सहारनपुर से शुरू हुई कांग्रेस की यूपी जोड़ो यात्रा, पहले दिन ही उमड़ी भारी भीड़, BJP को उखाड़ फेंकने का हुआ आह्वान

कांग्रेस की यूपी जोड़ो यात्रा को पहले दिन ही अपार जनसमर्थन मिला। यात्रा में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ कार्यकर्ता और हजारों की संख्या में आम लोग भी शामिल हुए। अजय राय ने कहा कि यूपी जोड़ो यात्रा दिलों को जोड़ने और बीजेपी की नफरती विचारधारा के खिलाफ है।

सहारनपुर से शुरू हुई कांग्रेस की यूपी जोड़ो यात्रा, BJP को उखाड़ फेंकने का हुआ आह्वान
सहारनपुर से शुरू हुई कांग्रेस की यूपी जोड़ो यात्रा, BJP को उखाड़ फेंकने का हुआ आह्वान
user

आस मोहम्मद कैफ

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की कामयाबी के बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस की यूपी जोड़ो यात्रा का आज जबरदस्त आगाज हो गया। यात्रा की शुरुआत सहारनपुर जनपद के गंगोह से हुई। यहां तमाम बड़े नेताओं ने सबसे पहले प्रसिद्ध शाकुम्भरी पीठ से आर्शीवाद प्राप्त किया और उसके बाद अपने 25 दिन के सफर का आगाज किया। हाल के दिनों में कांग्रेस में वापस लौट कर आए इमरान मसूद का यहां जलवा देखने को मिला। सहारनपुर में कांग्रेसियों का जबरदस्त स्वागत हुआ।

इस दौरान कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अजय राय समेत तमाम नेताओं ने बीजेपी को सत्ता से उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में निकाली जा रही यूपी जोडो पदयात्रा का शहर में ही दर्जनों जगह स्वागत हुआ। बेहट से सहारनपुर पहुंचने पर ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के पूर्व सदस्य जावेद साबरी के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया। प्रदेशाध्यक्ष अजय राय ने कांग्रेस कार्यकताओं से एकजुट होकर आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया ताकि बीजेपी को सत्ता से बेदखल किया जा सके।

फोटोः आस मोहम्मद कैफ
फोटोः आस मोहम्मद कैफ

इससे पहले उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय द्वारा सिद्धपीठ मां शाकुम्भरी देवी में पूजा अर्चना कर यूपी जोड़ो यात्रा का शुभारम्भ करने के बाद उनका काफिला जैसे ही सहारनपुर के विजय टाकिज पहुंचा तभी कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष जावेद साबरी के नेतृत्व में कांग्रेस जनों की भारी भीड़ ने गगनभेदी नारों के साथ बड़ी माला पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया। 

मौके पर अजय राय ने कहा कि कांग्रेस द्वारा सहारनपुर की धरती से यूपी जोड़ो यात्रा का शुभारंभ किया गया है ताकि कांग्रेस बीजेपी को सत्ता से उखाड़ कर नफरत के माहौल को समाप्त कर सके। उन्होंने कहा कि बीजेपी के शासन में किसानों को गन्ना मूल्य भुगतान नहीं मिल पा रहा है। गन्ने का दाम नहीं बढ़ रहा है। नौजवानों को रोजगार नहीं मिल पा रहा है। महिलाओं का उत्पीड़न हो रहा है। बीजेपी के विधायक ही महिलाओं का बलात्कार कर रहे हैं और बीजेपी उन्हें बचाने का काम कर रही है। उन्होनें कहा कि कांग्रेस इस पद यात्रा के माध्यम से किसान, मजदूर, व्यापारी, युवा और महिलाओं की समस्याओं को उठाने का काम करेगी।

फोटोः आस मोहम्मद कैफ
फोटोः आस मोहम्मद कैफ

यात्रा के दौरान सांसद इमरान प्रतापगढ़ी, राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत्र, कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना, पूर्व विधायक प्रदीप माथुर, पूर्व मंत्री डा सी पी राय, पूर्व मंत्री सुनील शास्त्री, पूर्व मंत्री जाफर अली नकवी, राष्ट्रीय सचिव प्रदीप निर्वाल और तौकीर आलम, पूर्व विधायक इमरान मसूद, जिलाध्यक्ष चौधरी मुजफ्फर अली, प्रदेश सचि अशोक सैनी, प्रदेश उपाध्यक्ष मकसूद खान, भदोही जिलाध्यक्ष राजन दूबे, सरदार चन्द्रजीत सिंह निक्कू, शायान मसूद, विवेकान्त समेत भारी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

फोटोः आस मोहम्मद कैफ
फोटोः आस मोहम्मद कैफ

भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर यूपी कांग्रेस ने 20 दिसंबर से यूपी जोड़ो यात्रा प्रारम्भ की है। 25 दिन की यह यात्रा सहारनपुर से शुरू होकर नेमिषारण्य तक जाएगी। यह यात्रा बताती है कि कांग्रेस अब 2024 लोकसभा चुनावों की तैयारी में जुट गयी है। इस यात्रा के जरिये कांग्रेस वेस्ट यूपी के साथ रूहेल खण्ड में सियासी हवा का रूख भांपने के साथ ही संगठन को मजबूत करने का प्रयास करेगी। इस यात्रा के दौरान ही नुक्कड़ सभाएं, रैलियां और प्रशिक्षण शिविर का आयोजन होगा। वहीं यात्रा में शामिल होने के लिए पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी को न्यौता भी प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा भेजा गया है।

यूपी कांग्रेस के महासचिव अनिल यादव ने बताया कि यूपी में संगठन को मजबूत करने के लिए प्रदेश कांग्रेस ने 20 दिसम्बर से पदयात्रा आरंभ की है। यह यात्रा सहारनपुर से शुरू होकर मुज्जफरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर, खीरी, सीतापुर होते हुए लखनऊ में समाप्त होगी। 25 दिवसीय इस यात्रा में पार्टी कार्यकर्ता पैदल चलकर लोगों की समस्याओं को सुनेंगे साथ ही लोगों से कांग्रेस से जुड़ने की अपील करेंगे। साथ ही बीजेपी सरकार द्वारा किये गए वादों और लाभकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत भी लोगों को बताई जाएगी।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia