AIMIM नेता रहे आसिम वकार कांग्रेस में शामिल, बोले- BJP को सत्ता से हटाकर जनहित की सरकार लाना मकसद

कांग्रेस में शामिल होने के बाद वकार ने ओवैसी को सलाह देते हुए कहा कि बीजेपी को हराने की कोशिश करनी चाहिए। बीजेपी के खिलाफ लड़ने वालों के खिलाफ लड़ना बीजेपी की मदद करना है। आसिम वकार ने कहा कि देश की अधिकतर आबादी राहुल गांधी के साथ खड़ी है।

AIMIM नेता रहे आसिम वकार कांग्रेस में शामिल, बोले- BJP को सत्ता से हटाकर जनहित की सरकार लाना मकसद
i

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को बड़ा झटका देते हुए पार्टी के चर्चित नेता आसिम वकार ने बुधवार को नई दिल्ली में कांग्रेस का दामन थाम लिया। कांग्रेस में शामिल होने के बाद वकार ने ओवैसी को सलाह देते हुए कहा कि बीजेपी को हराने की कोशिश करनी चाहिए और जो बीजेपी को हरा रहा है, उसके खिलाफ नहीं लड़ना चाहिए। आसिम वकार ने कहा कि देश की अधिकतर आबादी राहुल गांधी के साथ खड़ी है।

आसिम वकार ने कहा कि देश से मोहब्बत करने वाले लोग बीजेपी की देशविरोधी सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकना चाहते हैं, ताकि देश में एक सेक्युलर और जनहित की सरकार बनाई जा सके। एआईएमआईएम में रहने के बाद मुझे लगा कि हम बात तो बीजेपी और उसकी विचारधारा से लड़ने की करते हैं, लेकिन जमीन पर उनसे लड़ रहे हैं जो बीजेपी के खिलाफ लड़ रहे हैं। देश ये चाहता है कि बीजेपी की सरकार हटाई जाए। इसलिए मैंने फैसला लिया कि अगर हम सच्चे देशभक्त हैं और ईमानदारी से बीजेपी को सत्ता से हटाना चाहते हैं, तो कांग्रेस के साथ आना होगा जो मजबूती के साथ बीजेपी से लड़ रही है।

अगर हम सच्चे देशभक्त हैं और सच्चाई और ईमानदारी से बीजेपी को हटाना चाहते हैं तो हमारा मकसद सिर्फ बीजेपी से लड़ना होना चाहिए। बीजेपी के दुश्मनों से हम लड़ रहे हैं, तो हम बीजेपी के साथ हैं। मुझे लगा कि बीजेपी को जो दुश्मन हैं वो देश के साथ है देश के दोस्त हैं, तो वो हमारे भी दोस्त हैं। असलीयत में अगर पूरे देश में बीजेपी से कोई लड़ रहा है, तो वह कांग्रेस पार्टी है, राहुल गांधी हैं, राहुल गांधी की टीम है और उत्तर प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय जी हैं।

आसिम वकार ने कहा कि मुसलमानों का भरोसा उन लोगों पर है, जो बीजेपी को टक्कर देकर उसे हराने की ताकत रखते हैं। मुझे लगता है कि पूरे भारत में यदि कोई बीजेपी को सबसे अधिक हराना चाहता है, तो वह मुसलमान है। इस बात को आप भी मानिए। मैं भी मुसलमान हूं, मेरे अंदर भी यही फितरत है कि मैं बीजेपी को हराना चाहता हूं। जो मजबूत दिख रहा है, उसके साथ हूं।


राहुल गांधी को भावी प्रधानमंत्री बताते हुए आसिम वकार ने कहा कि मुझे ज्ञान बहुत अरसे से है। मैं पिछले पांच साल से यह बात कह रहा हूं कि देश के भावी प्रधानमंत्री राहुल गांधी हैं। मैं राहुल गांधी को तब भी देश का भावी प्रधानमंत्री मानता था, जब मैं पिछली पार्टी में था। मैं चाहता हूं कि देश को अच्छा प्रधानमंत्री मिले और वह राहुल गांधी हैं।

इस मौके पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि आज कांग्रेस पार्टी में सय्यद आसिम वकार जैसे मजबूत व्यक्ति की ज्वाइनिंग हुई है। इन्होंने हमेशा अपनी वाकपटुता के साथ समाज को एक सकारात्मक संदेश देने का काम किया है। इनकी सोच और इनके विचार हमारे नेता राहुल गांधी जी के उस सपने से जुड़े हैं, जो उन्होंने इस देश के लिए देखा है।आज ‘मोहब्बत की दुकान’ लगातार बढ़ती जा रही है और साल 2027 में उत्तर प्रदेश के हर गांव, हर गली में कांग्रेस का झंडा फहराएगा।

अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दाखिल करने को लेकर कहा कि उनके खिलाफ गलत आरोप लगाए गए और झूठ बोला गया है। मैंने कहा है कि अगर कोई प्रमाण है, तो दिखा दें। यूपी के मुख्यमंत्री भगवा वस्त्र पहनकर झूठ बोल रहे हैं। मैंने कोर्ट में चैलेंज किया है। सबूत दीजिए और देशवासियों से माफी मांगिए।

कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि नेता विपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में पूरे देश में शिक्षा, रोजगार, छात्र, महिला और वंचित वर्गों के मुद्दों को लेकर आंदोलन चल रहा है। राहुल गांधी जी मजबूती के साथ हर वर्ग की आवाज उठा रहे हैं और सरकार को हर मोर्चे पर लगातार चेता रहे हैं। इसी से प्रभावित होकर विभिन्न पार्टियों के वरिष्ठ नेता कांग्रेस पार्टी से जुड़ रहे हैं और मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के हाथों को मजबूत कर रहे हैं। क्योंकि देश पहले है, देश से बढ़कर कुछ नहीं है। देश बचेगा, तभी छात्र, शिक्षा, रोजगार और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर काम होगा।

आसिम वकार के कांग्रेस में शामिल होने पर राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि वह एआईएमआईएम के मुख्य प्रवक्ता रहे हैं और कई राज्यों के प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। वकार ने हमेशा देश, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों को उठाया है और लोकतंत्र को मजबूत करने की बात की है। राहुल गांधी देश में लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए जिस तरह दिन-रात काम कर रहे हैं, उससे प्रभावित होकर आसिम वकार ने एआईएमआईएम छोड़कर कांग्रेस का दामन थामा है। वकार के कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी मजबूत होगी और लोकतंत्र को मजबूत करने के प्रयासों को भी बल मिलेगा।


इस मौके पर कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि मैं आसिम वकार का कांग्रेस परिवार में स्वागत करता हूं। आज राहुल गांधी जी की 'मोहब्बत की दुकान' के कारवां में एक साथी हमारे साथ जुड़े हैं। इससे हमारा परिवार आज और मजबूत हुआ है। मैं हमेशा से बीजेपी की विचारधारा और उनकी मदद करने वाले अघोषित साथियों से लड़ता रहा हूं, इसलिए आने वाले समय में कई और साथी पार्टी से जुड़ेंगे। हम पूरी ताकत से लड़ेंगे और जीतेंगे।

इस प्रेस कांफ्रेंस में अजय राय ने राम मंदिर के सीईओ की नियुक्ति की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चढ़ावे की कथित चोरी को वैध बनाने के लिए सीईओ नियुक्त किया गया है। वहां सीईओ की जरूरत नहीं है, बल्कि धर्माचार्य होने चाहिए। शंकराचार्यों और संत-महात्माओं द्वारा वहां नियुक्ति की जानी चाहिए, ताकि धार्मिक व्यवस्था में उचित परंपरा और पारदर्शिता बनी रहे।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए