खांटी कांग्रेसी सुभाष चोपड़ा को मिली दिल्ली कांग्रेस की कमान, कीर्ति आजाद को प्रचार समिति की जिम्मेदारी

कांग्रेस पार्टी ने लंबे विचार-विमर्श के बाद बुधवार को वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुभाष चोपड़ा को दिल्ली प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त करने का फैसला लिया है। इसके साथ ही पार्टी ने कीर्ति आजाद को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार समिति की कमान सौंपी है।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

इसी साल 20 जुलाई को पूर्व सीएम शीला दीक्षित के निधन के बाद से खाली पड़े दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पद के लिए पार्टी ने वरिष्ठ नेता सुभाष चोपड़ा पर भरोसा जताते हुए उन्हें जिम्मेदारी सौंपने का ऐलान किया है। साथ ही कांग्रेस ने पूर्व लोकसभा सांसद कीर्ति आजाद को आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की प्रचार समिति का प्रमुख बनाया है।

लंबे इंतजार के बाद बुधवार को दिल्ली कांग्रेस के नये अध्यक्ष के तौर पर नियुक्त किए गए सुभाष चोपड़ा खांटी कांग्रेसी हैं और दिल्ली के ही निवासी भी हैं, जिस कारण वह दिल्ली की हर राजनीतिक नब्ज से वाकिफ हैं। माना जा रहा है कि सुभाष चोपड़ा की नियुक्ति विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश में कांग्रेस को एकजूट करने में बड़ी भूमिका निभाएगी। सुभाष चोपड़ा पहले भी दिल्ली कांग्रेस के प्रमुख रहने के साथ ही दिल्ली विधानसभा के स्पीकर भी रह चुके हैं।


कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुभाष चोपड़ा साल 1998, 2003, 2008 और 2013 में दिल्ली की कालका विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं। सुभाष चोपड़ा जून 2003 से दिसंबर 2003 के बीच दिल्ली विधानसभा के स्पीकर भी रहे हैं। साल 1968 में छात्र राजनीति से शुरुआत कर कांग्रेस से जुड़ने वाले सुभाष चोपड़ा दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी में कई पदों पर रहे हैं। वह दिल्ली कांग्रेस में सचिव, कोषाध्य्क्ष और महासचिव के अलावा उपाध्यक्ष पद पर भी काम कर चुके हैं। इसी दौरान वह बीच में वह दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष का पद भी संभाल चुके हैं। साल 2013 में वह विधानसभा चुनाव के दौरान प्रचार समिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।

वहीं दिल्ली कांग्रेस की प्रचार समिति के प्रमुख बनाए गए पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री भगवत झा आजाद के बेटे हैं। वह बिहार के दरभंगा से लगातार कई बार बीजेपी के टिकट पर चुनाव जीतते रहे हैं। बीते लोकसभा चुनाव से पहले उन्होंने मोदी सरकार की नीतियों के विरोध में बीजेपी से इस्तीफा दे दिया था और कांग्रेस में शामिल गए थे।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 23 Oct 2019, 10:28 PM