अजिंक्य रहाणे ने इंटरनेशनल क्रिकेट को कहा अलविदा, भावुक वीडियो शेयर कर किया संन्यास का ऐलान
अजिंक्य रहाणे ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। इंस्टाग्राम पर भावुक वीडियो शेयर कर उन्होंने फैसले की वजह बताई और सभी का आभार जताया।

टीम इंडिया के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। रहाणे ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'इंस्टाग्राम' पर एक भावुक वीडियो शेयर करते हुए इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहने का यही सही समय है।
'हर शुरुआत का एक अंत होता है'
वीडियो में रहाणे ने कहा, "जिंदगी की सच्चाई यह है कि हर चीज की एक शुरुआत होती है और हर चीज का एक अंत होता है। जब समय आता है, तो आपको उसका सम्मान करना चाहिए और आगे बढ़ना चाहिए। मैंने हमेशा अपनी बैटिंग में टाइमिंग पर भरोसा किया है और आज मुझे लगता है कि इंटरनेशनल क्रिकेट और सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने का यही सही समय है।"
उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र के ठाणे जिले के डोंबिवली से निकलकर भारतीय टीम तक का उनका सफर किसी सपने के सच होने जैसा रहा। रहाणे ने कहा कि उन्होंने हमेशा पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ क्रिकेट खेला। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि खेल के साथ उनका रिश्ता अभी खत्म नहीं हुआ है। इस दौरान उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई), मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन, अपनी सभी आईपीएल फ्रेंचाइजियों, परिवार और पत्नी राधिका का साथ देने के लिए आभार जताया।
भारत के लिए शानदार रहा करियर
अजिंक्य रहाणे ने भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 38 की औसत से 5,077 रन बनाए, जिसमें 12 शतक और 26 अर्धशतक शामिल रहे। वहीं, वनडे क्रिकेट में उन्होंने 35 की औसत से 2,962 रन बनाए, जिसमें 3 शतक और 24 अर्धशतक शामिल हैं।
टी20 इंटरनेशनल में रहाणे ने 113 के स्ट्राइक रेट से 375 रन बनाए। इसके अलावा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में उन्होंने छह अलग-अलग फ्रेंचाइजियों की ओर से 212 मुकाबले खेले और घरेलू व फ्रेंचाइजी क्रिकेट में भी अपनी अलग पहचान बनाई।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
