आकाश आनंद को एक और मौका दे सकती हैं मायावती, बोलीं- अशोक सिद्धार्थ राजनीति से संन्यास लें, तो हो सकता है विचार
अभी पिछले हफ्ते मायावती ने तीसरी बार भतीजे आकाश आनंद के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हुए उन्हें अपरिपक्व बताते हुए पार्टी की सभी जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया था। मायावती ने कहा था कि आकाश अभी अपरिपक्व हैं और बड़ी जिम्मेदारी उठाने में सक्षम नहीं हैं।

बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने हाल ही में पार्टी के सभी पदों से हटाए गए भतीजे आकाश आनंद के राजनीतिक भविष्य को लेकर बड़ा संकेत दिया है। उन्होंने कहा है कि अगर आकाश के ससुर अशोक सिद्धार्थ राजनीति से संन्यास ले लें तो पार्टी आकाश को लेकर विचार कर सकती है।
बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने कहा है कि यदि आकाश आनंद के ससुर और बीएसपी के पूर्व राज्यसभा सांसद अशोक सिद्धार्थ अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा छोड़कर पूरी तरह राजनीति से संन्यास ले लेते हैं, तो पार्टी आकाश आनंद को उनकी जिम्मेदारियां वापस देने पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर सकती है। उन्होंने कहा कि अशोक सिद्धार्थ को निजी और पारिवारिक स्वार्थ से ऊपर उठकर यह फैसला लेना चाहिए, ताकि आकाश आनंद स्वतंत्र रूप से पार्टी में काम कर सकें।
मायावती ने तीन राज्यों में चुनाव को बताया अहम
बीएसपी मुखिया मायावती ने एक्स पर लिखा कि सर्वविदित है कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में विधानसभा का आम चुनाव अब बहुत नजदीक है और ये तीनों ही राज्य, बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर के 'बहुजन समाज' को 'शोषित से शासक वर्ग' बनने हेतु उनके आत्म-सम्मान और स्वाभिमान के कारवां को आगे बढ़ाने के लिए बीएसपी पार्टी और बहुजन मूवमेंट के लिए अति-महत्वूपर्ण ही नहीं बल्कि बहुत विशेष भी हैं, जिसको ध्यान में रखकर ही बीएसपी के सभी छोटे-बड़े कार्यकर्ता, पदाधिकारी, पार्टी के समर्थक एवं शुभचिन्तक सभी लोग पूरे तन, मन, धन अर्थात हर प्रकार की कुर्बानी देकर पूरे जी-जान से यहां सत्ता प्राप्ति का अच्छा रिजल्ट लाने की मुहिम/ मिशन में डटे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जबकि खासकर विरोधी पार्टियों और जातिवादी तत्वों आदि से 'बहुजन समाज', बीएसपी और 'बहुजन मूवमेंट' को, बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर के समय जैसा ही खासकर आरक्षण आदि को लेकर कड़े चैलेन्जों का सामना है, देश की सर्वमान्य अम्बेडकरवादी पार्टी बीएसपी को सर्वसमाज के सभी लोगों से सहयोग की अपील है और इस क्रम में 'बहुजन समाज' के हर अंगों में से खासकर दलित समाज के लोगों को निजी या पारिवारिक स्वार्थ में ऐसा कोई भी कार्य नहीं करना चाहिये जो इसमें बाधा उत्पन्न करे और इतिहास उन्हें माफ ना कर पाए।
मायावती ने अशोक सिद्धार्थ पर साधा निशाना
बीएसपी प्रमुख ने आगे कहा कि इसीलिए बीएसपी का शीर्ष नेतृत्व इन बातों का खास ध्यान देते हुए भूले-भटके लोगों को उनके अचार-व्यवहार आदि को ध्यान में रखकर पार्टी में शामिल कर रहा है और जो लोग इसकी राह में थोड़ा भी रुकावट बनने की कोशिश कर रहे हैं, उनके विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई आदि भी की जा रही है, जिसका चर्चित उदाहरण हैं बीएसपी के राज्यसभा सांसद भी रहे अशोक सिद्धार्थ।
मायावती ने कहा कि पार्टी ने इनको सुधरने का एक नहीं बल्कि कई बार मौका दिया, लेकिन बीएसपी के मिशन से अधिक इन्होंने अपने निजी और पारिवारिक स्वार्थ और महत्वकांक्षा आदि को ज़्यादा महत्व दिया, जिसका खामियाजा इनके साथ-साथ इनके दामाद आकाश आनंद को भी भुगतना पड़ा है। कुल मिलाकर इन्होंने अपने निजी स्वार्थ में आकाश आनंद और बीएसपी मूवमेंट की भी कभी सही से परवाह नहीं की है, जबकि इसके लिए अशोक सिद्धार्थ को औरों से कहीं अधिक बढ़चढ़ कर त्याग-तपस्या व कुर्बानी की मिसाल पार्टी और सामाज के सामने देनी चाहिए थी, किन्तु ऐसा ना होकर ठीक इसके उलटा ही होता रहा है।
आकाश आनंद पर ये तीसरी बार कार्रवाई
उन्होंने कहा कि ऐसे में बीएसपी पार्टी और मूवमेंट के हित के साथ-साथ खुद उनके परिवार और अपने दामाद आकाश आनंद के भविष्य को ध्यान में रखकर अशोक सिद्धार्थ के पास अभी भी मौका है कि वे अपनी राजनीतिक महत्वकांक्षा को त्याग कर और निजी स्वार्थ आदि से ऊपर उठकर राजनीति से पूरी तरह से संन्यास ले लें। तब ऐसी स्थिति में आकाश आनंद का फ्री होकर पार्टी में काम करना संभव होगा और तभी फिर पार्टी उनको उनकी जिम्मेदारियां वापस देने पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी, ताकि वे पार्टी में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकें, ऐसी पार्टी में आम राय है।
गौरतलब है कि अभी पिछले हफ्ते मायावती ने एक बार फिर भतीजे आकाश आनंद को अपरिपक्व बताते हुए पार्टी की सभी जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया था। मायावती ने कहा था कि आकाश अभी अपरिपक्व हैं और बड़ी जिम्मेदारी उठाने में सक्षम नहीं हैं। मायावती इस बार मिलाकर तीसरी बार आकाश के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी हैं। मायावती के ताजा फैसले के बाद आकाश ने भी अपने सोशल मीडिया के बायो को बदलते हुए पहले खुद को बीएसपी का कार्यकर्ता लिखा और फिर बाद में बीएसपी समर्थक लिख दिया। अब मायावती ने आकाश को लेकर नरम रुख अपनाने का संकेत दिया है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
