झारखंड में तीसरे चरण का मतदान शांतिपूर्वक संपन्न, 62.0 प्रतिशत ज्यादा पड़े वोट

झारखंड विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में गुरुवार को कुल 17 सीटों पर मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। इस दौरान करीब 62.03 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

फोटो: आईएएनएस
फोटो: आईएएनएस
user

आईएएनएस

झारखंड विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में गुरुवार को कुल 17 सीटों पर मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। इस दौरान करीब 62.03 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। राज्य निर्वाचन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सिल्ली में सबसे अधिक 76. 98 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम 49.1 प्रतिशत मतदान रांची में हुआ। इसके अलावा कोडरमा में 58.20 प्रतिशत, बरकट्ठा में 61.18, बरही में 63.40, बड़कागांव में 64.53 प्रतिशत, रामगढ़ में 70.05, हजारीबाग में 57.18, सिमरिया में 62, राजधनवार में 59.86, गोमिया में 67.18, बेरमो में 61.13, ईचागढ़ में 73.11 प्रतिशत, खिजरी में 63.09, हटिया में 53.63, कांके में 62.83 प्रतिशत तथा मांडू विधानसभा में 62.41 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

इनमें से 12 सीटों पर अपराह्न् तीन बजे तक ही मतदान हुआ, जबकि शेष क्षेत्रों में शाम पांच बजे तक मतदाताओं ने मतदान किया। अधिकारी ने बताया कि छिटपुट घटनाओं को छोड़कर कहीं से कोई बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।


चुनावी मैदान में इन सीटों पर कुल 309 उम्मीदवार हैं, जिनमें 32 महिलाएं भी शामिल हैं। इस चरण की 17 सीटें रांची, हजारीबाग, छतरा, गिरीडीह, बोकारो और सरायकेला तक फैली हैं। शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए राज्य में 35000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया था।

झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने अपना वोट एटीआई रांची में, जबकि ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) के अध्यक्ष सुदेश महतो ने अपनी पत्नी के साथ सिल्ली में वोट डाला। इसके अलावा जयंत सिन्हा ने हजारीबाग में अपना वोट डाला। रांची में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने भी अपने परिवार के साथ मतदान किया।

हजारीबाग के बूथ नंबर 225 पर एक नवविवाहित जोड़े ने वोट डाला। प्रियंका की बुधवार रात को शादी हुई थी और वह अपने पति के साथ गुरुवार सुबह मतदान के लिए पहुंची। नक्सल नेता महाराजा परमानिक के परिजनों ने ईचागढ़ में अपना वोट डाला।

तीसरे चरण के प्रमुख उम्मीदवारों में सी.पी. सिंह, रामचंद्र सहिस और नीरा यादव, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और पूर्व उपमुख्यमंत्री और आजसू अध्यक्ष सुदेश महतो शामिल हैं।


2014 के विधानसभा चुनाव में इन 17 सीटों में से बीजेपी, जेएमएम और कांग्रेस ने क्रमश: 10, तीन और दो सीटों पर जीत दर्ज की थी।

सात सीटों पर बीजेपी, कांग्रेस और JVM उम्मीदवारों के बीच सीधा मुकाबला है। सिल्ली सीट के लिए मुकाबला आजसू अध्यक्ष सुदेश महतो और JMM की मौजूदा विधायक सीमा देवी के बीच है। छह सीटों पर त्रिकोणीय लड़ाई है। कुछ सीटों के लिए लड़ाई चार-कोनों से लेकर बहुकोणीय भी बनी हुई है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia