आज दिल्ली में कांग्रेस की ‘भारत बचाओ रैली’, मोदी सरकार की नीतियों के खिलाफ पूरे देश से जुटेंगे लाखों लोग

दिल्ली के रामलीला मैदान में आज कांग्रेस की ‘भारत बचाओ रैली’ है। रैली को पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और पूर्व पीएम मनमोहन सिंह भी संबोधित करेंगे। रैली में पूरे देश से लाखों लोगों के जुटने की संभावना है, जिसकी तैयारी पूरी कर ली गई है।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

आसिफ एस खान

बदहाल होती अर्थव्यवस्था, देश भर में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अत्याचार, कश्मीर में 4 माह से भी ज्यादा समय से जारी प्रतिबंध और हाल में लाए गए नागरिकता कानून से देश में मची हलचल के बीच कांग्रेस ने शनिवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में भारत बचाओ रैली का आयोजन किया है। इस रैली में पूरे देश से कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता जुटने वाले हैं। रैली को कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ ही पार्टी के कई बड़े नेता संबोधित करेंगे।

रैली में पूरे देश से लाखों लोगों के पहुचंने की संभावना है। इसलिए रैली को सफल बनाने के लिए दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा लगातार वरिष्ठ नेताओं के साथ रामलीला मैदान पहुंचकर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने रैली में सिर्फ दिल्ली से 50 हजार से ज्यादा लोगों के शामिल होने का दावा किया है। इसके अलावा पूरे देश से लाखों लोग रैली में पहुंचेंगे। दिल्ली कांग्रेस के नेता आने वाले सभी मेहमानों के लिए व्यवस्था में जुटे हुए हैं।


कांग्रेस नेताओं ने बताया कि देश में छायी आर्थिक मंदी, बेरोजगारी और मोदी सरकार की विभाजनकारी नीतियों के चलते देश में जो अफरातफरी का माहौल खड़ा हुआ है, उसके खिलाफ यह रैली हो रही है। पूरे देश से पहुंचने वाले लाखों लोग इस रैली के जरिये केंद्र की बीजेपी सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नागरिकता कानून में बदलाव कर बीजेपी की मंशा समाज को बांटने की है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

रैली को सफल बनाने के लिए पूरी दिल्ली में सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर होर्डिंग लगाए गए हैं। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि बाहर से आने वालों के लिए रैली स्थल रामलीला मैदान के आसपास ही ठहरने की व्यवस्था की गई है। नेताओं ने बताया कि रैली में शामिल होने आ रहे लोगों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के सभी नेताओं को इसकी जिम्मेदारी दी गई है।


वहीं कांग्रेस नेताओं में इस रैली में प्रियंका गांधी के भी शामिल होने को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि खुद प्रियंका गांधी भी इस रैली के लिए काफी मेहनत कर रही हैं। खबरों के मुताबिक हाल ही के उत्तर प्रदेश दौरे के दौरान उन्होंने लगातार प्रदेश नेताओं के साथ बैठक कर दिल्ली की रैली को सफल बनाने पर चर्चा की और कई निर्देश दिए। उम्मीद की जा रही है कि कल की रैली में उत्तर प्रदेश से बड़ी भीड़ देखने को मिलेगी।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 13 Dec 2019, 10:55 PM