अरविंद केजरीवाल को बड़ा झटका, राघव चड्ढा ने 'आप' से दिया इस्तीफा, 7 सांसदों के साथ बीजेपी में जाने का किया ऐलान
आप के पास राज्यसभा में 10 सांसद हैं। इनमें 7 पंजाब से और 3 दिल्ली से सांसद हैं। चड्ढा के ऐलान के बाद अब आप के पास राज्यसभा में सिर्फ तीन सांसद रह जाएंगे। इनमें संजय सिंह (दिल्ली), एनडी गुप्ता (दिल्ली) और जल कार्यकर्ता बलबीर सिंह सिच्चेवाल (पंजाब) हैं।

आम आदमी पार्टी (आप) को शुक्रवार को बड़ा झटका देते हुए राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने दो अन्य सांसदों के साथ पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया। उनके साथ राज्यसभा सांसद संदीप पाठक और अशोक मित्तल भी आप से अलग हो गए हैं। इसके साथ ही, तीनों नेताओं ने आप के दो-तिहाई यानी सात सांसदों के साथ बीजेपी में शामिल होने का ऐलान किया है। दिलचस्प बात ये है कि केजरीवाल ने 15 दिन पहले राघव चड्ढा को हटाकर जिन्हें राज्यसभा में डिप्टी लीडर बनाया था, वह अशोक मित्तल भी अब बीजेपी में जा रहे हैं।
राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आप अपने मूल सिद्धांतों से पूरी तरह भटक गई है। उन्होंने कहा कि जिस आप को मैंने 15 सालों तक अपने खून से सींचा, वह अपने मार्ग से भटक गई है। अब यह देशहित के लिए नहीं बल्कि अपने निजी फायदों के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी को दिल्ली, पंजाब और अन्य राज्यों में विस्तार देने के लिए सभी नेताओं ने मिलकर कड़ी मेहनत की थी, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। मैं आप से दूर जा रहा हूं और जनता के पास आ रहा हूं।
बीजेपी में शामिल होने के फैसले पर राघव चड्ढा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि पिछले 12 सालों में केंद्र सरकार ने कई ऐसे फैसले लिए हैं, जिन फैसलों को लेने से पहले कई नेता डरते थे। जनता ने इस नेतृत्व पर तीन बार मुहर लगाई है और अब हम भी उसी नेतृत्व में देश के लिए काम करेंगे।
राघव चड्ढा ने आगे कहा कि राज्यसभा में आप के 10 सांसद हैं और दो-तिहाई से ज्यादा सांसद इस मुहिम में हमारे साथ हैं। उन्होंने पहले ही हस्ताक्षर कर दिए हैं, और आज सुबह हमने सभी जरूरी दस्तावेज, जिनमें हस्ताक्षरित पत्र और अन्य औपचारिक कागज़ात शामिल हैं, राज्यसभा के सभापति को सौंप दिए हैं। जैसा कि मैंने बताया, दो-तिहाई से ज़्यादा सांसद हमारा समर्थन कर रहे हैं और हम जल्द ही आपको पूरी सूची उपलब्ध करा देंगे।
राघव चड्ढा ने कहा कि उनमें से तीन सांसद अभी आपके सामने यहां मौजूद हैं। इनके अलावा, विश्व-स्तरीय क्रिकेटर हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, विक्रम साहनी और स्वाति मालीवाल भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से उन्हें लग रहा था कि वह गलत पार्टी में सही व्यक्ति हैं। इसी वजह से उन्होंने पार्टी से अलग होने का फैसला लिया है।
वहीं, संदीप पाठक ने कहा, "मैंने अपने जीवन में कभी नहीं सोचा था कि ऐसा समय भी आएगा, लेकिन आज वह स्थिति सामने है। आज मैं आम आदमी पार्टी से अपने सभी रिश्ते समाप्त करने की घोषणा करता हूं। मैं एक किसान परिवार से आता हूं। कठिन परिस्थितियों में पढ़ाई-लिखाई की और हमेशा एक ही उद्देश्य रहा, देश के लिए कुछ सार्थक करना। जब पार्टी में शामिल होने की बात आई, तो मैं आप में शामिल हो गया क्योंकि उन्होंने नई राजनीति और काम की राजनीति की बात की थी। 10 साल में, मैंने कड़ी मेहनत की...मैंने जो भी पॉलिटिकल फैसले लिए, वे पार्टी के फायदे को प्राथमिकता देकर लिए...मैं आज बीजेपी में शामिल हो रहा हूं और आप में अपने सभी पद छोड़ रहा हूं।"
बता दें कि आप के पास राज्यसभा में 10 सांसद हैं। इनमें 7 पंजाब से और 3 दिल्ली से सांसद हैं। ताजा इस्तीफा होने के बाद अब आप के पास राज्यसभा में सिर्फ तीन सांसद रह जाएंगे। इनमें संजय सिंह (दिल्ली), एनडी गुप्ता (दिल्ली) और जल कार्यकर्ता बलबीर सिंह सिच्चेवाल (पंजाब) हैं।