राजस्थान निकाय चुनावः सीएम भजनलाल और वंसुधरा के गढ़ में भी बीजेपी को झटका, कांग्रेस का कई सीटों पर दबदबा

बीजेपी के लिए सबसे शर्मनाक स्थिति तो ये रही कि दो वार्डों में उसके प्रत्याशियों को केवल एक वोट मिला। परबतसर नगरपालिका के वार्ड 13 में बीजेपी उम्मीदवार कैलाशचंद और सैपऊ नगरपालिका के वार्ड 19 में पार्टी प्रत्याशी लक्ष्मण कोली के खाते में सिर्फ एक ही वोट आया।

राजस्थान निकाय चुनावः सीएम भजनलाल और वंसुधरा के गढ़ में भी बीजेपी को झटका, कांग्रेस का कई सीटों पर दबदबा
i

राजस्थान निकाय चुनाव के नतीजे आ गए हैं। 9,900 वार्डों के नतीजों में बीजेपी ने 4,026 वार्डों और कांग्रेस ने 3,438 वार्ड में जीत दर्ज की है। प्रत्यक्ष तौर पर निकाय चुनाव में बीजेपी भले जीत गई हो, लेकिन सीएम भजनलाल, वसुंधरा राजे, मदन राठौड़ समेत तमाम दिग्गजों के गढ़ में बीजेपी को तगड़ा झटका लगा है और कांग्रेस ने अपना दबदबा दिखाया है।

राजस्थान में 309 नगरीय निकायों (नगर निगम, नगर परिषद और नगरपालिका) के लिए दो चरणों में निकाय चुनाव कराए गए थे। 9 सितंबर को पहले चरण में 162 निकायों के लिए मतदान हुआ था। इसके बाद 11 सितंबर को दूसरे चरण में 147 निकायों के लिए मतदान कराए गए। दोनों चरणों को मिलाकर कुल 10,167 वार्डों के लिए वोट डाले गए। आज सुबह से जारी मतगणना में बीजेपी ने जैसे-तैसे बढ़त बना ली है। अब तक 9,900 वार्डों के नतीजों में बीजेपी ने 4,026 वार्डों और कांग्रेस ने 3,438 वार्ड में जीत दर्ज की है। वहीं 2,436 वार्डों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है।

नतीजों में बीजेपी को करारा झटका

नतीजों से साफ है कि राज्य की सत्ता में रहने और सरकारी तंत्र से लकर तमाम हथकंडों के इस्तेमाल के बावजूद बीजेपी को एकतरफा या निर्णायक जीत नहीं मिली है। अब तक आए नतीजों को देखें तो बीजेपी को 4,026 वार्ड में जीत मिली है, वहीं कांग्रेस को 3,438 और निर्दलीयों को 2,436 वार्ड में जीत मिली है। अगर विपक्ष को मिली जीत को जोड़ दें तो बीजेपी के विरोधियों को 5874 वार्ड में जीत मिली है। साफ है कि राज्य में बीजेपी के विरोधियों को जनादेश मिला है और बीजेपी को करारा झटका लगा है।

बीजेपी के खिलाफ जनादेश का एक और बड़ा सबूत यह है कि सीएम भजनलाल शर्मा के भरतपुर, पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के झालावाड़, मदन राठौड़ के पाली समेत पार्टी के तमाम दिग्गजों के गढ़ में बीजेपी को करारा झटका लगा है और जनता ने पार्टी के प्रत्याशियों को नकार दिया है।


भजनलाल, वसुंधरा के गढ़ में बीजेपी को झटका

वसुंधरा राजे के गढ़ झालावाड़ के आठ निकायों के चुनाव परिणाम में बीजेपी को तगड़ा झटका लगा है। ‎झालावाड़ नगर परिषद में कांग्रेस ने बीजेपी का लगभग सफाया करते हुए शानदार प्रदर्शन किया है। वहीं खानपुर, भवानीमंडी और डग में भी कांग्रेस ने शानदार बढ़त बनाई है। झालरापाटन, मनोहरथाना और अकलेरा में बीजेपी सबसे बड़े दल के रूप में उभरी है। पिड़ावा में कांग्रेस सबसे बड़े दल के रूप में उभरी है।

इसी तरह निकाय चुनाव में भरतपुर के नतीजों ने भी सियासी हलचल बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गढ़ भरतपुर की सभी 6 नगर पालिकाओं में बीजेपी को तगड़ा झटका लगा है। यहां निर्दलीयों और अन्य ने अपना दबदबा दिखाते हुए बीजेपी को करारी मात दी है। यहां बीजेपी को 20, कांग्रेस को 7 और अन्य को 38 सीट पर जीत मिली है।

बीजेपी के तमाम दिग्गजों के गढ़ में पार्टी की फजीहत

पाली में खुद बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ का पसीना छूट गया। पाली में बीजेपी को 21. कांग्रेस को 29 और अन्य को 15 सीट पर जीत मिली है। इसी तरह अर्जुनराम मेघवाल के गढ़ बीकानेर में तो बीजेपी का और बुरा हाल हुआ है। यहां बीजेपी 27 सीट पर ही सिमट गई, जबकि कांग्रेस ने 42 सीट पर जीत दर्ज की है। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी भी अजमेर में अपनी चौखट नहीं बचा पाए। यहां बीजेपी को 32 सीट मिली है, जबकि कांग्रेस ने 37 सीट पर स्पष्ट जीत हासिल की है। गनीमत रही कि कोटा में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अपनी साख बचा ली, वरना सत्ता पक्ष के पास मुंह छिपाने की जगह नहीं बचती।


बीजेपी को दो प्रत्याशी के मिला सिर्फ एक वोट

बीजेपी के लिए सबसे शर्मनाक स्थिति तो ये रही कि दो वार्डों में उसके प्रत्याशियों को केवल एक वोट मिला। वार्ड 13 में कैलाशचंद और वार्ड 19 के लक्ष्मण कोली के खाते में सिर्फ एक ही वोट आया। कैलाशचंद ने डीडवाना-कुचामन जिले की परबतसर नगरपालिका के वार्ड 13 से चुनाव लड़ा था। वहीं, लक्ष्मण कोली धौलपुर जिले की सैपऊ नगरपालिका के वार्ड 19 से मैदान में थे। दोनों के हिस्से में एक-एक वोट ही आया और बीजेपी की करारी हार हुई।

राज्य चुनाव आयोग की वेबसाइट के अनुसार, परबतसर के वार्ड 13 में कांग्रेस उम्मीदवार हीना खानम ने 376 वोटों के साथ जीत दर्जी की, जबकि निर्दलीय उम्मीदवार राशिद खान को 195 वोट मिले। वहीं बीजेपी उम्मीदवार कैलाशचंद को केवल एक वोट मिला। इसी तरह सैपऊ के वार्ड 19 में निर्दलीय अजय कुमार ने 108 वोट हासिल कर वार्ड में जीत हासिल की। दूसरे नंबर पर 69 वोटों के साथ निर्दलीय उम्मीदवार राजेश कुमार रहे। यहां भी बीजेपी के लक्ष्मण कोली को केवल एक वोट मिला।

निकाय चुनाव के इन नतीजों से समझा जा सकता है कि जनता ने साफ तौर पर जनादेश सत्ताधारी दल के खिलाफ दिया है। हालांकि, नतीजों को लेकर बीजेपी में जश्न शुरू हो गया है। पार्टी और सीएम भजनलाल शर्मा इसे ऐतिहासिक जीत और पार्टी में जेन-जी के विश्वास का प्रतीक बता रहे हैं।