यूपी चुनाव: पश्चिमी यूपी को साधने में जुटा सत्ता पक्ष और विपक्ष, अखिलेश, सीएम योगी समेत कई बड़े नेताओं ने डाला डेरा

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में दस फरवरी को होने वाले पहले चरण के मतदान में पश्चिमी यूपी को साधने के लिए सत्तारूढ़ दल भाजपा और विपक्षी गठबंधन ने पूरा जोर लगा रखा है।

फोटो: IANS
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान चंद दिन दूर है। पहले चरण में 10 फरवरी को पश्चिम उत्तर प्रदेश में वोट डाले जाने हैं। इससे पहले पश्चिमी यूपी को साधने के लिए सत्तारूढ़ दल भाजपा और विपक्षी गठबंधन ने पूरा जोर लगा रखा है। भाजपा का शीर्ष नेतृत्व जगत प्रकाश नड्डा से लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा डा दिनेश शर्मा लगातार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं। उधर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह अपना चुनाव प्रचार अभियान संयुक्त रूप से शुरू करेंगे। दोनों नेता आज यानी शुक्रवार को मेरठ आएंगे और एनएच-58 पर गॉडविन होटल में संयुक्त प्रेस वार्ता करेंगे। दोनों नेता करीब एक घंटा यहां रहेंगे।

अखिलेश और जयंत पश्चिमी यूपी को साधने की कोशिश करेंगे। भाईचारे का संदेश देंगे। भाजपा पर पलटवार करेंगे। दरअसल, वेस्ट यूपी में भाजपा नेता ताबड़तोड़ दौरे कर रहे हैं, दोनों नेता उसी का जवाब देने की कोशिश में हैं। इससे पहले सात दिसंबर 2021 को दोनों नेता सिवालखास विधानसभा क्षेत्र के दबथुवा में संयुक्त रैली की थी।


वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज मेरठ पहुंच रहे हैं। विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा पार्टी पूरी ताकत के साथ लगी हुई है। प्रत्याशी को जिताने के लिए मुख्यमंत्री भी घर-घर जाकर वोट मांग रहे हैं। इनके साथ भाजपा उत्तर प्रदेश संगठन के साथ शीर्ष नेतृत्व भी लगा है। भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह तथा अन्य पदाधिकारी भी मोर्चे पर डट गए हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ पार्टी के चाणक्य माने जाने वाले वरिष्ठ नेता अमित शाह इन दिनों डोर टू डोर कैम्पेन में लगे हैं। शुक्रवार को भी मथुरा, मेरठ, बागपत में भाजपा नेता पार्टी के प्रत्याशियों के साथ जाकर घर-घर पर लोगों से जनसंपर्क करेंगे।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 28 Jan 2022, 12:52 PM