निशांत कुमार को अगला सीएम बनाएंगे... जेडीयू के विधायकों के दावे से बिहार में सियासी हलचल तेज

जेडीयू में शामिल होने के बाद मीडिया ने कई बार उनसे सीएम बनने को लेकर सवाल किया, लेकिन उन्होंने हर बार सवाल को टाल दिया। लेकिन अब जेडीयू के कई विधायक खुलकर निशांत को सीएम बनाने की बात कहने लगे हैं, जिससे बिहार में सियासी हलचल बढ़ गई है।

निशांत कुमार को अगला सीएम बनाएंगे... जेडीयू के विधायकों के दावे से बिहार में सियासी हलचल तेज
i
user

नवजीवन डेस्क

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने जब से जेडीयू की सदस्यता ग्रहण की है, तब से ही राजनीति के गलियारों में यह बहस छिड़ गई है कि क्या नीतीश कुमार के बाद निशांत प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री बनेंगे। हालांकि, कभी भी सीएम बनने को लेकर निशांत कुमार ने कुछ नहीं कहा। मीडिया के सवालों से भी बचते नजर आए। लेकिन, अब जेडीयू के कुछ नेताओं की ओर से निशांत कुमार को प्रदेश का अगला सीएम बनाने की वकालत तेज हो गई है।

दरअसल गुरुवार को निशांत कुमार अपने पैतृक गांव कल्याण विगहा पहुंचे थे, जहां सीएम बनने वाले सवाल को निशांत कुमार ने तो टाल दिया। लेकिन जेडीयू विधायक रुहैल रंजन और चेतन आनंद ने दावा किया कि ग्रामीणों की जो इच्छा है, उसे पूरा किया जाएगा। निशांत कुमार को बिहार का अगला सीएम बनाएंगे।

निशांत कुमार ने अपने गांव में ग्रामीण महिलाओं से मुलाकात की और सभी से आशीर्वाद भी मांगा। निशांत कुमार ने कहा कि वह गांव के लोगों के साथ दादा-दादी का आशीर्वाद लेने के लिए आए हैं। उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि वे अपने पिता के विकास कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। बस जनता का आशीर्वाद चाहिए, ताकि मनोबल बना रहे।


इसी दौरान गांव में ग्रामीण महिलाओं ने निशांत कुमार को सीएम बनाने की मांग की। जेडीयू विधायक रुहैल रंजन ने कहा कि बिहार के अगले मुख्यमंत्री निशांत कुमार होने चाहिए। वे पढ़े-लिखे हैं और इंजीनियर हैं। बहुत ही सरल स्वभाव के हैं। हम लोग उन्हें सीएम बनाएंगे। वे बहुत मेहनती हैं। वहीं जेडीयू विधायक चेतन आनंद ने कहा कि निशांत कुमार अपने गांव आए हैं और उन्हें सभी का आशीर्वाद मिल रहा है। बिहार की जनता का आशीर्वाद भी है। हम लोग निशांत कुमार को सीएम बनाएंगे।

हाल ही में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले ने प्रदेश के लोगों को चौंका दिया। जब नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने की इच्छा जाहिर की, तो जेडीयू कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। कार्यालय में तोड़फोड़ हुई। सड़कों पर नीतीश कुमार के समर्थन में कार्यकर्ता जमा हुए। हालांकि, सीएम ने वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक में कार्यकर्ताओं के गुस्से को शांत करने का प्रयास करते हुए कहा कि वे भले ही दिल्ली जाएंगे, लेकिन बिहार के विकास कार्यों में हमेशा योगदान देते रहेंगे, इसीलिए किसी को घबराने की जरूरत नहीं है।


हालांकि, फिर भी कार्यकर्ता संतुष्ट नहीं हैं। इसके बाद जो लंबे समय से मांग थी, वह एक बार फिर तेज हो गई कि निशांत कुमार को पार्टी में लाया जाए। आखिरकार, निशांत कुमार ने जेडीयू के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में पार्टी का दामन थाम लिया। जेडीयू में शामिल होने के बाद मीडिया ने कई बार उनसे सीएम बनने को लेकर सवाल किया, लेकिन उन्होंने हर बार सवाल को टाल दिया। लेकिन अब जेडीयू के कई विधायक खुलकर निशांत को सीएम बनाने की बात कहने लगे हैं, जिससे बिहार में सियासी हलचल बढ़ने की संभावना है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia