चुनाव से पहले हरियाणा कांग्रेस में बड़ा बदलाव, हुड्डा को नेता विपक्ष के साथ चुनाव की कमान, शैलजा प्रदेश अध्यक्ष

सोनिया गांधी पिछले कई दिनों से हरियाणा के पार्टी नेताओं से मुलाकात कर रही थीं। सभी पक्षों से बातचीत के बाद कांग्रेस अध्यक्ष ने कुमारी शैलजा को प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा को नेता विपक्ष के साथ चुनाव समिति की जिम्मेदारी दी है।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

विधानसभा चुनाव से पहले हरियाणा कांग्रेस में बड़ा बदलाव करते हुए कांग्रेस ने एक तरह से चुनावी बिगुल फूंक दिया है। कांग्रेस आलाकमान ने कई दिनों के मंथन के बाद बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को विधानसभा में नेता विपक्ष और पार्टी की चुनाव प्रचार समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके साथ ही एक और बड़े फैसले में कांग्रेस अध्यक्ष ने हरियाणा की वरिष्ठ पार्टी नेता कुमारी शैलजा को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाने का फैसला लिया है। कुमारी शैलजा हरियाणा कांग्रेस की तेजतर्रार नेताओं में गिनी जाती हैं।

हरियाणा विधानसभा चुनाव से ठीक पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की कमान कुमारी शैलजा को दिए जाने को एक तरह से कांग्रेस का चुनावी बिगुल माना जा रहा है। खास बात ये है कि राज्य में करीब 19 फीसदी दलित मतदाता हैं और कुमारी शैलजा हरियाणा में पार्टी का बड़ा दलित चेहरा हैं। हालांकि, इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष रहे अशोक तंवर भी दलित समुदाय से आते हैं, लेकिन प्रदेश में बढ़ रही गुटबाजी को देखते हुए चुनाव से पहले उन्हें हटाकर पार्टी ने एक बार फिर दलित समुदाय को ही कमान देने की रणनीति अपनाई है।


कुमारी शैलजा हरियाणा कांग्रेस की धाकड़ नेता मानी जाती है। वह अंबाला और सिरसा लोकसभा क्षेत्रों से सांसद रह चुकी हैं और यूपीए सरकार में मंत्री भी रही हैं। कुमारी शैलजा कांग्रेसी परिवार से आती हैं। वह कांग्रेस नेता चौधरी दलवीर सिंह की बेटी हैं। दलवीर सिंह हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष और केंद्र में कई बार मंत्री रहे हैं।

बता दें कि हरियाणा कांग्रेस में बदलाव की सुगबुगाहट लंबे समय से चल रही थी। इसमें देरी होने की वजह से पार्टी कार्यकर्ताओं में कुछ जगहों पर निराशा की खबरें आ रही थीं। हाल ही में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की थी। सोनिया गांधी पिछले कई दिनों से प्रदेश के नेताओं से मुलाकात कर प्रदेश अध्यक्ष को लेकर सबकी राय जान रही थीं। सभी पक्षों से बातचीत और उनका मत जानने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष ने कुमारी शैलजा को प्रदेश अध्यक्ष और भूपेंद्र हुड्डा को नेता विपक्ष के साथ प्रचार समिति का अध्यक्ष बनाने पर अपनी मुहर लगा दी है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


/* */