खेल: शुभमन की कप्तानी पर आकाश चोपड़ा ने उठाए सवाल और विकेट के लिए संघर्ष कर रहे रबाडा

पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने इस हार के बाद जीटी के कप्तान शुभमन गिल की कप्तानी पर सवाल उठाया है। रबाडा हाल के सीजनों में संघर्ष करते नजर आए हैं।

शुभमन की कप्तानी पर आकाश चोपड़ा ने उठाए सवाल
i
user

नवजीवन डेस्क

आईपीएल 2026: गुजरात टाइटंस की हार के बाद शुभमन की कप्तानी पर आकाश चोपड़ा ने उठाए सवाल

आईपीएल 2026 में मंगलवार को पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस (जीटी) के बीच न्यू चंडीगढ़ में मैच खेला गया। इसमें जीटी को हार का सामना करना पड़ा। पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने इस हार के बाद जीटी के कप्तान शुभमन गिल की कप्तानी पर सवाल उठाया है।

 जियोहॉटस्टार पर आकाश चोपड़ा ने कहा, "गिल के बॉलिंग प्लान हैरान करने वाले थे। जब गेम लगभग खत्म हो गया था, तब भी सिराज के दो ओवर बाकी थे, और प्रसिद्ध कृष्णा को काफी देर से लाया गया। कुल मिलाकर, शुभमन गिल की कप्तानी में भी थोड़ी कमी रह गई।"

उन्होंने शीर्ष क्रम बल्लेबाजों पर बहुत ज्यादा निर्भरता के बारे में भी चिंता जताई क्योंकि मध्यक्रम और निचले क्रम गुजरात टाइटंस के लिए जरूरी रन नहीं बना रहे हैं।

आकाश ने कहा, "गुजरात टाइटंस के लिए, टॉप तीन को अच्छा खेलना होगा क्योंकि वे खुद को कोई दूसरा तरीका सोचने का मौका नहीं दे रहे हैं। बहुत से लोग इस पर यकीन नहीं करेंगे, लेकिन ग्लेन फिलिप्स का 25 रन असल में आईपीएल में अब तक का उनका सबसे बड़ा स्कोर है। आप चाहेंगे कि वह लगातार और योगदान दें, और वाशिंगटन सुंदर को भी तेजी से रन बनाने की जरूरत है क्योंकि वह थोड़ा अटका हुआ लग रहा था। शाहरुख खान को उन्होंने टीम में रखा है, लेकिन मुझे लगा कि कुमार कुशाग्र को जगह दी जा सकती है। जीटी को अपने 4, 5 और 6 नंबर पर सोचने की जरूरत है।"

विकेट के लिए संघर्ष कर रहे रबाडा, पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने दिया डेथ ओवर में सफलता का मंत्र

गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने मंगलवार को पंजाब किंग्स के विरुद्ध 34 रन देकर 1 विकेट निकाला। पूर्व भारतीय बल्लेबाज अंबाती रायडू का मानना ​​है कि डेथ ओवर्स में अपनी गेंदबाजी की धार वापस पाने के लिए रबाडा को यॉर्कर गेंदबाजी की कला को फिर से हासिल करना होगा।

आईपीएल 2020 में पर्पल कैप हासिल करने वाले रबाडा हाल के सीजनों में संघर्ष करते नजर आए हैं। रबाडा ने आईपीएल 2023 में 6 मुकाबले खेले, जिसमें 7 विकेट हासिल किए, जिसके बाद आईपीएल 2024 में 11 मुकाबलों में 11 विकेट निकाले। आईपीएल 2025 में रबाडा 4 मैच खेले, लेकिन सिर्फ 2 ही सफलता प्राप्त कर सके।

अंबाती रायडू ने 'ईएसपीएनक्रिकइन्फो' पर कहा, "मुझे लगता है कि रबाडा के बारे में हमने पिछले कुछ वर्षों में एक बात गौर की है, जैसा कि (डेल स्टेन) भी करते थे, वह क्रॉस-सीम वाली आउटस्विंगर गेंद फेंकते थे, जो कुछ-कुछ बेसबॉल जैसी लगती थी। अपने करियर की शुरुआत में, जब वह 'सीम-अप' गेंदबाजी करते थे, तब वह बहुत अच्छी यॉर्कर गेंद फेंकते थे, लेकिन क्या उन्होंने अब क्रॉस-सीम गेंदबाजी बहुत ज्यादा शुरू कर दी है? इसकी वजह से वह अपनी यॉर्कर गेंद की धार खो बैठे हैं।"


पोंटिंग ने मुझे आक्रामक खेलने को कहा था : आईपीएल में शानदार पदार्पण के बाद कोनोली

गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच के जरिये आईपीएल में पदार्पण करने वाले पंजाब किंग्स के बल्लेबाज कूपर कोनोली ने कहा कि मुख्य कोच रिकी पोंटिंग ने उन्हें आक्रामक खेलने की सलाह दी थी जबकि वह कप्तान श्रेयस अय्यर से भी सीखने को बेताब हैं ।

कोनोली ने 44 गेंद में नाबाद 72 रन बनाकर पंजाब को जीत दिलाई ।

कोनोली ने जियोस्टार से कहा ,‘‘ मैं सुबह उठा तो नर्वस था जिससे मुझे खुशी भी हुई । मुझे अपनी ओर से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का इंतजार था ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ रिकी पोंटिंग ने मुझसे शांतचित्त होकर खेलने को कहा । उन्होंने मुझसे आक्रामक बल्लेबाजी के लिये कहा । यह शानदार टीम प्रयास था । हमने बहुत अच्छी गेंदबाजी की थी जिससे चीजें आसान हो गई ।’’

कोनोली ने कहा ,‘‘ मैं श्रेयस अय्यर के साथ बल्लेबाजी करके सीखना चाहता था । वह विश्व स्तरीय खिलाड़ी हैं । मैने आस्ट्रेलिया ए और आस्ट्रेलिया के लिये उनके खिलाफ खेला है । मैं उनसे अधिक से अधिक सीखने की कोशिश करूंगा।’’

अभिषेक, ईशान टी20 रैंकिंग में शीर्ष दो स्थानों पर

भारत के आक्रामक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और ईशान किशन आईसीसी टी20 खिलाड़ियों की बुधवार को जारी रैंकिंग में शीर्ष दो स्थानों पर बने हुए हैं।

अभिषेक 875 अंक के साथ शीर्ष पर हैं जबकि ईशान के 871 अंक हैं। तिलक वर्मा छठे और भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव सातवें स्थान पर हैं।

इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर आठवें और न्यूजीलैंड के टिम सीफर्ट नौवे स्थान पर हैं।

दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज कोनोर एस्टरहुइजेन ने जबर्दस्त छलांग लगाई है और पहले वह शीर्ष सौ से बाहर थे लेकिन अब 39वें स्थान पर हैं।

गेंदबाजों में अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान शीर्ष पर हैं जबकि भारतीय स्पिनर वरूण चक्रवर्ती दूसरे और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पांचवें स्थान पर हैं।

हरफनमौलाओं की सूची में जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा शीर्ष पर हैं जबकि हार्दिक पंड्या दूसरे स्थान पर हैं।


तीन टी20 मैच की श्रृंखला के लिए जिम्बाब्वे का दौरा करेगा भारत

विश्व चैंपियन भारत इस साल जुलाई में तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला खेलने के लिए जिम्बाब्वे का दौरा करेगा।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने बुधवार को एक बयान में बताया कि भारतीय पुरुष टीम 23, 25 और 26 जुलाई को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में जिम्बाब्वे की टीम के खिलाफ तीन मैच खेलेगी।

यह भारत और जिम्बाब्वे के बीच 2026-27 सत्र के लिए निर्धारित की गई दो द्विपक्षीय श्रृंखलाओं में से पहली श्रृंखला होगी। जिम्बाब्वे अगले साल के शुरू में तीन वनडे मैच की श्रृंखला के लिए भारत का दौरा करेगा। यह मैच तीन, छह और नौ जनवरी को क्रमशः कोलकाता, हैदराबाद और मुंबई में खेले जाएंगे।

भारत ने पिछले महीने अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप जीता था। इससे पहले भारत 2024 और 2007 में भी टी20 विश्व कप जीत चुका है।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia