तमिलनाडु चुनावः AIADMK ने लगाई मुफ्त घोषणाओं की झड़ी, राशन कार्डधारकों को फ्रीज समेत कई उपहार देने का वादा किया
एआईएडीएमके पहले ही पात्र परिवारों को प्रति वर्ष तीन मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने और जल्लीकट्टू के दौरान बैल को काबू करने वालों की मृत्यु होने की स्थिति में परिवारों को 10 लाख रुपये का अनुग्रह राशि देने समेत कई लोकलुभावन वादे कर चुकी है।

तमिलनाडु चुनाव से पहले ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (एआईएडीएमके) के प्रमुख एडप्पाडी के पलानीस्वामी ने मंगलवार को घोषणा की कि यदि उनकी पार्टी 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज कर सत्ता में आती है, तो सभी चावल राशन कार्डधारकों को मुफ्त में रेफ्रिजरेटर दिए जाएंगे। उन्होंने साथ ही तमिलनाडु में चावल श्रेणी के राशन कार्ड धारकों को हर महीने एक किलोग्राम दाल और एक लीटर खाना पकाने का तेल मुफ्त में उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया।
चेन्नई में अन्नाद्रमुक के राज्य मुख्यालय में 23 अप्रैल को होने वाले चुनाव के लिए पार्टी का चुनावी घोषणापत्र जारी करते हुए पलानीस्वामी ने कहा, ‘‘मुफ्त फ्रिज का उद्देश्य गृहिणियों के घरेलू काम का भार कम करना है।’’ पलानीस्वामी की घोषणाएं पार्टी की दिवंगत नेता जे जयललिता की नीति के अनुरूप है, जिन्होंने 2011 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों से पहले अन्नाद्रमुक के चुनावी घोषणापत्र में मुफ्त पंखे, मिक्सर-ग्राइंडर देने की लोकप्रिय योजना की घोषणा की थी।जयललिता ने 2011 में सत्ता में आने पर पूर्व मुख्यमंत्री सी एन अन्नादुरई की जयंती 15 सितंबर पर इन मुफ्त उपहारों का वितरण शुरू किया था।
निवर्तमान विधानसभा की मुख्य विपक्षी पार्टी एआईएडीएमके पहले ही पात्र परिवारों को प्रति वर्ष तीन मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने और जल्लीकट्टू के दौरान बैल को काबू करने वालों की मृत्यु होने की स्थिति में परिवारों को 10 लाख रुपये का अनुग्रह राशि देने का वादा कर चुकी है। एआईएडीएमके ने इसी के साथ कई और चुनावी वादे किये हैं।
पलानीस्वामी ने महिलाओं के लिए पहले ही कई कल्याणकारी उपायों की घोषणा कर दी थी, जैसे कि 2,000 रुपये की मासिक सहायता, पांच लाख कामकाजी महिलाओं को 25,000 रुपये की सब्सिडी के साथ अम्मा दो पहिया वाहन देने, बैंकों से लिए गए शिक्षा ऋण की माफी, बुजुर्गों और अन्य लोगों के लिए सामाजिक सुरक्षा पेंशन को बढ़ाकर 2,000 रुपये करना, पुरुषों के लिए महिलाओं के समान मुफ्त बस यात्रा योजना, ग्रामीण रोजगार योजना को 150 दिनों तक बढ़ाना, और करों के बोझ और मूल्य वृद्धि से निपटने के लिए प्रत्येक परिवार को 10,000 रुपये का एकमुश्त अनुदान का वादा शामिल है।
एआईएडीएमके ने अपने घोषणापत्र में लगभग 297 घोषणाएं की हैं और आखिरी घोषणा ‘‘सेना में शहीद और स्थायी रूप से अशक्त हुए सैनिकों के परिवार के सदस्यों के लिए अनुकंपा नियुक्तियां’’ से संबंधित है। पलानीस्वामी ने पार्टी का घोषणापत्र जारी करते हुए मौजूदा द्रविड़ मुनेत्र कषगम (डीएमके) सरकार पर ‘‘कमीशन, रंगदारी और भ्रष्टाचार’’ में संलिप्त होने का आरोप लगाया। पलानीस्वामी की घोषणा 2006 में तत्कालीन डीएमके अध्यक्ष एम. करुणानिधि द्वारा पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र की याद दिलाती है जिसमें उन्होंने गरीब परिवारों को मुफ्त रंगीन टेलीविजन सेट देने की घोषणा की थी। सत्ता में आने के बाद उन्होंने अन्नादुराई की जयंती पर इस योजना की शुरुआत की थी।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia