सुप्रिया सुले ने एनसीपी के गुटों के विलय की खबरों को खारिज किया, कहा- अजित पवार के निधन के बाद ही मुद्दा समाप्त

सुप्रिया सुले ने कहा कि जब मेरे भाई अजित पवार जीवित थे, तब विलय को लेकर बातचीत हो रही थी। इसके लिए एक तारीख भी तय हो गई थी। लेकिन मेरे भाई के निधन वाले दिन ही मेरे लिए और हमारी पार्टी के भीतर विलय का मुद्दा पूरी तरह समाप्त हो गया।

सुप्रिया सुले ने एनसीपी के गुटों के विलय की खबरों को खारिज किया, कहा- अजित पवार के निधन के बाद ही मुद्दा समाप्त
i

सुप्रिया सुले ने एनसीपी के दोनों गुटों के विलय की अटकलों को खारिज किया

विलय को लेकर बातचीत अजित पवार के निधन के बाद ही समाप्त हो गई थी

सुले ने एनडीए में अपनी पार्टी के शामिल होने की अटकलों को भी खारिज किया

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार (एनसीपी-एसपी) की नेता सुप्रिया सुले ने शनिवार को कहा कि एनसीपी के दोनों गुटों के बीच विलय को लेकर बातचीत उनके लिए उनके चचेरे भाई अजित पवार के निधन के बाद समाप्त हो गई थी। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर उन्हें दूसरे गुट की ओर से कोई संदेश भी नहीं मिला है।

साथ ही सुले ने बीजेपी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में अपनी पार्टी के शामिल होने की अटकलों को भी खारिज किया। उनका यह बयान शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी (एसपी) और महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के फिर से एक होने की चर्चाओं के बीच आया है।

अजित पवार के निधन के बाद विलय का मुद्दा खत्म

सुप्रिया सुले ने पत्रकारों से कहा, “जब मेरे भाई (तत्कालीन एनसीपी प्रमुख अजित पवार) जीवित थे, तब विलय को लेकर बातचीत हो रही थी। इसके लिए एक तारीख भी तय हो गई थी। लेकिन मेरे भाई के निधन वाले दिन ही मेरे लिए और हमारी पार्टी के भीतर विलय का मुद्दा पूरी तरह समाप्त हो गया।” उन्होंने कहा, “एनडीए में शामिल होने को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है। जब इस बारे में कोई शुरुआत ही नहीं हुई, तो इसे खत्म करने का सवाल कहां उठता है?”


अजित पवार गुट की ओर से कोई प्रस्ताव नहीं मिला

बारामती से लोकसभा सदस्य सुप्रिया सुले ने कहा कि अजित पवार के निधन के बाद उनकी पार्टी ने विलय के मुद्दे पर कोई बयान नहीं दिया है और न ही दूसरे गुट के बयानों का जवाब दिया है। उन्होंने कहा, “पिछले कई महीनों में हमारी ओर से किसी भी प्रवक्ता ने इस मुद्दे पर कुछ नहीं कहा है।”

सुले ने कहा, “अजित पवार गुट की ओर से विलय को लेकर मुझे न तो किसी का फोन आया, न व्हाट्सऐप संदेश, एसएमएस, पत्र या ईमेल मिला। किसी ने मुझसे संपर्क नहीं किया और न ही इस संबंध में कोई मुझसे मिलने आया।” उन्होंने कहा कि अजित पवार के साथ उनके संबंध राजनीतिक विचारों पर नहीं, बल्कि प्रेम और स्नेह पर आधारित थे।

निजी रिश्तों को राजनीति के साथ नहीं मिलाना चाहिए

सुप्रिया सुले ने कहा, “आपके लिए यह चर्चा या गपशप हो सकती है, लेकिन हमारे लिए ये भावनाएं हैं। कुछ बातें दिल से की जाती हैं। मेरे भाई के साथ मेरा रिश्ता प्रेम और स्नेह का था। अब वह हमारे बीच नहीं हैं। ऐसे में इस बारे में चर्चा करने का क्या मतलब है?” यह पूछे जाने पर कि क्या अजित पवार के परिवार (जिसमें उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार भी शामिल हैं) के साथ बातचीत हो सकती है, सुले ने कहा कि निजी रिश्तों को राजनीति के साथ नहीं मिलाना चाहिए।


एनसीपी नेताओं के बयानों पर टिप्पणी से इनकार

सुले ने यह भी कहा कि वह अजित पवार गुट के वरिष्ठ नेताओं छगन भुजबल, सुनील तटकरे, प्रफुल्ल पटेल और हसन मुश्रीफ के बयानों पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगी। उन्होंने कहा, “ये वरिष्ठ नेता हैं, जिन्होंने मेरे पिता के साथ काम किया है। उम्र और अनुभव, दोनों के लिहाज से मैं उनसे काफी छोटी हूं। मेरे माता-पिता ने मुझे जो संस्कार दिए हैं, वे यह हैं कि उम्र और अनुभव में बड़े लोगों के बारे में कभी भी अपमानजनक ढंग से बात नहीं करनी चाहिए।”

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए