बिहार के युवाओं से तेजस्वी ने किया रोजगार का वादा, टोल फ्री नंबर किया जारी

तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षो में नीतीश कुमार अपने राजनीतिक रोजगार के चक्कर में बिहार के करोड़ों नौजवानों को बेरोजगार बनाते चलते गए। और आज जब आगामी चुनाव में हार का खतरा दिखने लगा तो नौकरी का विज्ञापन निकालने का नाटक कर भरमा रहे हैं।

फोटोः सोशल मीडिया
i
user

आईएएनएस

google_preferred_badge

बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने शनिवार को राज्य के बेरोजगारों के लिए बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि अगर महागठबंधन की सरकार बनी तो मेगा ड्राइव चलाकर सभी बेरोजगारों को नौकरी दी जाएगी। तेजस्वी ने प्रदेश के बेरोजगारों के पंजीयन के लिए 'बेरोजगारी हटाओ' नाम से एक वेबपोर्टल और एक टॉल फ्री नंबर भी जारी किया।

आरजेडी नेता ने शनिवार को पटना में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षो में नीतीश कुमार अपने राजनीतिक रोजगार के चक्कर में बिहार के करोड़ों नौजवानों को बेरोजगार बनाते गए। उन्होंने कहा, "आज देश में सबसे ज्यादा बेरोजगारी जो की 46.6 प्रतिशत है, वो बिहार में है। सबसे ज्यादा रोजगार के लिए राज्य से बाहर पलायन बिहार में है, सबसे अधिक गरीबी बिहार में है, यहां आधे से अधिक 52 फीसदी लोग गरीबी मे जी रहे हैं।"

तेजस्वी यादव ने आगे कहा, "पिछले एक साल से मैंने बेरोजगारी हटाने और रोजगार के अवसरों को सृजित करने के लिए सरकार से लगातार मांग की है। नतीजतन, आज आगामी चुनाव में हार का खतरा भांपकर नौकरी का विज्ञापन देने का नाटक कर रहे हैं।" उन्होंने कटाक्ष करते हुए सवालिया लहजे में कहा, "जिस व्यक्ति ने अपने 15 वर्षो के शासनकाल में रोजगार सृजन के प्रति गंभीरता और रुचि नहीं दिखाई, क्या उससे आप उम्मीद कर सकते हैं कि वो एक महीने में आपको नौकरी देगा?"

तेजस्वी ने बेरोजगारों का एक डेटाबेस तैयार करने के लिए एक वेबपोर्टल और टोल फ्री नंबर भी जारी किया। उन्होंने कहा कि वेबपोर्टल पर बेरोजगार अपना बायोडाटा डाल सकते हैं और टोल फ्री नंबर पर फोन कर पंजीयन करा सकते हें। उन्होंने कहा कि अगर आरजेडी की सरकार बनी तो 'मेगा ड्राइव' चलाकर सभी बेरोजगारों को नौकरी दी जाएगी।

आरजेडी नेता ने कहा कि बिहार की सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी है और किसी भी सरकार की पहली, दूसरी, तीसरी और आखिरी प्राथमिकता इसको दूर करना ही होनी चाहिए । उन्होंने वचन देता हुए कहा कि अगर आरजेडी की सरकार बनी तो उनकी प्राथमिकता रोजगार सृजन ही होगी।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia