लोकतंत्र के पन्ने: जानिए गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट का इतिहास, इस बार किसका पलड़ा रहेगा भारी

कांग्रेस के टिकट पर कन्यैलाल वाल्मीकि खुर्जा से पहले सांसद बने। कन्यैलाल वाल्मीकि अगले दो लोकसभा चुनाव 1957 और 1962 में भी यहां से जीते। 1967 के चुनाव में कांग्रेस को पहली बार खुर्जा लोकसभा सीट से हार का सामना करना पड़ा।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

दिल्ली से सटे गौतमबुद्धनगर लोकसभा सीट पर 11 अप्रैल को प्रथम चरण में वोट डाले जाएंगे। 2009 से पहले गौतमबुद्ध नगर खुर्जा लोकसभा क्षेत्र में आता था। आजादी के बाद देश में पहला आम चुनाव 1952 में कराया गया। इस चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर कन्यैलाल वाल्मीकि खुर्जा से पहले सांसद बने। कन्यैलाल वाल्मीकि अगले दो लोकसभा चुनाव 1957 और 1962 में भी यहां से जीते। 1967 के चुनाव में कांग्रेस को पहली बार खुर्जा लोकसभा सीट से हार का सामना करना पड़ा। इस बार प्रजा सोशलिस्ट पार्टी के रामचरण चुनाव जीतने में सफल रहे। लेकिन अगले चुनाव में कांग्रेस ने फिर से इस सीट पर जीत हासिल की। 1971 में कांग्रेस के उम्मीदवार हरि सिंह वाल्मीकि चुनाव जीतकर संसद पहुंचे। आपात काल के बाद 1977 में लोकसभा चुनाव कराया गया। इस चुनाव में जनता पार्टी के मोहन लाल पिप्पल सांसद बने। हालांकि, 1980 में कांग्रेस लहर के बावजूद इस सीट से चौधरी चरण सिंह की पार्टी से त्रिलोक चंद चुनाव जीते।

वहीं 1984 के लोकसभा चुनाव में जब पूरे देश में कांग्रेस की लहर थी, पार्टी के उम्मीदवार वीरसेन खुर्जा के सांसद चुने गए। बाद में उन्हें राजीव गांधी के मंत्रिमंडल में भी जगह मिली। वीरसेन खुर्जा के पहले सांसद थे जिन्हें केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किया गया। उसके बाद से अब तक कोई भी कांग्रेस उम्मीदवार यहां से लोकसभा चुनाव नहीं जीत पाया है। 1989 के लोकसभा चुनाव में भगवान दास राठौर जनता दल के टिकट पर चुनाव जीते। तो 1991 में इसी पार्टी के रोशन लाल चुनाव जीतने में कामयाब रहे। इसके बाद अशोक प्रधान लगातार चार बार 1996, 1998, 1999 और 2004 में बीजेपी के टिकट पर लोकसभा चुनाव जीतकर संसद पहुंचे।

इसके बाद 2009 में गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट अस्तित्व में आया। 2009 में हुए लोकसभा चुनाव में इस क्षेत्र में हुए कड़े मुकाबले में बीएसपी से सुरेंद्र नागर जीते थे। तब डॉ. महेश शर्मा ने पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ा था। वह लगभग 15 हजार वोट से चुनाव हारे। लेकिन 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी के टिकट पर डॉ. महेश शर्मा जीते। उन्होंने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी नरेंद्र भाटी को हराया। महेश शर्मा को मोदी मंत्रिमंडल में जगह मिली। लेकिन इस चुनाव में गौतमबुद्ध नगर से उनका टिकट कट सकता है। उन्हें अलवर लोकसभा सीट से टिकट दिए जाने की चर्चा है। तो वहीं कांग्रेस ने यहां से डॉ. अरविंद सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है। एसपी-बीएसपी गठबंधन ने अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia