ममता का बीजेपी को चैलेंज- पहले 30 सीटें जीत कर दिखाएं फिर देखें 294 का सपना
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीरभूम में पदयात्रा निकाली और बाद में रैली को संबोधित किया। ममता ने यहां बीजेपी को चैलेंज दिया कि पहले वो बंगाल में 30 सीटें जीत कर दिखाए और बाद में 294 का सपना देखें।

पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले बीजेपी और तृणमूल कांग्रेस एक दुसरे पर हमलावर हैं। अमित शाह के रोड शो के बाद आज (मंगलवार) मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीरभूम में पदयात्रा निकाली और बाद में रैली को संबोधित किया। ममता ने यहां बीजेपी को चैलेंज दिया कि पहले वो बंगाल में 30 सीटें जीत कर दिखाए और बाद में 294 का सपना देखें।
टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि बंगाल की सभ्यता के बारे में उन्हें (बीजेपी) कुछ नहीं पता। उन्हें यह भी नहीं पता कि रबीन्द्रनाथ शांतिनिकेतन में पैदा नहीं हुए थे या नहीं।
ममता बनर्जी ने कहा कि वे लोग (बीजेपी) गांधीजी, विवेकानंद का सम्मान नहीं करते। वे लोग कवि गुरु का क्या सम्मान करेंगे ? हमारा बंगाल वैसे भी सोनार बांग्ला है, वे इसे क्या सोनार बनाएंगे। ममता ने बीजेपी पर शांतिनिकेतन का वातावरण खराब करने के भी आरोप लगाए। उन्होंने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि वो लोग बंगाल में आते हैं तो किसी आदिवासी के घर पहुंच जाते हैं। लेकिन वहां पर खाना 5 स्टार होटल से मंगवाते हैं।
बता दें कि अगले साल पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। चुनाव से पहले गृहमंत्री शाह से लेकर बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई बड़े नेता कई बार बंगाल का दौरा कर चुके हैं। ममता बनर्जी ने बीजेपी नेताओं के इन दौरों पर भी तंज कसा है। बंगाल की सीएम ने कहा कि राज्य में जल्द चुनाव आने वाले हैं। इसलिए वे यहां के चक्कर काट रहे हैं। बाकी दिनों में वे यहां दिखाई भी नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि उनकी सभा में लोग कम और झंडे ज़्यादा होते हैं। वहीं हमारी रैली में लोग ज़्यादा और झंडे कम होते हैं। उन्होंने कहा कि TMC बंगाल को बचाने के लिए लड़ाई लड़ेगी। वे बंगाल को हाईजैक नहीं कर सकते। वे पैसे देकर MLA खरीदने की कोशिश करते हैं , लेकिन पूरी पार्टी को नहीं खरीद सकते।
टीएमसी की मुखिया ने कहा कि बीजेपी बंगालियों की संस्कृति नहीं समझती। वे धर्म के नाम पर विभाजन की राजनीति करते हैं। उन्होंने अमर्त्य सेन का भी अपमान करने की कोशिश की। वे बाहर के लोगों को लाकर विश्व भारती में दंगा करवाना चाहते हैं। ममता ने बीजेपी को चेतावनी दी कि जनता का अपमान किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
