिंह लवली, सीलमपुर से चौधरी मतीन अहमद चुनाव लड़ेंगे। वहीं द्वारका से कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक आदर्श शास्त्री को टिकट देने का फैसला किया है, जो आज ही कांग्रेस में शामिल हुए हैं।

देर शाम जारी कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली सूची में 10 महिला उम्मीदवारो को टिकट मिला है। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा की बेटी शिवानी चोपड़ा को कालकाजी से प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं दिल्ली कांग्रेस की चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष कीर्ति आजाद की पत्नी पूनम आजाद को संगम विहार से टिकट दिया गया है। इनके अलावा हाल ही में आम आदमी पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुईं अलका लांबा को पार्टी ने चांदनी चौक सीट से प्रत्याशी बनाया है। जबकि पूर्व मंत्री कृष्णा तीरथ पर भरोसा जताते हुए पार्टी ने उन्हें पटेल नगर से उम्मीदवार बनाया है।


पहली सूची के अनुसार प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश लिलोठिया को मंगोलपुरी से और देवेंद्र यादव को बादली से टिकट दिया गया है। जबकि तलविंदर मारवाह जंगपुरा से चुनाव लड़ेंगे। वहीं पड़पड़गंज सीट से दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के खिलाफ कांग्रेस ने लक्ष्मण रावत को चुनाव में उतारा है।

कांग्रेस ने दिल्ली में कई युवा चेहरों पर भरोसा जताया है। इसके तहत कांग्रेस की मीडिया पैनलिस्ट राधिका खेड़ा को जनकपुरी, महिला कांग्रेस की पदाधिकारी नीतू वर्मा को मालवीय नगर, आकांक्षा ओला को मॉडल टाउन, युवा पार्षद अभिषेक दत्त को कस्तूरबा नगर और अली मेहंदी को मुस्तफाबाद से उम्मीदवार बनाया गया है।

गौरतलब है कि दिल्ली में 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए आठ फरवरी को मतदान होगा और 11 फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia