राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस की लहर, बीजोपी को झटका, राहुल गांधी बोले- यह जनादेश देश के हर गांव की आवाज

अशोक गहलोत ने कांग्रेस के प्रदर्शन को बीजेपी सरकार के खिलाफ ग्रामीण मतदाताओं का स्पष्ट संदेश बताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाताओं ने कांग्रेस को भारी जीत दिलाकर बीजेपी सरकार को संकेत दे दिया है कि अब उसके जाने का समय आ चुका है।

राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस की लहर, बीजोपी को झटका, राहुल गांधी बोले- यह जनादेश देश के हर गांव की आवाज
i

राजस्थान पंचायत चुनावों में कांग्रेस की प्रचंड जीत, बीजेपी को बड़ा झटका

कांग्रेस ने पंचायत समिति की 3758 सीट जीती, बीजेपी 2213 सीट पर सिमटी

सीएम भजनलाल शर्मा के गृह जिले और वसुंधरा के गढ़ में बीजेपी की करारी हार

गहलोत ने नतीजों को बीजेपी के खिलाफ ग्रामीण मतदाताओं का स्पष्ट संदेश बताया

राजस्थान के पंचायत चुनावों में कांग्रेस ने सत्तारूढ़ बीजेपी को बड़ा झटका देते हुए प्रचंड जीत हासिल की है। राज्य निर्वाचन आयोग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, पंचायत समिति की 7520 सीटों के परिणाम आए हैं जिनमें कांग्रेस ने 3758 और बीजेपी ने 2213 सीटें जीती हैं। इसी तरह जिला परिषद के सदस्यों के लिए हुए चुनाव के घोषित नतीजों में कांग्रेस ने 744 और बीजेपी ने 349 सीटों पर जीत दर्ज की है।

राजस्थान के पंचायत चुनाव के नतीजों पर राहुल गांधी ने कहा, "राजस्थान के ग्रामीण भाइयों-बहनों का दिल से धन्यवाद। पंचायत चुनाव में आपने कांग्रेस पर जो भरोसा जताया है, वो अब हमारी ज़िम्मेदारी है। ये जवाब बीजेपी की अपनी सरकार वाले राज्य से आया है - सीधे "डबल इंजन" को।"

राहुल गांधी ने आगे कहा, "बीजेपी ने मनरेगा पर हमला किया, किसान को घाटे में डुबोया, पंचायतों के अधिकार छीने। महंगाई, बेरोज़गारी और पलायन ने गाँव सूने कर दिए। गाँव सब देख रहा था, सह रहा था। अब उसने बोल दिया है। ये सिर्फ़ राजस्थान का जनादेश नहीं - देश के हर गाँव की आवाज़ है।"

कांग्रेस ने 37 जिलों में से 33 जिलों में अधिक सीट जीती

जिलावार नतीजों पर नजर डालें तो कांग्रेस ने मतगणना वाले कुल 37 जिलों में से 33 जिलों में पंचायत समिति की सीटों पर बीजेपी से अधिक जीत हासिल की। वहीं, बीजेपी केवल चार जिलों अजमेर, बालोतरा, सलूंबर और उदयपुर में कांग्रेस से आगे रही। जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस 24 जिलों में और बीजेपी केवल छह जिलों में अधिक सीटों पर आगे रही।

चुनाव परिणामों में सबसे ज्यादा चौंकाने वाली तस्वीर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के प्रभाव वाले झालावाड़ से सामने आई है। दोनों ही जगह बीजेपी की करारी हार हुई है और कांग्रेस की लहर देखनो को मिली है। वहीं सीकर जिले में प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार को करारी हार का सामना करना पड़ा। परिवार के तीन लोगों ने चुनाव लड़ा था और तीनों को करारी हार का सामना करना पड़ा। पार्टी का इसी तरह का हाल बीजेपी के अन्य दिग्गज नेताओं के क्षेत्र में भी हुआ है।


सीएम भजनलाल और वसुंधरा के गढ़ में भी हार

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर में कांग्रेस को 46, बीजेपी को 32 और निर्दलीयों को 76 सीटें मिलीं। जयपुर में कांग्रेस ने 216 पंचायत समिति सीटें जीतीं, जबकि बीजेपी को 87 सीटें मिलीं। जोधपुर में कांग्रेस 195 और बीजेपी 81 सीटों पर विजयी रही। सीकर में कांग्रेस ने 179 और बीजेपी ने 87 सीटें हासिल कीं।

इसी तरह पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के प्रभाव वाले झालावाड़ में भी बीजेपी को झटका लगा है। जिले के आठ नगर निकायों में से चार झालावाड़, भवानी मंडी, खानपुर और डग में कांग्रेस को बहुमत मिला, जबकि बीजेपी को तीन निकायों झालरापाटन, अकलेरा और मनोहर थाना में जीत मिली। झालावाड़ नगर परिषद के 45 वार्डों में कांग्रेस ने 29 और बीजेपी ने 13 सीटें जीती थीं। जिले में कांग्रेस की बढ़त इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि झालावाड़ लंबे समय से वसुंधरा राजे का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है।

बीजेपी सरकार के जाने का समय आ चुका है

कांग्रेस नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पंचायत चुनावों में कांग्रेस के प्रदर्शन को बीजेपी सरकार के खिलाफ ग्रामीण मतदाताओं का स्पष्ट संदेश बताया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाताओं ने कांग्रेस को भारी जीत दिलाकर बीजेपी सरकार को संकेत दे दिया है कि अब उसके जाने का समय आ चुका है।

अशोक गहलोत ने आरोप लगाया कि किसान, मजदूर और महिलाएं बीजेपी सरकार की उपेक्षा और वादाखिलाफी से परेशान हैं। गांवों की समस्याओं को नजरअंदाज करना सरकार को भारी पड़ा है। उन्होंने कहा कि हम लगातार यह बात कह रहे थे कि गांवों में बीजेपी के खिलाफ़ माहौल है। मुख्यमंत्री जी इस जनभावना को भांप नहीं पाए और पूरी बीजेपी सत्ता के मद में चूर रही। आज ग्रामीण मतदाताओं ने अपने वोट के जरिए इसका जवाब दिया है।


मुख्यमंत्री और उनके मंत्रियों को इस्तीफा दे देना चाहिए

राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने जिला परिषद और पंचायत राज चुनावों में बीजेपी की करारी हार पर कहा कि मुख्यमंत्री और उनके मंत्रियों को नैतिक आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन चुनाव के नतीजे ग्रामीण मतदाताओं द्वारा सत्ताधारी पार्टी को पूरी तरह से नकारने का अभूतपूर्व उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने बीजेपी सरकार को सबक सिखाया है जो अगले महीने अपने कार्यकाल के तीन साल पूरे करने जा रही है।

डोटासरा ने कहा, ‘‘पंचायती राज का ऐसा परिणाम आया है जो आज तक राजस्थान के इतिहास में नहीं आया। स्थानीय निकाय के चुनाव में परिणाम लगभग सत्तारूढ़ पार्टी के पक्ष में जाते हैं। आज इन चुनाव में बीजेपी का सूपड़ा साफ हो गया। जनता ने उसे बता दिया कि आप पर भरोसा करके गलती की और आज ब्याज समेत चुका रहे हैं।’’

डोटासरा ने आरोप लगाया, ‘‘बीजेपी ने अधिक से अधिक नगर निकाय में नियंत्रण पाने के लिए पुलिस और प्रशासन का दुरुपयोग किया था लेकिन अब जनता ने उसे करारा जवाब दिया है।’’उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और बीजेपी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने राजस्थान के नगर निमाय चुनावों के नतीजों को बड़ी जीत के रूप में पेश किया था लेकिन अब ग्रामीण मतदाताओं ने उन्हें मुंहतोड़ जवाब दिया है।

जनता का साफ संदेश, सत्ता का अहंकार नहीं चलेगा

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने राजस्थान के पंचायत चुनावों के नतीजों को लेकर शुक्रवार को बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ने साफ संदेश दिया है कि सत्ता का अहंकार नहीं चलेगा और जनादेश सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि राज्य की 419 पंचायत समितियों में से अब तक 384 के परिणाम सामने आए हैं, जिनमें 289 पंचायत समितियों में कांग्रेस के बोर्ड बनने जा रहे हैं, जबकि बीजेपी को 85 पंचायत समितियों में सफलता मिली है।

रमेश ने कहा कि कुछ राजनीतिक विश्लेषक राजस्थान में ‘‘राजनीतिक जलवायु परिवर्तन’’ की बात कर रहे हैं, लेकिन यह जलवायु परिवर्तन नहीं, बल्कि जनता द्वारा प्रदेश के राजनीतिक माहौल का सही आकलन है। रमेश ने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता ने बीजेपी की जनविरोधी नीतियों और बिगड़ते हालात का मूल्यांकन करते हुए केंद्र और राज्य की बीजेपी सरकारों को जवाब दिया है।


'बिस्तर गोल हो रहा है, मोदी जी'

कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने भी पंचायत चुनावों के नतीजों को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा। खेड़ा ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए शुक्रवार को कहा कि राज्य में सत्तारूढ़ पार्टी का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का राजनीतिक आधार कमजोर हो रहा है। पवन खेड़ा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में तंज कसते हुए कहा, ‘‘क्या किसी ने मोदी जी को राजस्थान में उनकी शानदार लोकप्रियता पर बधाई दी?'' पवन खेड़ा ने आंकड़ों का हवाला देते हुए बीजेपी पर कटाक्ष किया और कहा, ‘‘हालात बहुत खराब हैं। बिस्तर गोल हो रहा है, मोदी जी।’’

बीजेपी का देश के संविधान के प्रति कोई सम्मान नहीं

राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि वह जानना चाहते हैं कि इन नतीजों की जिम्मेदारी कौन लेगा- मुख्यमंत्री या बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष? उन्होंने कहा कि पिछले तीन साल में इस बीजेपी सरकार ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को या तो बंद कर दिया है या उन्हें कमजोर कर दिया है। जूली ने कहा कि बीजेपी का देश के संविधान के प्रति कोई सम्मान नहीं है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए