खेल: अभिनव बिंद्रा बोले- आत्मविश्वास जगाने वाली शिक्षा प्रणाली की जरूरत और जिम्बाब्वे को लगा बड़ा झटका

ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा ने नीट परीक्षा में अनियमितताओं के खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच बृहस्पतिवार को कहा कि देश को एक ऐसी शिक्षा प्रणाली की जरूरत है जो ‘आत्मविश्वास जगाए।’

अभिनव बिंद्रा बोले- आत्मविश्वास जगाने वाली शिक्षा प्रणाली की जरूरत
i

आत्मविश्वास जगाने वाली शिक्षा प्रणाली की जरूरत: अभिनव बिंद्रा

भारत के पहले व्यक्तिगत ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा ने नीट परीक्षा में अनियमितताओं के खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच बृहस्पतिवार को कहा कि देश को एक ऐसी शिक्षा प्रणाली की जरूरत है जो ‘आत्मविश्वास जगाए।’

बिंद्रा ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन पर प्रत्यक्ष टिप्पणी करने से परहेज किया, लेकिन एक पारदर्शी और योग्यता-आधारित प्रणाली की जरूरत पर जोर दिया।

उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, ‘‘मैंने कभी खुद को राजनीतिक व्यक्ति नहीं माना। लेकिन मेरा मानना ​​है कि चाहे फिर हम किसी भी पक्ष के हों, कुछ मुद्दे हम सभी से जुड़े हुए हैं। शिक्षा उनमें से एक है।’’

बिंद्रा ने कहा, ‘‘किसी राष्ट्र का आकलन केवल उसकी अर्थव्यवस्था या उसकी उपलब्धियों से नहीं, बल्कि इससे होती है कि उसने अपने युवाओं के लिए कितने अवसर सृजित किए। एक ऐसी शिक्षा प्रणाली किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत में से एक है, जो आत्मविश्वास जगाती है, योग्यता को सम्मानित करती है और जिज्ञासा को बढ़ाती है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उम्मीद है कि हम सभी एकजुट होकर अपनी शिक्षा प्रणाली को लगातार मजबूत करने के लिए मिलकर काम करेंगे, ताकि वह भावी पीढ़ियों के लिए अवसर, नवाचार और आशा का स्रोत बनी रहे।’’

जिम्बाब्वे को लगा बड़ा झटका, भारत के खिलाफ टी-20 सीरीज से बाहर हुए मिल्टन शुम्बा

भारत के खिलाफ टी-20 सीरीज के आगाज से पहले जिम्बाब्वे को बड़ा झटका लगा है। टीम के बल्लेबाज मिल्टन शुम्बा हैमस्ट्रिंग की इंजरी के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। 

शुम्बा की जगह पर इनोसेंट काइया को जिम्बाब्वे टीम में बतौर रिप्लेसमेंट शामिल किया गया है। शुम्बा का मंगलवार को स्कैन हुआ था, जिसके बाद उनकी इंजरी की गंभीरता का पता लगा। बांग्लादेश के खिलाफ हुई टी-20 सीरीज में शुम्बा टीम का हिस्सा रहे थे और उन्होंने सभी मुकाबले खेले थे। उनकी साल 2022 के बाद टीम में वापसी हुई थी।

 शुम्बा की जगह पर स्क्वॉड में शामिल किए गए इनोसेंट काइया ने अपना आखिरी टी20 इंटरनेशनल मुकाबला जुलाई 2024 में भारत के खिलाफ हरारे के मैदान पर ही खेला था। वह जिम्बाब्वे की तरफ से अब तक 19 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 104 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 290 रन बनाए हैं। क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में उन्होंने महज एक अर्धशतक लगाया है। काइया गुरुवार से शुरू हो रही टी20 सीरीज से पहले ही टीम से जुड़ गए हैं। सीरीज का दूसरा मुकाबला 25 और तीसरा टी20 इंटरनेशनल मैच 26 जुलाई को खेला जाना है।


पाकिस्तान अगले साल क्रिकेट विश्व कप से पहले इंग्लैंड के साथ पांच वनडे मैच खेलेगा

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने बृहस्पतिवार को बताया कि उनकी टीम दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में होने वाले आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप से पहले अगले साल इंग्लैंड के साथ पांच मैच की वनडे सीरीज खेलेगी

यह सीरीज 15 से 26 मई तक इंग्लैंड में खेली जाएगी। पीसीबी ने कहा कि यह सीरीज चार अक्टूबर से 21 नवंबर तक होने वाले विश्व कप से पहले दोनों टीमों के लिए अच्छी तैयारी साबित होगी।

पाकिस्तान अब आईसीसी वनडे टीम रैंकिंग में पांचवें स्थान पर है जबकि इंग्लैंड सातवें स्थान पर है।

पाकिस्तान ने पिछली बार 2021 में वनडे सीरीज के लिए इंग्लैंड का दौरा किया था।

इंग्लैंड इस साल नवंबर में पाकिस्तान का दौरा भी करेगा जिसमें श्रीलंका के साथ एक त्रिकोणीय सीरीज भी खेली जाएगी।

सर्जरी से गुजरेंगे स्पेन को वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाले कप्तान रोड्री: रिपोर्ट

स्पेन को अपनी कप्तानी में फीफा वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जिताने वाले रोड्री को एक बार फिर चोट की वजह से लंबे समय तक फुटबॉल से दूर रहना पड़ सकता है। रोड्री पीठ की इंजरी से जूझ रहे हैं और खबरों के मुताबिक अब वह सर्जरी से गुजरेंगे।

 रोड्री की इंजरी ने स्पेन और मैनचेस्टर सिटी क्लब की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रोड्री का प्रदर्शन विश्व कप में शानदार रहा था और उन्होंने स्पेन को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। रोड्री ने टीम के मिडफील्ड को मजबूती प्रदान की थी, जिसके लिए उन्हें टूर्नामेंट का बेस्ट खिलाड़ी भी चुना गया था। रोड्री 'गोल्डन बॉल' पुरस्कार जीतने में सफल रहे थे।

 हालांकि, पिछले कुछ समय से रोड्री लगातार चोटों से जूझ रहे हैं। सितंबर 2024 में उन्हें लिगामेंट में गंभीर चोट लगी थी, जिसके कारण वह लगभग पूरा 2024-25 सीजन नहीं खेल सके थे। इसके बाद हैमस्ट्रिंग और ग्रोइन की समस्याओं ने भी उनकी वापसी को मुश्किल बना दिया था। पिछले सीजन में वह सभी प्रतियोगिताओं में सिर्फ 33 मैच ही खेल पाए और प्रीमियर लीग में केवल 17 मैचों में शुरुआती एकादश का हिस्सा रहे।


ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में बांग्लादेश टीम का हिस्सा नहीं होंगे इबादत हुसैन

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अगले महीने होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज में बांग्लादेश के तेज गेंदबाज इबादत हुसैन हिस्सा नहीं लेंगे। इबादत की पत्नी गर्भवती हैं और वह जल्द ही पहले बच्चे को जन्म देने वाली हैं। इसी कारण इबादत इस सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं होंगे।

 बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज 13 अगस्त से होना है। सीरीज का पहला मुकाबला डार्विन में खेला जाना है। वहीं, दूसरे टेस्ट मुकाबले की शुरुआत 22 अगस्त से होगी। यह सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा होगी। आईसीसी की एक रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेश के तेज गेंदबाज तस्कीन अहमद ने ऑस्ट्रेलिया दौरे की तैयारी के लिए लंका प्रीमियर लीग (एलपीएल) से अपना नाम वापस ले लिया है। तस्कीन को एलपीएल में जाफना किंग्स की तरफ से खेलना था, लेकिन उन्होंने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर ध्यान केंद्रित करने का फैसला किया है।

 तस्कीन ने 'द डेली सन' से बातचीत में बताया कि उन्होंने यह फैसला मुख्य रूप से ऑस्ट्रेलिया दौरे की तैयारी को ध्यान में रखते हुए लिया है। उन्होंने कहा, "हमने जिम्बाब्वे में लगातार छह मैच खेले थे। अगर मैं वहां से लौटकर तुरंत ऑस्ट्रेलिया चला जाता, तो शायद मुझे एलपीएल में सिर्फ चार मैच खेलने का मौका मिलता। इससे मेरी टेस्ट मैचों की तैयारी प्रभावित हो सकती थी।"

आईएएनएस और पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए