पंजाब चुनाव: 'आप' ने 31 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की, सीएम मान बोले- काम करने वालों को मिला टिकट
इससे पहले 31 अक्टूबर को आप ने 40 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की थी। पहली और दूसरी लिस्ट को मिलाकर आप ने पंजाब चुनाव के लिए कुल 71 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है।

पंजाब चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने 31 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी की
इससे पहले 31 अक्टूबर को पार्टी ने 40 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की थी
पहली और दूसरी लिस्ट मिलाकर आप 71 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर चुकी
पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी ने गुरुवार को 31 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी। पार्टी ने सभी उम्मीदवारों की लिस्ट एक्स पर शेयर की है। पार्टी ने लिखा कि आम आदमी पार्टी ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों की दूसरी सूची की घोषणा की है। इससे पहले 31 अक्टूबर को पार्टी ने 40 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की थी। पहली और दूसरी लिस्ट को मिलाकर कुल 71 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान हो चुका है।
जनता की राय से उम्मीदवारों का चयन- मान
सीएम भगवंत मान ने कहा कि पीएसी की बैठक में 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के टिकटों को लेकर विस्तार से चर्चा और विचार-विमर्श हुआ। इससे पहले उम्मीदवारों के चयन के लिए बनी समिति ने अलग-अलग स्रोतों से मिली सर्वे रिपोर्ट और जनता की राय की समीक्षा की, ताकि यह समझा जा सके कि जनता किन उम्मीदवारों को पसंद करती है और आम आदमी पार्टी के काम करने के तरीके को लेकर लोगों की क्या राय है। इसके बाद पीएसी ने हर नाम को अलग-अलग मंजूरी दी। अभी पूरी पीएसी बैठक में ही मौजूद है।
काम करने वालों को मिला टिकट- मान
सीएम मान ने कहा कि 31 विधानसभा क्षेत्रों को अंतिम रूप दिया गया है और 31 उम्मीदवारों का चयन किया गया है। इससे पहले हम 40 उम्मीदवारों को पहले ही तय कर चुके थे। इस तरह अब कुल उम्मीदवारों की संख्या 71 हो गई है। उन्होंने कहा कि इसमें नए चेहरों को भी मौका दिया गया है। यह पार्टी मेहनत करने वाले को खोज लेती है। हमारे यहां कोई कोटा सिस्टम नहीं है। यहां कोई सिफारिश नहीं चलती है। यहां सिर्फ काम चलता है। हम उन लोगों को टिकट दे रहे हैं जो लोगों के लिए काम करते हैं।
दूसरी लिस्ट में इन दिग्गजों को मिला टिकट
पार्टी की दूसरी लिस्ट के अनुसार, सुजानपुर से स्वर्ण एस. सलारिया, पठानकोट से रोहित स्याल, गुरदासपुर से रमन बहल, दीना नगर से शमशेर सिंह, कादियां से गुरइकबाल सिंह महल, फतेहगढ़ चूड़ियां से हरजोबनजीत सिंह रंधावा को उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा राजा सांसी से सोनिया मान, मजीठा से तलबीर सिंह गिल, अमृतसर उत्तर से करमजीत सिंह रिंटू, पट्टी से जसकंवर सिंह गिल, भुलत्थ से एडवोकेट हरसिमरन सिंह, कपूरथला से दविंदर पाल सिंह रंगा और फगवाड़ा और डॉ. राज कुमार चब्बेवाल को चुनाव मैदान में उतारा गया है।
इन नेताओं को भी मिला टिकट
वहीं फिल्लौर से हरजोत कौर लोहटिया, शाहकोट से बलवीर सिंह पाला जलालपुर, जालंधर सेंट्रल से नितिन कोहली, जालंधर उत्तर से विनीत धीर, जालंधर कैंट से दीपक बाली, आदमपुर से पवन कुमार टीनू, मुकेरियां से सरबजोत सिंह साबी, नवांशहर- रॉबी कंग, चमकौर साहिब से जसवीर सिंह गढ़ी, खरड़ से परमिंदर सिंह गोल्डी, दाखा से डॉ. केएनएस कंग, जगराओं से सरवजीत कौर मानुके, अबोहर से डॉ. सुहानी डोडा, बल्लूआना से अमनदीप सिंह गोल्डी मुसाफिर, लंबी से रणधीर सिंह धीरा खुड्डियां, बठिंडा ग्रामीण से गोपाल सिंह, बरनाला से गुरमीत सिंह मीत हेयर, शुतराना से वनिंदर कौर लूम्बा अपने प्रतिद्वंद्वी से दो-दो हाथ करेंगे।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
